कृषि क्षेत्र में ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से खेती की उत्पादकता और काम करने की क्षमता बढ़ रही है। लेकिन केवल तकनीक के दम पर कृषि कारोबार को फायदे में नहीं लाया जा सकता। इसके लिए सरकारी नियमों का पालन, कर्मचारियों का बेहतर प्रबंधन और प्रशिक्षित लोगों की भी जरूरत है।
बिजनेस लाइन में पब्लिश कोर इंटीग्रा में कंप्लायंस एडवाइजरी के प्रमुख मुनाब अली बेइक के लेख के मुताबिक, भारत में कृषि अब केवल परंपरागत खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तेजी से एक बड़े कारोबार के रूप में विकसित हो रही है। ऐसे में कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ बेहतर प्रबंधन, नियमों की जानकारी और कुशल कर्मचारियों की भूमिका भी अहम हो गई है।
भारत की जीडीपी में कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों की हिस्सेदारी करीब 18 फीसदी है। इस क्षेत्र में कारोबार की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए कई भारतीय कंपनियां और बहुराष्ट्रीय कंपनियां (MNCs) कृषि क्षेत्र में निवेश कर रही हैं।
कृषि क्षेत्र में बढ़ रहा कंपनियों का निवेश
कंपनियां कृषि क्षेत्र में कई तरह के कारोबार में निवेश कर रही हैं। इनमें कृषि अनुसंधान, बीज उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण और वितरण शामिल हैं। इसके अलावा कृषि मशीनों और उपकरणों का निर्माण, खाद और कीटनाशकों की आपूर्ति, कृषि में AI आधारित तकनीक, खेती के लिए जमीन लीज पर लेना और खेतों का प्रबंधन जैसे काम भी शामिल हैं।
खाद्य उत्पादों की प्रोसेसिंग, कृषि उत्पादों का मूल्य बढ़ाना, भंडारण, परिवहन, आपूर्ति व्यवस्था और कृषि जिंसों का कारोबार व निर्यात भी कंपनियों के निवेश के प्रमुख क्षेत्र बन रहे हैं। वैश्वीकरण के कारण भारत में विदेशी तकनीक और खेती के नए तरीकों का इस्तेमाल बढ़ा है। इससे खेती की योजना बनाने, फसलों की निगरानी करने और कृषि कार्यों को पूरा करने के तरीके में बदलाव आया है।
ड्रोन से लेकर AI तक का बढ़ रहा इस्तेमाल
भारतीय कृषि में कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इनमें ड्रोन और हवाई तकनीक, आधुनिक कृषि मशीनें, फसल की निगरानी के लिए AI, मिट्टी की जांच करने वाले डिजिटल उपकरण, सटीक खेती (प्रिसिजन फार्मिंग) और डिजिटल सप्लाई चेन शामिल हैं।
इन तकनीकों से खेती में काम आसान होने के साथ उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलती है। हालांकि, कंपनियों को यह भी ध्यान रखना होगा कि नई तकनीक का इस्तेमाल करते समय जरूरी सरकारी मंजूरी और कानूनी नियमों का पालन हो। इसके लिए प्रशिक्षित कर्मचारी और मजबूत आंतरिक व्यवस्था भी जरूरी है।
कारोबार के लिए नियमों का पालन जरूरी
खेती, फसल खरीद, प्रसंस्करण, भंडारण और कृषि उत्पादों के कारोबार से जुड़ी कंपनियों को अलग-अलग सरकारी नियमों की जानकारी होनी चाहिए।
इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं
कृषि मंडी के नियम: कृषि उपज मंडी समिति (APMC) और राज्यों के कृषि विपणन से जुड़े नियमों का पालन।
खाद्य सुरक्षा नियम: खाद्य पदार्थों से जुड़े कारोबार के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों का पालन।
आपूर्ति व्यवस्था: कृषि उत्पादों की खरीद, परिवहन और वितरण से जुड़े नियम।
भंडारण के नियम: गोदामों और कृषि उत्पादों के भंडारण से संबंधित जरूरी नियम।
कृषि इनपुट के नियम: बीज, खाद, उर्वरक और कीटनाशकों से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन।
नियमों का पालन केवल कानूनी जरूरत नहीं है, बल्कि यह कारोबार को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए भी जरूरी है। इससे कंपनियों को जुर्माने, कानूनी विवाद और कामकाज में रुकावट जैसी समस्याओं से बचने में मदद मिलती है। साथ ही निवेशकों, ग्राहकों, किसानों और सरकारी संस्थाओं का भरोसा भी बढ़ता है।
आधुनिक खेती के लिए कुशल कर्मचारियों की जरूरत
कृषि कारोबार को सफल बनाने में कर्मचारियों का प्रबंधन भी बड़ी भूमिका निभाता है। पहले खेती के ज्यादातर काम मजदूरों और मौसमी कर्मचारियों के भरोसे होते थे। लेकिन अब आधुनिक मशीनों, AI आधारित तकनीक और डिजिटल सिस्टम के बढ़ते इस्तेमाल से प्रशिक्षित और तकनीकी जानकारी रखने वाले कर्मचारियों की मांग बढ़ रही है।
इस बदलाव के साथ कंपनियों को कर्मचारियों से जुड़े कई जरूरी पहलुओं पर ध्यान देना होगा। इनमें श्रम कानूनों का पालन, सामाजिक सुरक्षा लाभ, कर्मचारियों की सुरक्षा, कौशल विकास, कर्मचारी कल्याण और ठेका मजदूरों का उचित प्रबंधन शामिल है।
नियमों की अनदेखी से हो सकता है बड़ा नुकसान
आधुनिक तकनीक से उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने में मदद मिल सकती है, लेकिन अगर कंपनियां कर्मचारियों से जुड़े कानूनी नियमों और सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों का पालन नहीं करती हैं तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इसी तरह कृषि, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण, भंडारण और श्रम कानूनों की अनदेखी करने पर कंपनियों को जुर्माना, कानूनी कार्रवाई और लाइसेंस रद्द होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इससे कारोबार प्रभावित होने के साथ कंपनियों की छवि भी खराब हो सकती है।
ऐसे में कृषि क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों को तकनीक अपनाने के साथ नियमों का पालन करने और कुशल कर्मचारियों पर भी निवेश करना होगा। जो कंपनियां इन तीनों पहलुओं पर ध्यान देंगी, वे कानूनी और कारोबारी जोखिम कम कर सकेंगी। इससे उत्पादन बढ़ाने, निवेशकों का भरोसा जीतने और लंबे समय तक मुनाफा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।