Home›Misal Bemisal›
Goodbye Market Creating Own Brand Farmers Doing Business By Producing Products From Their Crops
Business Farmer: मंडी को कहा गुडबाय, बनाया अपना ब्रांड... फसल से उत्पाद तैयार कर कारोबार कर रहे किसान
मोहम्मद आमिल, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 15 Nov 2026 01:43 PM IST
सार
फसल उगाना ही काफी नहीं, उसका सही दाम पर बिकना भी जरूरी है। बंपर पैदावार में भाव गिरते हैं, तो कम उत्पादन में नुकसान होता है। इस चक्र को तोड़ने के लिए कुछ किसानों ने उपज को उत्पाद और उत्पाद को ब्रांड बना दिया है। कोई अचार-मुरब्बे बनाकर बेच रहा है, तो किसी ने मसाले को ब्रांड बना दिया। प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग के दम पर ये किसान खेती को कारोबार में बदल रहे हैं। इनकी कहानी बताती है कि अब खेतों में सिर्फ फसल नहीं, कारोबार भी फल-फूल रहा है। पढ़ें इन किसानों की कहानी को बयां करती यह रिपोर्ट...
नैनीताल, उत्तराखंड के पीरूमदारा गांव के किसान दीपक
- फोटो : गांव जंक्शन
नैनीताल, उत्तराखंड के पीरूमदारा गांव के किसान दीपक को खेती विरासत में मिली थी। उनके पिता ने वर्ष 1957 में खेती शुरू की और 1986 से दीपक भी किसानी से जुड़ गए। आम, लीची, आड़ू व शिमला मिर्च उगाकर मदर डेयरी जैसी कंपनियों को आपूर्ति करने लगे। इसी बीच प्रोसेसिंग से उन्हें उपज का नुकसान घटाने व कमाई बढ़ाने की राह दिखी।
वर्ष 2006 में बैंक ऋण व सब्सिडी की मदद से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से अपनी जमीन पर फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाई। शुरुआत लीची-आड़ू से जैम, पल्प व डिब्बाबंद उत्पाद बनाने से हुई। बाद में चटनी, सॉस व केचप बनाने लगे। पर, लीची का सीजन 15 दिन और आड़ू भी सीमित समय तक मिलता है। कच्चे माल की सीमित आपूर्ति के चलते फैक्टरी साल भर चलाना कठिन था। इसलिए, उन्होंने पूर्वोत्तर से अनानास व कश्मीर से चेरी मंगाकर प्रोसेसिंग शुरू की।
ब्रांडेड कंपनियों के लिए उत्पाद बनाने से साल भर काम मिलने लगा। दीपक अपने ब्रांड के उत्पाद भी बेचते हैं। आसपास के किसानों से उपज खरीदकर कीमत पहले तय करते हैं, ताकि बदलते मंडी भाव से बचा जा सके। प्रोसेसिंग से पहले उपज की गुणवत्ता, पकाव और खराब होने की आशंका जांचते हैं। जैम-चटनी के अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन भट की चुरकानी को पैक कर उन्होंने बाजार तक पहुंचाया। कुछ उत्पाद ऑनलाइन भी बेच रहे हैं। सालाना कारोबार आज चार से पांच करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जहां 30 से 35 लोगों को रोजगार भी मिलता है।
दीपक कहते हैं, हर किसान के लिए फैक्टरी लगाना व्यावहारिक नहीं है। वह लीची प्रोसेसिंग यूनिट का उदाहरण देते हैं, जिसमें सीमित आपूर्ति से उन्हें मुश्किलें आई थीं। वह बताते हैं, मशीन, भंडारण, नियमित कच्चे माल व बाजार का आकलन जरूरी है। टमाटर से केचप बनाने वालों को भी फैक्टरी के नियमित संचालन के लिए आवश्यक कच्चे माल और बाजार का हिसाब रखना जरूरी है। वह किसानों को सलाह देते हैं कि पूंजी लगाने से पहले खेती और उपज की गुणवत्ता सुधारें, अच्छी किस्में अपनाएं व बाजार की मांग को समझें।
दीपक बताते हैं, आकर्षक पैकेजिंग व बेहतर प्रस्तुति से किसान अपने उत्पाद की पहचान बना सकते हैं। प्रोसेसिंग में सफल किसानों, विशेषज्ञों व खरीदारों से साझेदारी या मौजूदा यूनिट की मदद ले सकते हैं। मगर, फसल को ब्रांडेड उत्पाद में बदलने के लिए पहले बाजार, लागत व कच्चे माल का आकलन जरूरी है।
कृषि विज्ञान केंद्र, सीतापुर के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक/प्रभारी डॉ. दया एस. श्रीवास्तव कहते हैं कि किसानों को अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए सिर्फ फसल उगाकर मंडी में बेचने से आगे सोचना होगा। अपनी उपज से तैयार उत्पाद बनाकर बेचना ही मूल्य संवर्धन कहलाता है, यानी उपज को ऐसे उत्पाद में बदलना, जिसकी बाजार में ज्यादा कीमत मिले। जैसे टमाटर से सॉस, प्यूरी या चटनी, आम से अचार, मुरब्बा और पल्प, दूध से पनीर और घी, गेहूं से आटा और मोटे अनाज से तैयार खाद्य उत्पाद। मान लें सीजन में टमाटर 10 रुपये किलो है, दस किलो टमाटर बेचने पर सिर्फ 100 रुपये किसान को मिलेंगे।
वही टमाटर सॉस में बदलें, तो उससे ज्यादा मूल्य का उत्पाद बन सकता है। पर, सॉस कितनी बनेगी, यह टमाटर की किस्म, उसके गूदे और बनाने की विधि पर निर्भर करता है। साथ ही चीनी, मसाले, ईंधन, बोतल, लेबल, मजदूरी जैसे खर्च भी जुड़ेंगे। इसलिए, पहले सारे खर्च का हिसाब लगाएं। बिक्री की रकम में से कुल खर्च घटाने के बाद जो बचे, वही असली मुनाफा है। प्रसंस्करण के लिए ऐसी किस्म चुनें, जिसमें गूदा ज्यादा और पानी कम हो। ताजा उपयोग होने वाले सब्जी जैसे उत्पादों के लिए दूसरी खूबियों वाली किस्में ठीक रहती हैं।
सही किस्म का चुनाव उत्पाद की गुणवत्ता व लागत, दोनों पर असर डालता है। शुरुआत में आपको बड़ी फैक्टरी की लगाने की जरूरत नहीं है। अपनी उपज और स्थानीय मांग के हिसाब से एक या दो उत्पाद चुनकर छोटे स्तर पर भी काम शुरू कर सकते हैं। पहले पता करें कि आसपास के बाजार में किस उत्पाद की मांग है, ग्राहक किस कीमत पर खरीदना चाहते हैं और पहले से मौजूद ब्रांडों से आपका उत्पाद कैसे अलग होगा। फिर कम मात्रा में उत्पाद बनाकर ग्राहकों की प्रतिक्रिया लें।
अपने कृषि उत्पाद को ऐसे बनाएं ब्रांड
- फोटो : AI Image
अपने कृषि उत्पाद को ऐसे बनाएं ब्रांड
उत्पाद और बाजार चुनें : अपनी फसल के अनुसार उत्पाद तय करें। पता करें कि कच्चा माल कितना है, उसकी लागत क्या है और तैयार उत्पाद के खरीदार कौन होंगे।
गुणवत्ता व लाइसेंस पर ध्यान दें : स्वच्छता, भंडारण व खाद्य सुरक्षा के नियम समझें। एफएसएसएआई का पंजीकरण या लाइसेंस लें। पैकेट पर सामग्री, वजन, निर्माण या पैकिंग की तारीख, उपयोग की अवधि, एमआरपी और अन्य अनिवार्य जानकारियां नियमानुसार दें।
छोटा सेटअप तैयार करें : शुरुआत छोटी मशीनों, सीलिंग मशीन व पैकेजिंग के साधन से करें। मशीन की लागत, उत्पादन क्षमता, बिजली खपत और रखरखाव का हिसाब लगाएं।
स्थानीय बाजार में पहचान बनाएं : पहले गांव, कस्बे व आसपास की दुकानों में बेचें। किसान समूहों, मेलों व प्रदर्शनियों से ग्राहकों तक पहुंचें। ग्राहकों की प्रतिक्रिया लेकर स्वाद, पैकिंग और कीमत सुधारें। डिजिटल मार्केटिंग व घर तक आपूर्ति भी उपयोगी हो सकती है।
मांग बढ़ने पर कारोबार बढ़ाएं : उत्पाद नियमित बिकने लगे, तभी मशीनों, उत्पादन और बाजार का विस्तार करें। पीएमएफएमई व अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी लें। ऑनलाइन बिक्री से पहले पैकेजिंग, परिवहन, मंच शुल्क और वापसी के खर्चों को भी समझ लें।
एक एकड़ से शुरू हुआ सफर, आज ढाई करोड़ का कारोबार
- फोटो : गांव जंक्शन
एक एकड़ से शुरू हुआ सफर, आज ढाई करोड़ का कारोबार
हरियाणा के पानीपत जिले के आसन गांव के डॉ. जयपाल तंवर शिक्षा और शोध के क्षेत्र में काम कर रहे थे। एक दिन उनके मन में सवाल उठा कि जब डॉक्टर का बेटा डॉक्टर और इंजीनियर का बेटा इंजीनियर बन सकता है, तो किसान का बेटा खेती क्यों नहीं करता? इसी सोच के साथ उन्होंने वर्ष 2014 में नौकरी छोड़ दी और खेती को पेशा बना लिया। परिवार में विरोध हुआ, पर उन्होंने किसी की नहीं सुनी। शुरुआत लीज पर ली गई एक एकड़ जमीन से हुई। जयपाल ने करीब 12 से 13 लाख रुपये लगाकर पॉलीहाउस में शिमला मिर्च उगाई। पहले साल करीब 10 लाख रुपये की उपज बिकी और लगभग 6 लाख रुपये का मुनाफा हुआ।
50 एकड़ में सब्जियों व फूलों की खेती : किसानी में मुनाफे से हौसला बढ़ा, तो उन्होंने लीज पर जमीन लेकर और पॉलीहाउस का विस्तार करके खेती को बढ़ाया। आज वह करीब 50 एकड़ में सब्जियों और फूलों की खेती करते हैं, जो पॉलीहाउस, नेटहाउस व खुले खेतों में होती है। जयपाल ने जल्द ही समझ लिया कि सिर्फ उत्पादन बढ़ाना काफी नहीं है। जिस फसल के दाम एक साल अच्छे मिलते हैं, अगले साल वही भाव गिर सकते हैं। गेंदे की खेती में उनके साथ यही हुआ। एक बार अच्छी कमाई हुई, पर अगले सीजन में मांग घटने से कीमत गिर गई। इस अनुभव ने उन्हें सिखाया कि किसान को बाजार की मांग को सबसे पहले समझना जरूरी है।
फर्म टू टेबल मॉडल पर काम : बाजार के उतार-चढ़ाव के झटके से सबक लेकर जयपाल ने अपना ब्रांड खड़ा कर लिया। आज उनका टर्नओवर करीब ढाई करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। अब वह फार्म टू टेबल मॉडल पर काम कर रहे हैं, यानी खेत से सीधे ग्राहक के घर तक सब्जियां पहुंचाना। इससे उन्हें अपने उत्पाद की गुणवत्ता और बाजार में उसकी कीमत समझने का मौका मिलता है। आगे उनकी तैयारी सरसों से तेल निकालने के लिए कोल्हू लगाने और गन्ने से गुड़ और शक्कर बनाने की है।
किसानों को दी ये सीख : डॉ जयपाल तंवर का मानना है कि किसान को फसल उगाने के साथ ही पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। वह बताते हैं कि सिर्फ उत्पादन ज्यादा होने से मुनाफा तय नहीं होता, क्योंकि बाजार सीमित है और लागत लगातार बढ़ रही है। इसलिए, कोई भी नया काम शुरू करने से पहले बाजार, लागत और जोखिम को समझना बेहद जरूरी है। उनका संदेश साफ है कि सिर्फ फसल पैदा करने तक सीमित न रहें, अपनी उपज की पहचान बनाएं, ग्राहक तक पहुंचें और जहां संभव हो, उसे उत्पाद में बदलें। खेती में कमाई का सफर खेत से शुरू होता है, पर बाजार में सही दाम प्राप्त होने से ही सफलता मिलती है।
छह एकड़ में जैविक खेती, वाट्सएप से ग्राहकों से संपर्क
- फोटो : गांव जंक्शन
छह एकड़ में जैविक खेती, वाट्सएप से ग्राहकों से संपर्क
महाराजगंज जिले के सिसवा बाजार के युवा किसान कारोबारी नवरत्न तिवारी आईटी इंजीनियर हैं। कोविड-19 काल में उन्होंने वर्क फ्रॉम होम के साथ खेती शुरू की। नवरत्न ने एक एकड़ जमीन लीज पर ली और दो साल तक फसलें उगाकर अनुभव जुटाया। फिर मल्टी-लेयर फार्मिंग अपनाई और खेती को कारोबार का आधार बनाया। इसमें एक ही क्षेत्र में विभिन्न ऊंचाई की फसलें उगाते हैं। इससे खेत की जगह व संसाधनों का बेहतर उपयोग होता है। अब वह छह एकड़ में खेती करते हैं।
नवरत्न लाइव मल्चिंग, वर्मी कम्पोस्ट और पानी बचाने के लिए बेड सिस्टम अपनाते हैं। देसी गाय के गोबर और गोमूत्र से तैयार जीवामृत पाइप के जरिए खेत तक पहुंचाते हैं। उनका लक्ष्य उपज सीधे ग्राहक तक जैविक उत्पाद पहुंचाने का रहा है, ताकि बिचौलियों पर निर्भरता घटाई जा सके। शुरुआत में लोगों को जैविक सब्जियों के बारे में समझाना मुश्किल था। भरोसा बनाने के लिए वह चौलाई का साग उगाकर बाजार जाते समय दुकानदारों को आधा-आधा किलो के करीब 10 बंडल मुफ्त देते। नवरत्न उन्हें कहते, पहले आप खाकर देखिए, अच्छा लगे तो ऑर्डर दीजिए।
करीब डेढ़ साल तक यही तरीका अपनाया। जब बाजार में चौलाई 20 रुपये के भाव से बिक रही थी, तब उन्होंने अपनी जैविक उपज 25 रुपये में बेची, ताकि ग्राहक पर ज्यादा बोझ न पड़े और उन्हें भी कुछ बचत हो। शुरुआत पांच घरों से हुई। ग्राहकों ने पड़ोसियों को बताया और वाट्सएप पर नेटवर्क बढ़ता गया। आज उनके 200 से ज्यादा ग्राहक हैं। नवरत्न बाहरी कृषि इनपुट पर खर्च कम रखते हैं।
अब बुधवार और शनिवार सुबह करीब छह बजे वह वाट्सएप पर सब्जियों की उपलब्धता और भाव भेजते हैं। एक दिन में करीब 25 से 30 ऑर्डर मिलते हैं। दोपहर बाद ऑर्डर के अनुसार सब्जियां तोड़कर, तौलकर और पैक करके ग्राहकों तक पहुंचाते हैं। ग्राहक कीमत के अलावा डिलीवरी के लिए पांच से दस रुपये अतिरिक्त देते हैं। डिलीवरी का काम भी वह खुद ही संभालते हैं।
उनकी सालाना आमदनी का निश्चित आंकड़ा नहीं है, इसलिए वह बड़ी कमाई का दावा नहीं करते। जोखिम घटाने के लिए करीब 25 फीसदी जमीन पर पत्तेदार सब्जियां और बाकी में अदरक, हल्दी, लहसुन व प्याज उगाते हैं। अदरक-हल्दी का पाउडर बनाते हैं और बीज भी बेचते हैं। ग्राहकों का भरोसा बनाए रखना और कीट प्रबंधन को वह प्रमुख चुनौती मानते हैं।
शुरुआत में कुछ ग्राहकों ने उत्पादों की जांच कराई और रिपोर्ट साझा की, जिससे भरोसा बढ़ा। वह किसानों को सलाह देते हैं कि बड़े पैमाने पर शुरुआत के बजाय छोटे हिस्से से प्रयोग शुरू करें। खेती का तरीका और कीट प्रबंधन समझें, आसपास के ग्राहकों से जुड़ें। वाट्सएप पर उपज और सही भाव बताएं, ऑर्डर के अनुसार तुड़ाई करें और गुणवत्ता बनाए रखें।
फसल उगाने के साथ अपना ब्रांड बनाएं किसान
- फोटो : गांव जंक्शन
फसल उगाने के साथ अपना ब्रांड बनाएं किसान
कमाई बढ़ाने के लिए फसल उगाने के साथ किसान को बाजार की समझ होनी चाहिए। मंडी में सीधे उपज बेचने के बजाय सफाई, छंटाई, ग्रेडिंग, पैकेजिंग व प्रसंस्करण से उसका मूल्य बढ़ाएं। टमाटर से सॉस, हल्दी से पाउडर, आम से अचार और दूध से पनीर या घी बनाकर कमाई बढ़ेगी। शुरू में बड़ी फैक्टरी जरूरी नहीं है।
मांग और संसाधनों के आधार पर शुरुआत करें। हल्दी-मिर्च-धनिया की पैकेजिंग, अनाज-दालों की सफाई, अचार-मुरब्बा, मशरूम, शहद और जैविक खाद कमाई बढ़ाने के बेहतर विकल्प हो सकते हैं। जोखिम घटाने के लिए शुरुआत में एक-दो उत्पाद चुनें और जरूरत पर दूसरी इकाई से प्रसंस्करण कराएं। पहले ग्राहक तलाशें, फिर उत्पादन बढ़ाएं। वरना बिना बिके माल और कर्ज का बोझ बढ़ सकता है।
कारोबार शुरू करने से पहले जानें कि ग्राहक कौन हैं, बाजार में उत्पाद की कीमत क्या है, वे उसे क्यों खरीदेंगे, उत्पादन से बिक्री तक कुल लागत कितनी आएगी और क्या वे दोबारा खरीदेंगे? दुकानदारों, व्यापारियों और ग्राहकों से बात करें। सीमित मात्रा में उत्पाद बेचकर प्रतिक्रिया लें। नियमित ऑर्डर और मुनाफे की संभावना दिखे, तभी उत्पादन बढ़ाएं।
स्थानीय पहचान, गुणवत्ता व भरोसे से पहचान बनाएं। हर बैच में समान गुणवत्ता, साफ पैकेजिंग व सही कीमत रखें। एफएसएसएआई पंजीकरण व लाइसेंस और लेबलिंग नियमों का पालन करें। बिक्री के लिए स्थानीय दुकानें, किसान मेले, एफपीओ, वाट्सएप और सोशल मीडिया अपनाएं। कीमत में कच्चा माल, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, परिवहन और दुकानदार का मार्जिन जोड़ें।
संसाधन व लागत आंकें; ग्राहकों से मांग, कीमत और भुगतान शर्तें जानें; सीमित मात्रा बनाकर परखें; दुकानदारों, एफपीओ और डिजिटल माध्यमों से जुड़ें; नियमित बिक्री व मुनाफे के बाद निवेश बढ़ाएं। केवीके, कृषि विवि, खाद्य प्रसंस्करण संस्थान, जिला उद्योग केंद्र और एफपीओ प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी व बाजार से जुड़ने में मदद कर सकते हैं।
मंडी पर निर्भरता छोड़ी, बनाए 70 से अधिक उत्पाद
- फोटो : गांव जंक्शन
मंडी पर निर्भरता छोड़ी, बनाए 70 से अधिक उत्पाद
मानसा, पंजाब के बिरोके कलां गांव के सुखजीत सिंह पहले आईटी नेटवर्किंग का काम करते थे। घर में खेती थी। बेहतर खाद्य उत्पाद लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ जैविक खेती शुरू की। वह देसी, गैर-हाइब्रिड बीजों से पारंपरिक खेती की पहचान बचाना चाहते थे। उन्होंने देश के कई हिस्सों की यात्रा की और बेंगलुरु से बीज संरक्षण का प्रशिक्षण लिया।
शुरुआत में उन्होंने ‘नो-लॉस, नो-प्रॉफिट’ आधार पर काम शुरू किया। साल 2018 में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना से फूड प्रोसेसिंग का प्रशिक्षण लिया। आज वह 10 एकड़ में गन्ना, मूंग, मक्का, ज्वार, बाजरा, मिलेट्स और सोना-मोती गेहूं उगाते हैं। इनसे बिस्किट, नूडल्स, पास्ता, पोहा और बच्चों के लिए मक्का-ज्वार के रिंग्स समेत 70 से अधिक उत्पाद तैयार कराते हैं।
सोलर ड्रायर से अंकुरित अनाज को सुखाकर भी पोषक उत्पाद बनाते हैं। महंगी मशीनों पर निवेश के बजाय उन्होंने थर्ड-पार्टी प्रोसेसिंग को चुना है। कच्चा माल और रेसिपी उनकी होती है, प्रसंस्करण दूसरी इकाइयां करती हैं। इससे पूंजी बचती है और वह खुद गुणवत्ता, नए प्रयोग व मार्केटिंग पर ध्यान देते हैं।
उनके यहां करीब 100 रुपये किलो का सोना-मोती गेहूं बिस्किट के रूप में लगभग 800 रुपये किलो तक बिकता है। उनके उत्पाद देश के कई हिस्सों और एनआरआई ग्राहकों के जरिए 8-10 देशों तक पहुंचते हैं। उनका मानना है कि खेती में उत्पादन के साथ ग्राहक की मांग को समझना जरूरी है। सुखजीत सिंह किसानों को सलाह देते हैं कि अपनी फसल की गुणवत्ता सुधारें, बाजार को समझें और दूसरी इकाइयों से प्रसंस्करण कराएं। सफल खेती व कारोबार के लिए अच्छी उपज, ठोस योजना, गुणवत्ता और बाजार की समझ जरूरी है।
500 रुपये के निवेश से शुरुआत, अब हर माह एक लाख टर्नओवर
- फोटो : गांव जंक्शन
500 रुपये के निवेश से शुरुआत, अब हर माह एक लाख टर्नओवर
हापुड़ जिले के रामपुरा गांव की महिला किसान कविता सिरोही के परिवार के पास 5-6 एकड़ जमीन है। पहले खेती की जिम्मेदारी उनके पति संभालते थे, लेकिन कविता चाहती थीं कि खेत की उपज से तैयार उत्पाद बनाकर आमदनी बढ़ाई जाए। वर्ष 2018 में उन्होंने मशरूम की खेती शुरू की। करीब तीन साल तक मशरूम उगाकर मंडी में बेचा।
इस दौरान समझ आया कि अच्छी उपज के साथ सही बाजार और मार्केटिंग भी जरूरी है। साल 2023 में महज 500 रुपये और एक ग्राइंडर से मसालों का काम शुरू किया। पहले मसाले खरीदकर पीसती और बेचती थीं। काम बढ़ा तो आटा और दूसरी खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए चक्कियां और मशीनें भी लगाईं।
आज वह हल्दी, मिर्च, धनिया, गरम मसाले, सोंठ, सौंफ के अलावा अचार, मुरब्बा, चटनी, गुड़, गन्ने का सिरका, सरसों का तेल और देसी गाय का घी बेचती हैं। गेहूं, ज्वार, बाजरा और रागी का आटा भी तैयार करती हैं। पहले गेहूं सीधे बेच देती थीं, अब सफाई और पिसाई के बाद आटा बेचती हैं। सामान्य गेहूं का आटा करीब 40 रुपये और मल्टीग्रेन आटा लगभग 70 रुपये किलो बिकता है। इसमें गेहूं के साथ ज्वार, चना, सोयाबीन, रागी, मक्का और दूसरे अनाज मिलाती हैं।
खेती में वह गोबर की खाद, वर्मी कंपोस्ट, खली और जीवामृत अपनाती हैं। जैविक तरीकों से शुरुआत में उत्पादन कुछ घटा, पर मिट्टी की जरूरत को समझकर उन्होंने विभिन्न जैविक खादों को अपनाया। धीरे-धीरे अच्छे परिणाम मिलने लगे। बिक्री वह खुद संभालती हैं। शुरुआत हापुड़ से हुई, फिर सोशल मीडिया और वाट्सएप से ग्राहक बढ़ाए। कविता के उत्पाद आज गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम तक पहुंचते हैं। कुछ उत्पाद असम भी भेजे गए हैं।
आज फसलों और उनसे बने उत्पादों के कारोबार से हर महीने करीब एक से दो लाख रुपये का टर्नओवर होता है। दूसरी महिलाओं और किसानों को वह सलाह देती हैं कि बड़ी पूंजी के इंतजार में न रहें। छोटे स्तर से शुरुआत करें और अनुभवी लोगों से सीखें। प्रोसेसिंग, अच्छी पैकेजिंग और सोशल मीडिया के प्रचार से गांव में रहकर भी कारोबार के नए रास्ते खोले जा सकते हैं।
किस फसल से कौन-सा उत्पाद बन सकता है?
- फोटो : AI Image
किस फसल से कौन-सा उत्पाद बन सकता है?
टमाटर
टमाटर सॉस और केचप
टमाटर प्यूरी और पेस्ट
सूखे टमाटर और पाउडर
किसके लिए उपयोगी : टमाटर उत्पादक किसान और किसान समूह, खासकर जब बाजार में ताजा टमाटर की कीमत गिर रही हो।
आम
आम का अचार और चटनी
आम पापड़
पल्प, जैम और स्क्वैश
संभावना : सीजन में ज्यादा उपज होने पर उसे लंबे समय तक बिकने वाले उत्पादों में बदलना।
हल्दी, अदरक और मिर्च
हल्दी और अदरक पाउडर
सूखी मिर्च और मिर्च पाउडर
तैयार मसाला मिश्रण
संभावना : छोटे स्तर पर सुखाने, पीसने और पैकिंग से अपना ब्रांड शुरू करना।
बाजरा, ज्वार और रागी
साफ किया हुआ और पैक किया हुआ अनाज
आटा और मल्टीग्रेन आटा
दलिया, खिचड़ी मिक्स और स्नैक्स
संभावना : पारंपरिक अनाज को सुविधाजनक और इस्तेमाल के लिए तैयार खाद्य उत्पादों में बदलना।
आंवला
आंवला कैंडी और मुरब्बा
आंवला पाउडर
जूस और अचार
संभावना : कम समय में खराब होने वाले फल से अलग-अलग तरह के उत्पाद तैयार करना।
सरसों और मूंगफली
सरसों का तेल और मूंगफली का तेल
खली, जिसका उपयोग पशु आहार या अन्य उपयुक्त कामों में हो सकता है
मूंगफली से दाना, भुनी मूंगफली और चिक्की
संभावना : तेल निकालने के साथ उप-उत्पाद का भी उपयोग; तेल की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी।
गन्ना
गुड़ और गुड़ पाउडर
गुड़ की टिकिया और छोटे पैक
स्थानीय बाजार के लिए अन्य गुड़ आधारित खाद्य उत्पाद
संभावना : गन्ने से सीधे गुड़ बनाकर स्थानीय दुकानों, मेलों और सीधे ग्राहकों को बेचना।
अमरूद
जैम और जेली
पल्प और पेय पदार्थों के लिए आधार सामग्री
अमरूद की पट्टी जैसे सूखे उत्पाद
संभावना : स्थानीय फल उत्पादक समूहों के लिए सामूहिक प्रसंस्करण इकाई।
आलू
आलू चिप्स
फ्रोजन फ्राइज
आलू के फ्लेक्स और स्टार्च
संभावना : बड़े पैमाने पर उत्पादन या किसान समूह के जरिए प्रसंस्करण; किस्म और मशीनों का चुनाव उत्पाद के हिसाब से करना होगा।
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित किया गया है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।