भारत में हर साल औसतन 3,880 अरब घन मीटर वर्षा होती है, लेकिन वाष्पण और प्राकृतिक क्षरण के बाद वास्तव में उपलब्ध जल घटकर केवल 1,999.20 अरब घन मीटर रह जाता है। इसी सीमित जल संसाधन पर बढ़ते दबाव को देखते हुए राष्ट्रीय एकीकृत जल संसाधन विकास आयोग ने चेतावनी दी है कि वर्ष 2050 तक केवल सिंचाई के लिए ही पानी की मांग 807 अरब घन मीटर तक पहुंच सकती है।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि ग्रामीण इलाकों में जल उपलब्धता की स्थिति गंभीर है। गांवों में उपलब्ध पानी का 80-90% हिस्सा खेती में चला जाता है। शेष पानी घरेलू उपयोग और पशुपालन में खर्च होता है। भविष्य के लिए भी जल बचाना होता है। ये आंकड़े उस आसन्न जल संकट की आहट हैं, जो गुपचुप तरीके से हमारे दरवाजे पर खड़ा है।
ये भी पढे़ं : ग्राम सभा बनी रस्म अदायगी, 55% ग्रामीण काम-धंधे में इतने उलझे कि छूट गई भागीदारी, सर्वे में खुलासा
पानी के बही-खाते में छिपी जल-सुरक्षा
अब सवाल यह है कि इस संकट से निपटने का रास्ता क्या है? क्या सिर्फ नए बांध बनाने से काम चलेगा? या नलों की संख्या बढ़ाने से? विशेषज्ञ कहते हैं कि इन सबके साथ काम नहीं चलेगा। इस चुनौती का रास्ता है पानी की वास्तविक मांग को समझना, आपूर्ति को नापना और दोनों के बीच संतुलन बनाना। यही है जल बजटिंग का मूल विचार।
कोई परिवार जिस तरह अपनी आमदनी और खर्च का बही-खाता रखता है, वैसे ही कोई गांव, प्रखंड या जलक्षेत्र अपने पानी का हिसाब रख सकता है। कहां से कितना पानी आया - बारिश से, भूजल से, या फिर बहाव से, और कितना पानी कहां गया - खेतों में, घरों में, पशुओं के लिए, या फिर उद्योगों में। यह लेखा-जोखा ही जल बजटिंग कहलाता है। इससे पता चलता है कि कहां पानी ज्यादा है, और कहां इसकी कमी है। कौन-सी फसल की खेती उस मौसम में उपलब्ध पानी के अनुकूल होगी, और कौन-सी नहीं। किसान को कब बोना चाहिए और कब बुआई नहीं करनी चाहिए!
ये भी पढे़ं : युद्ध, व्यापारिक बाधाएं और जलवायु परिवर्तन - भारत को लचीली व आत्मनिर्भर खेती के लिए चाहिए कृषि का नया रोडमैप
हिवरे बाजार : गांव जिसने बदला इतिहास
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक गांव है - हिवरे बाजार। 1970 के दशक में इस गांव के लोग पानी के लिए तरसते थे। गर्मी बढ़ने के साथ ही कुएं सूखने लगते, खेत दरकने लगते और पलायन की धूल सड़कों पर उड़ती दिखाई देती। लेकिन, आज हिवरे बाजार गांव उस सवाल का जवाब बन गया है, जो पूरा देश पूछ रहा है - 'जब पानी कम हो, तो क्या करें?' इसका सीधा-सा जवाब है - हिसाब रखो। पानी की बूंद-बूंद का हिसाब!
हिवरे बाजार की कहानी सिर्फ एक गांव की नहीं है, बल्कि यह उस संभावना की कहानी है, जो हर सूखे गांव में छिपी हुई है। दशकों की प्यास झेलने के बाद इस गांव ने एक रास्ता चुना है, वह है समुदाय के नेतृत्व में जल प्रबंधन। वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, वाटरशेड विकास जैसे कामों को यहां एक साथ जोड़ दिया गया। इनमें सबसे महत्वपूर्ण रहा कि ग्रामसभा में हर साल जल बजट तैयार होने लगा।
ये भी पढे़ं : स्वच्छ ऊर्जा के लिए दोगुना निवेश जरूरी, तेज निवेश के बिना 2050 तक नेट-जीरो लक्ष्य कठिन
जल बजट के आधार पर किसानों को बताया जाने लगा कि इस साल कितना पानी है और उसके हिसाब से कौन-सी फसल लगाएं। गहरे बोरवेल पर प्रतिबंध लगा दिया गया ताकि भूजल का अंधाधुंध दोहन रुके। नतीजा यह हुआ कि सामान्य से कम बारिश में भी गांव जल-सुरक्षित बना रहता है।
हिवरे बाजार के इस मॉडल ने इतनी गहरी छाप छोड़ी है कि महाराष्ट्र सरकार ने हर साल 5,000 गांवों को जल-सुरक्षित बनाने का लक्ष्य लेकर इसे राज्य-स्तरीय सूखा-रोधी नीति में शामिल कर लिया है।
सरकारी योजना से पंचायतों में जल-क्रांति
केंद्र सरकार भी इस दिशा में लगातार बड़े कदम उठा रही है। वर्ष 2019 में शुरू हुई अटल भूजल योजना ने ग्राम पंचायत को जल शासन की इकाई बनाया है। गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत सात राज्यों के 229 ब्लॉकों में यह योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में वे ब्लॉक चुने गए हैं, जहां भूजल तेजी से घट रहा था। वर्ष 2023-24 और 2024-25 के आकलन में उत्साहजनक परिणाम सामने आए और 229 में से 180 ब्लॉकों में भूजल स्तर में सुधार देखा गया है।
ये भी पढे़ं : 'अटरली बटरली' से ₹1 लाख करोड़ के सफर तक सहकारिता ने अमूल को कैसे बनाया डेयरी दिग्गज व भारत की राष्ट्रीय पहचान
इस योजना के तहत अब तक 8,203 ग्राम पंचायतों में जल बजट तैयार हो चुके हैं। गुजरात में 1,873, हरियाणा में 1,647, कर्नाटक में 1,199, महाराष्ट्र में 1,133, राजस्थान में 1,132, मध्य प्रदेश में 670 और उत्तर प्रदेश में 549 पंचायतें इस काम में जुटी हैं।
मार्च 2026 तक लगभग 81,700 जल संरक्षण और पुनर्भरण संरचनाएं बन चुकी हैं या उनका जीर्णोद्धार हुआ है, जिनमें गोकट्टे, बावड़ी, जोहड़, टांका, कल्याणी और डिग्गी जैसी सदियों पुरानी संरचनाएं भी हैं।
ये भी पढे़ं : ग्रामीण ई-कॉमर्स की अधूरी कहानी - खरीदार ज्यादा, विक्रेता कम; ऑनलाइन बाजार में गांवों की कैसे बनेगी जगह
1.25 लाख से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही, लगभग 9 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई, स्प्रिंकलर सिंचाई, मल्चिंग और फसल विविधीकरण जैसे टिकाऊ खेती के उपाय अपनाए गए हैं।
राजस्थान की रेत में नई उम्मीद
रेत के टीलों और चटकती धूप के लिए मशहूर राजस्थान में पानी हमेशा से संघर्ष का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां बारिश अनिश्चित रहती है और कभी अतिवृष्टि तो कभी सूखे की मार झेलनी पड़ती है।
भूजल स्तर भी लगातार गिर रहा है। वर्ष 2016 में राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान शुरू किया। इसकी नींव 'फोर वाटर्स कॉन्सेप्ट' पर रखी गई थी, जिसमें वर्षा जल, भूजल, भूमिगत जल और मिट्टी की नमी को एक साथ संरक्षित करने की रणनीति शामिल है।
ये भी पढे़ं : स्वामित्व योजना में 3.30 लाख गांवों का ड्रोन सर्वे, 3.14 करोड़ संपत्ति कार्ड जारी, 135 लाख करोड़ की संपत्ति उजागर
इस अभियान की बड़ी खूबी ग्रामसभा में जल बजटिंग को संस्थागत रूप देना रहा है। इससे गांव खुद तय करने लगे कि पीने का पानी कितना, खेती के लिए कितना, मवेशियों के लिए कितना देना है। परिणाम जल्द ही जमीन पर दिखने लगे।
केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, भूजल स्तर में लगभग 4% वृद्धि हुई। फसल उत्पादकता भी बढ़ी है। साथ ही, 41 लाख लोगों और 45 लाख पशुओं के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है।
ये भी पढे़ं : शर्तों में उलझी एमएसपी पर फसल खरीद - दलहन-तिलहन खरीद में बड़ा पेंच, नियमों के जाल ने बढ़ाई किसानों की मुश्किल
डिजिटल तकनीक ने थामा किसान का हाथ
जल बजटिंग को जमीन तक ले जाने में एक डिजिटल साथी भी काम कर रहा है, जिसका नाम 'वरुणी वेब एप्लिकेशन' है। यह एप्लिकेशन भारत-जर्मन द्विपक्षीय परियोजना 'वाटर सिक्योरिटी एंड क्लाइमेट एडेप्टेशन इन रूरल इंडिया' (डब्ल्यूएएससीए) के तहत विकसित की गई है। जल शक्ति मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय और नीति आयोग इसके साझेदार हैं।
वरुणी ब्लॉक स्तर पर जल बजट तैयार करती है। यह सरकारी पोर्टलों से स्वचालित रूप से वर्षा, भूमि उपयोग, फसल पैटर्न, जनसंख्या और जल संसाधन का डेटा लेती है और एक तैयार जल बजट रिपोर्ट देती है, जो बताती है कि उस ब्लॉक में पानी अधिक है या कम। स्थानीय अधिकारी इस जानकारी से सटीक योजना बना सकते हैं।
ये भी पढे़ं : शर्तों में उलझी एमएसपी पर फसल खरीद - दलहन-तिलहन खरीद में बड़ा पेंच, नियमों के जाल ने बढ़ाई किसानों की मुश्किल
जलयुक्त शिवार ने गांवों की बुझाई प्यास
वर्ष 2014 में शुरू हुए महाराष्ट्र के 'जलयुक्त शिवार अभियान' ने एक और कीर्तिमान रचा है। जियो-टैगिंग और मोबाइल एप्लिकेशन की मदद से रियल-टाइम निगरानी करते हुए इस कार्यक्रम ने जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और ग्राम-स्तरीय जल बजट को एक साथ लागू किया है।
केंद्र सरकार के आंकड़े बताते हैं कि इसके नतीजे अभूतपूर्व रहे। 11,000 से अधिक गांव सूखा-मुक्त घोषित हुए, भूजल स्तर 1.5 से 2 मीटर तक बढ़ा हैै और कृषि उत्पादकता में अनुमानित 30 से 50 प्रतिशत तक सुधार आया।
ये भी पढे़ं : बागवानी 2.0 - प्रीमियम फल-सब्जी उत्पादों से बनेगा ब्रांड इंडिया, किसान करेंगे कमाई, बनेंगे आत्मनिर्भर
महिलाएं जल-शक्ति की असली वाहक
राष्ट्रीय जल मिशन ने 'नारी-शक्ति से जल-शक्ति' अभियान के जरिये एक और महत्वपूर्ण सच्चाई को पहचाना है कि घर का पानी सबसे पहले महिला के हाथ से गुजरता है। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 1,645 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया।
महिला-नेतृत्व वाली 300 ग्राम स्तरीय जल एवं स्वच्छता समितियां काम कर रही हैं और महिला स्वयं सहायता समूहों ने 105 जागरूकता अभियान चलाए हैं, जिसका सीधा असर जमीन पर दिखाई देता है।
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के जून 2026 अंक में प्रकाशित किया गया है।)