विज्ञापन
Home› Gaon Post› Drishtikon› India World No 1 Milk Producer Yet Milk Production Per Animal Low How To Increase Productivity

दुनिया में दूध उत्पादन में नंबर-1 भारत : फिर भी प्रति पशु कम है दूध की पैदावार, जानें कैसे बढ़ेगी उत्पादकता

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 22 Nov 2026 06:12 PM IST
सार

भारत दूध उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है, लेकिन प्रति पशु उत्पादकता कम है। जानें पशुओं की सेहत, संतुलित आहार, टीकाकरण और नियमित देखभाल से दूध उत्पादन कैसे बढ़ाया जा सकता है।

दूध उत्पादन
दूध उत्पादन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, लेकिन पशुपालन क्षेत्र के सामने एक बड़ी चुनौती है। देश में प्रति पशु दूध उत्पादन कई अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुकाबले कम है। यानी भारत को दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए केवल पशुओं की संख्या बढ़ाने के बजाय प्रति पशु उत्पादकता पर ध्यान देना होगा। इसके लिए पशुओं की सेहत सुधारना, बीमारियों से बचाव करना और दूध उत्पादन के दौरान होने वाले नुकसान को कम करना जरूरी है।

बिजनेस लाइन में पब्लिश गोकैरिन (Gocarin) के संस्थापक और प्रबंध निदेशक रामानुज पांडा के लेख के मुताबिक, अब डेयरी क्षेत्र में पशुओं की सेहत को लेकर सोच बदलने की जरूरत है। अभी ज्यादातर छोटे पशुपालक पशु के बीमार होने पर ही उसके इलाज पर खर्च करते हैं, जबकि बीमारी के कारण दूध उत्पादन और पशु की प्रजनन क्षमता को नुकसान पहले ही शुरू हो जाता है। ऐसे में पशुओं का इलाज कराने के साथ उनकी नियमित देखभाल और बीमारियों से बचाव पर भी ध्यान देना जरूरी है।

पशुओं की बीमारी से दूध उत्पादन पर पड़ता है असर
डेयरी पशुओं में थनैला रोग (मास्टाइटिस), पोषण संबंधी समस्याएं और बांझपन जैसी परेशानियां दूध उत्पादन को प्रभावित करती हैं। इन बीमारियों के कारण पशुओं के दो ब्यांत के बीच का अंतर बढ़ सकता है। कई बार बीमारी के चलते पशुओं को समय से पहले झुंड से हटाना भी पड़ता है।

इससे पशुपालकों को दोहरा नुकसान होता है। एक तरफ इलाज पर खर्च बढ़ता है, वहीं दूसरी तरफ बीमारी के दौरान दूध उत्पादन घटने से आमदनी भी कम हो जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, बीमारी होने के बाद इलाज कराने की तुलना में पहले से बचाव के उपाय अपनाना कम खर्चीला हो सकता है। इसलिए पशुओं की नियमित जांच और देखभाल को डेयरी प्रबंधन का हिस्सा बनाना चाहिए।

सिर्फ दवा नहीं, इन  उपायों से रखें पशुओं को स्वस्थ
पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए केवल किसी एक दवा या उत्पाद पर निर्भर रहना सही नहीं है। इसके लिए खानपान, साफ-सफाई और नियमित देखभाल का पूरा इंतजाम जरूरी है। पशुपालकों को इन बातों पर ध्यान देना चाहिए।
  • संतुलित आहार : पशुओं को उनकी जरूरत के अनुसार पौष्टिक और संतुलित चारा दें।
  • मिनरल सप्लीमेंट : आहार में जरूरी खनिज तत्वों की कमी न होने दें।
  • टीकाकरण : पशुओं को समय पर जरूरी टीके लगवाएं।
  • पेट के कीड़ों से बचाव : पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार समय पर कृमिनाशक दवा दें।
  • साफ-सुथरा आवास : पशुओं के रहने की जगह को साफ और सूखा रखें।
  • दूध निकालने में सफाई : दूध दुहने से पहले और बाद में थनों की साफ-सफाई का ध्यान रखें।
  • नियमित निगरानी : पशुओं के खानपान, व्यवहार और दूध उत्पादन में होने वाले बदलावों पर नजर रखें।
इसके अलावा, छोटे बछड़ों और ब्याने के आसपास के समय में रहने वाली गायों की विशेष देखभाल जरूरी है। इन सभी उपायों को एक साथ अपनाने से पशुओं को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है।

मिनरल की कमी से घट सकता है दूध उत्पादन
पशुपालन में पोषण की भूमिका काफी अहम है, लेकिन कई बार किसान इसे केवल अतिरिक्त खर्च मानते हैं। जबकि सही पोषण पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता, प्रजनन और दूध उत्पादन को बेहतर बनाने में मदद करता है।

खासकर शरीर में जरूरी खनिज तत्वों की कमी का असर पशुओं की सेहत पर पड़ सकता है। इससे प्रजनन क्षमता और दूध उत्पादन प्रभावित हो सकता है। कई बार पशुपालकों को इसकी जानकारी भी नहीं होती। इसलिए पशुओं के आहार में संतुलित पोषण और जरूरी मिनरल की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

गांवों में पशुपालकों तक पहुंचानी होगी सही जानकारी
पशुओं की सेहत सुधारने के लिए सिर्फ सलाह देना काफी नहीं है, बल्कि पशुपालकों तक सही जानकारी और जरूरी सुविधाएं पहुंचाना भी जरूरी है। गांवों में पशुपालकों को यह समझाने की जरूरत है कि पशुओं को कौन-सा आहार देना है, टीकाकरण कब कराना है और बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान कैसे करनी है।

इसके लिए प्रशिक्षित ग्रामीण कार्यकर्ता मददगार साबित हो सकते हैं। पशु आहार और दवाओं के विक्रेता भी पशुपालकों को सही जानकारी दे सकते हैं। इसके साथ ही दूसरे सफल पशुपालकों के अनुभव साझा करने और गांवों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने से भी लोगों को फायदा मिल सकता है। सरकारी योजनाओं, गैर सरकारी संगठनों (NGO) और निजी कंपनियों को मिलकर इस दिशा में काम करने की जरूरत है, ताकि पशुओं की नियमित देखभाल गांवों में सामान्य व्यवस्था बन सके।

पशुओं की बेहतर सेहत से किसानों को होंगे कई फायदे
पशुओं की बीमारियों से बचाव का फायदा केवल दूध उत्पादन बढ़ने तक सीमित नहीं है। इससे इलाज पर होने वाला खर्च कम करने और एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल को घटाने में भी मदद मिल सकती है। एंटीबायोटिक दवाओं का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) यानी दवाओं के खिलाफ रोगाणुओं की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने की समस्या को गंभीर बना सकता है।

वहीं, पशुओं की अच्छी सेहत और दूध निकालने के दौरान साफ-सफाई रखने से दूध की गुणवत्ता बेहतर रखने में मदद मिलती है। इसका फायदा डेयरी कारोबार और दूध के निर्यात को भी मिल सकता है। स्वस्थ पशु बेहतर उत्पादन देते हैं, जिससे समान संसाधनों में अधिक दूध प्राप्त किया जा सकता है और पर्यावरण पर प्रति लीटर दूध का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।

महिला पशुपालकों की आमदनी के लिए भी जरूरी है बेहतर पशु स्वास्थ्य
ग्रामीण भारत में डेयरी का काम बड़ी संख्या में महिलाओं के हाथों में है। पशुओं को चारा देना, उनकी साफ-सफाई करना और दूध निकालना जैसे ज्यादातर काम महिलाएं ही संभालती हैं। ऐसे में पशुओं की सेहत बेहतर होने से महिलाओं की मेहनत का बेहतर आर्थिक लाभ मिल सकता है।

भारत ने बड़े पैमाने पर दूध उत्पादन करके दुनिया में पहला स्थान हासिल किया है। अब इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए केवल दूध उत्पादन की कुल मात्रा बढ़ाना काफी नहीं होगा। जरूरत इस बात की है कि हर पशु स्वस्थ रहे और उससे बेहतर उत्पादन मिले। यही बदलाव किसानों की आमदनी बढ़ाने और देश के डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन