Home›Khabar Junction›
Horticulture 2 0 Premium Products To Build Brand India Farmers To Earn Profits
बागवानी 2.0: प्रीमियम फल-सब्जी उत्पादों से बनेगा ब्रांड इंडिया, किसान करेंगे कमाई, बनेंगे आत्मनिर्भर
डॉ. उमाशंकर मिश्र / मोहम्मद आमिल
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 27 May 2026 07:28 PM IST
सार
बागवानी 1.0 में भारत ने उत्पादन की लड़ाई जीती। अब बागवानी 2.0 में मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, निर्यात और किसानों की आय बढ़ाने की ओर कदम बढ़ाने होंगे। फसल कटाई उपरांत नुकसान को कम करने और फसलों के मूल्यवर्धन के िलए खेत से बाजार तक पूरी व्यवस्था का चोला बदलने की जरूरत है। बागवानी सेक्टर में बदलाव की प्रमुख कड़ियों की पड़ताल करती डॉ. उमाशंकर मिश्र / मोहम्मद आमिल की रिपोर्ट...
भारत दुनिया के प्रमुख फल-सब्जी उत्पादक देशों में शामिल है।
- फोटो : एआई
भारत के कृषि नेतृत्व का नया दौर प्रीमियम बाजार पर केंद्रित बागवानी उत्पादों में निहित होगा, जहां उच्च मूल्य वाली फसलों, गुणवत्ता सुनिश्चित करने वाली व्यवस्थाओं, तकनीक आधारित प्रणालियों और मजबूत उत्पादन से जुड़ी साझेदारियां मिलकर ‘ब्रांड इंडिया’ को स्थापित करेंगी और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करेंगी। केंद्रीय बागवानी आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार का यह कथन भारत के बागवानी सेक्टर में हो रहे व्यापक बदलावों को रेखांकित करता है। डॉ. प्रभात कुमार कहते हैं, भारत के किसान अब ऐसी फसलों को चुन रहे हैं, जो बाजार से सीधे जुड़ी हों, अधिक आय देने वाली हों, और उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप हों।
भारत का सालाना बागवानी उत्पादन 37.085 करोड़ टन है, जो कुल खाद्यान्न उत्पादन से भी अधिक है।
- फोटो : गांव जंक्शन
भारत दुनिया के प्रमुख फल-सब्जी उत्पादक देशों में शामिल है। देश का सालाना बागवानी उत्पादन 37.085 करोड़ टन है, जो कुल खाद्यान्न उत्पादन से भी अधिक है। सकल कृषि मूल्यवर्धन (जीवीए) में बागवानी का योगदान 33% है, जबकि कम भूमि पर ज्यादा आय और रोजगार सृजन इसकी खासियत है। इस चमकदार तस्वीर का एक निराशाजनक पहलू ये है कि कमजोर आपूर्ति शृंखला व सीमित प्रसंस्करण के कारण किसानों को कम दाम मिलते हैं, जबकि उपभोक्ताओं को अधिक कीमत चुकानी पड़ती है। प्याज, टमाटर, आलू, आम, केला और अंगूर में यह स्थिति अक्सर देखने को मिलती है।
देश में 8,600 से अधिक भंडारण इकाइयों में 70% से ज्यादा केवल आलू के लिए उपयोग होती हैं।
- फोटो : गांव जंक्शन
हर जिले में मिनी कोल्ड चेन मिशन मोड में बनाना जरूरी
आईसीएआर-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के निदेशक डॉ. राजेश कुमार बताते हैं, भारत में फल-सब्जी उत्पादन का 20-30% कटाई के बाद नष्ट हो जाता है; केवल 20% नुकसान मानें तो हर साल 7.417 करोड़ टन उपज बर्बाद होती है। इसका मुख्य कारण शीत भंडारण ढांचे की कमी है। देश में 8,600 से अधिक भंडारण इकाइयों में 70% से ज्यादा केवल आलू के लिए उपयोग होती हैं, जबकि अन्य उत्पादों के लिए पर्याप्त बहु-उत्पाद शीत शृंखला नहीं है।
डॉ. राजेश कुमार बताते हैं, भारत में फल-सब्जियों का प्रसंस्करण मात्र 2-3% है, जो विकसित देशों में 40-70% तक है। टमाटर सॉस, प्याज फ्लेक्स, आम पल्प और फ्रोजेन सब्जियों जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं हैं, लेकिन कमजोर बाजार व्यवस्था के कारण किसान मंडियों पर निर्भर रहते हैं और अधिक आपूर्ति पर दाम गिर जाते हैं।
डॉ. कुमार आगे बताते हैं, बागवानी 2.0 की दिशा में बढ़ते हुए, केवल उत्पादन नहीं, बल्कि मूल्य संवर्धन, बाजार प्रबंधन व किसानों की आय बढ़ाने पर ध्यान देना होगा। बीज से बाजार तक एकीकृत मॉडल बनाना होगा, जिसमें क्लस्टर आधारित उत्पादन, ग्रेडिंग, पैकिंग, ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग इकाइयों से जुड़ाव व निर्यात चैनलों का विकास शामिल हो। नासिक प्याज, हिमाचल सेब, नागपुर संतरा व वाराणसी सब्जी क्लस्टर इसमें प्रेरक मॉडल बन सकते हैं।
डॉ. राजेश कुमार कहते हैं कि हर जिले में मिनी कोल्ड चेन मिशन शुरू होना चाहिए। देश के 750 जिलों में 10-10 आधुनिक इकाइयां स्थापित होनी चाहिए। प्री-कूलिंग सेंटर, रेफ्रिजरेटेड वैन व मल्टी-कमोडिटी कोल्ड स्टोरेज जैसी व्यवस्थाएं होंगी तो 30-40 फीसदी बर्बादी कम होगी। पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, ऑपरेशन ग्रीन्स व एफपीओ आधारित प्रोसेसिंग को गति देनी होगी। ऑपरेशन ग्रीन्स को टमाटर, प्याज और आलू तक सीमित न रखकर सभी बागवानी फसलों तक विस्तारित करना चाहिए।
डॉ. राजेश कुमार बताते हैं, निर्यात उन्मुख व जलवायु अनुकूल खेती के तहत अंगूर, अनार, आम, मसाले, प्रसंस्कृत सब्जियां व जैविक उत्पाद वैश्विक पहचान दिला सकते हैं, बशर्ते गुणवत्ता, अवशेष नियंत्रण, पैक हाउस व ट्रेसेबेलिटी मजबूत हो। इसके लिए संरक्षित खेती, टपक सिंचाई, मल्चिंग तथा सूखा-गर्मी के प्रति सहनशील किस्मों को अपनाना आवश्यक है।
इसके साथ ही, मूल्य स्थिरीकरण कोष, हर जिले में उद्यानिकी आधारभूत ढांचा कोष, निजी निवेश को प्रोत्साहन और एफपीओ आधारित नवाचार मॉडल जैसे कदम बागवानी क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
भारत की कृषि अर्थव्यवस्था में बागवानी का योगदान तेजी से बढ़ रहा है।
- फोटो : गांव जंक्शन
देश भर में बनानी होंगी छोटी प्रसंस्करण इकाइयां
बेंगलुरु स्थित आईसीएआर-भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. तुषार कांति बेहेरा बताते हैं कि भारत की कृषि अर्थव्यवस्था में बागवानी का योगदान तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में, कृषि के कुल सकल मूल्य संवर्धन (जीवीए) में बागवानी का हिस्सा एक तिहाई से ऊपर पहुंच चुका है। इसके बावजूद, देश की खेती अभी भी सीमित फसलों यानी लगभग 10 से 20 प्रमुख फसलों पर अधिक निर्भर है, जबकि बागवानी में फसल विविधीकरण की अपार संभावनाएं हैं। किसानों को एक ही फसल पर निर्भरता कम करके विभिन्न बागवानी फसलों को अपनाना चाहिए। इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि नुकसान का जोखिम भी कम होगा और किसानों की आय में स्थिरता आएगी।
डॉ. तुषार कांति बेहेरा कहते हैं, देश के विभिन्न राज्यों में उत्पादन और उत्पादकता में बड़ा अंतर देखने को मिलता है। ऐसे में, प्रत्येक राज्य के लिए अलग रणनीति बनाना आवश्यक है। इसमें बेहतर सिंचाई व्यवस्था, फर्टिगेशन (जल के साथ उर्वरक देना), संतुलित उर्वरक उपयोग और वैज्ञानिक खेती की पद्धतियों को अपनाना शामिल है।
साथ ही, जलवायु परिवर्तन को देखते हुए नई और सहनशील किस्मों को किसानों तक पहुंचाना भी बेहद जरूरी है, ताकि बदलते मौसम में उत्पादन प्रभावित न हो। अधिक उत्पादन के प्रयास में अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों का उपयोग मिट्टी की गुणवत्ता को नुकसान पहुंचा रहा है। इसलिए, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहद आवश्यक है, ताकि दीर्घकाल में खेती टिकाऊ बनी रहे।
बागवानी में फसल विविधीकरण की अपार संभावनाएं हैं।
- फोटो : गांव जंक्शन
डॉ. बेहेरा बताते हैं कि बागवानी फसलें, जैसे- फल, सब्जियां, जड़ी-बूटियां और फूल विटामिन, खनिज तत्वों, एंटी-ऑक्सीडेंट्स और औषधीय गुणों से भरपूर होती हैं। दैनिक आहार में कम से कम 50 फीसदी हिस्सा बागवानी उत्पादों का शामिल करना चाहिए। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि इन फसलों की मांग भी बढ़ेगी। भारत में बागवानी उत्पादों की प्रसंस्करण दर अभी केवल 2 से 3 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। हर जिले और ब्लॉक स्तर पर छोटी-छोटी प्रसंस्करण इकाइयों और पैकिंग हाउस की स्थापना करके इस अंतर को दूर किया जा सकता है। इससे किसानों को न केवल बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि फसलों की बर्बादी भी कम होगी।
किसानों को एक ही फसल पर निर्भरता कम करके विभिन्न बागवानी फसलों को अपनाना चाहिए।
- फोटो : गांव जंक्शन
डॉ. तुषार कांति बेहेरा कहते हैं कि बागवानी सेक्टर में संरक्षित खेती (ग्रीनहाउस), ऊर्ध्वाधर खेती (वर्टिकल फार्मिंग) और सटीक खेती (प्रिसिजन फार्मिंग) जैसी तकनीकों का उपयोग तेजी से बढ़ाना होगा। इससे कीट-रोगों का प्रकोप कम होगा, उपज की गुणवत्ता बेहतर होगी और उत्पादन नियंत्रित तरीके से बढ़ा सकेंगे। बागवानी फसलें जैविक और प्राकृतिक खेती के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती हैं। रसायनों के सीमित उपयोग के साथ टिकाऊ खेती को बढ़ावा देकर न केवल पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
बागवानी 2.0 में कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग, एफपीओ और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की भूमिका बेहद अहम होगी।
- फोटो : गांव जंक्शन
कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग और एफपीओ मिलकर पलट सकते हैं बाजी
आईसीएआर-एनआईएपी के निदेशक प्रो. प्रताप सिंह बिरथल बताते हैं, बागवानी में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन स्टोरेज, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और नीतिगत स्तर पर ठोस सुधार जरूरी हैं। तभी किसानों को इसका वास्तविक लाभ मिल पाएगा। कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की भूमिका बेहद अहम होगी। समस्या उत्पादन की नहीं, बल्कि विपणन, भंडारण और प्रसंस्करण व्यवस्था की कमजोरियों की है।
प्रो. बिरथल कहते हैं, भारत के किसान उत्पादन करने में सक्षम हैं, लेकिन उन्हें समय पर उचित बाजार नहीं मिल पाता। बागवानी फसलें जल्दी खराब हो जाती हैं, जबकि पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज और स्थानीय भंडारण सुविधाओं की कमी है। परिणामस्वरूप, अधिक उत्पादन के समय कीमतें अचानक गिर जाती हैं। इस स्थिति को सुधारने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर छोटे-छोटे कोल्ड स्टोरेज और भंडारण केंद्रों का विकास आवश्यक है। यह सुविधा केवल अनाज के साथ ही विशेष रूप से फल और सब्जियों के लिए होनी चाहिए।
प्रो. बिरथल के मुताबिक, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग व्यावहारिक समाधान बन सकती है, जिसमें किसानों को पहले से तय मूल्य मिलता है, बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम कम होता है और कंपनियां तकनीकी सहयोग भी देती हैं। पोल्ट्री सेक्टर इसका सफल उदाहरण है, जहां 70-75 फीसदी उत्पादन इसी मॉडल पर आधारित है। एफपीओ इसमें बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। सामूहिक रूप से कोल्ड स्टोरेज स्थापना, बड़े पैमाने पर विपणन और वैल्यू चेन विकसित करना किसानों की आय बढ़ा सकता है।
प्रो. बिरथल आगे कहते हैं, भारत अभी बागवानी उत्पादों के निर्यात में पीछे है, जिसका प्रमुख कारण निर्यात नीति में अस्थिरता, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों का पालन न होना, कोल्ड चेन की कमी और सख्त वैश्विक नियम हैं। इस स्थिति में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाना, फार्म-टू-मार्केट तक संपूर्ण वैल्यू चेन विकसित करना, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पादन और किसानों को तकनीक एवं बाजार से सीधे जोड़ना अनिवार्य है।
किसानों को केवल कच्चा उत्पाद बेचने के बजाय मूल्य संवर्धन से जोड़ना होगा।
- फोटो : गांव जंक्शन
अपनानी होगी तकनीक, कलस्टर खेती और प्रसंस्करण
आईसीएआर के पूर्व उप-महानिदेशक प्रो. एन.एस. राठौर बताते हैं, पारंपरिक खेती से बढ़कर बागवानी 2.0 की दिशा में काम करना आवश्यक है। उत्पादन बढ़ाना काफी नहीं होगा; बल्कि उत्पादकता, किसानों की आय, गुणवत्ता, टिकाऊ बागवानी और विपणन को भी मजबूत करना होगा। विशेषकर; प्याज, टमाटर और आलू जैसी फसलों में मूल्य अस्थिरता रोकने के लिए रणनीतिक बदलाव जरूरी हैं।
प्रो. एन.एस. राठौर कहते हैं, खेत से बाजार तक मजबूत व्यवस्था बनाकर गांवों में शीत भंडार व पूर्व शीतलन केंद्रों की स्थापना और जल्दी खराब होने वाली फसलों के लिए तेज परिवहन सुनिश्चित करना होगा। किसानों को केवल कच्चा उत्पाद बेचने के बजाय मूल्य संवर्धन से जोड़ना होगा। ब्लॉक स्तर पर छोटी प्रसंस्करण इकाइयां बनें और स्थानीय उत्पादों को ‘एक जिला एक उत्पाद योजना’ के तहत ब्रांडिंग व पैकेजिंग के माध्यम से बड़े बाजारों से जोड़ा जाए। किसान को कृषि उद्यमी बनाने के लिए ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक समझ से लैस करना होगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और इंटरनेट आधारित तकनीक से मौसम पर नज़र और कीट प्रबंधन करके जोखिम कम कर सकते हैं। ड्रोन के उपयोग से उर्वरक व कीटनाशकों का छिड़काव किफायती एवं प्रभावी हो सकता है।
प्रो. राठौर कहते हैं, एक ही फसल पर अधिक निर्भरता से बाजार असंतुलन पैदा होता है। इसलिए, ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, मशरूम व औषधीय पौधों जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देते हुए मांग के आधार पर फसल चयन जरूरी है। छोटे किसानों की क्षमता बढ़ाने के लिए किसान उत्पादक संगठनों और क्लस्टर आधारित बागवानी को मजबूत करना चाहिए, ताकि वे सीधे बाजार से जुड़ सकें। उत्पादन के बाद की व्यवस्था, तकनीक, संगठन व बाजार को जोड़कर बागवानी को लाभकारी बनाते हुए किसानों को कृषि उद्यमी एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना सकते हैं।
टिशू कल्चर और स्वच्छ पौध उत्पादन जैसी जैव प्रौद्योगिकी आधारित तकनीकें बागवानी को मजबूत कर सकती हैं।
- फोटो : गांव जंक्शन
टिशू कल्चर और स्वच्छ पौध उत्पादन से बदलेगी बागवानी
स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी, जेएनयू, नई दिल्ली के प्रोफेसर कश्यप दुबे बताते हैं कि भारत में जैव प्रौद्योगिकी कृषि में बदलाव की मजबूत शक्ति बनकर उभर रही है। विशेष रूप से टिशू कल्चर (पादप ऊतक संवर्धन) जैसी तकनीकों ने उच्च गुणवत्ता वाले पौधों के उत्पादन की नई संभावनाएं खोली हैं। भारत का प्लांट टिशू कल्चर उद्योग लगभग 15% की वार्षिक दर से बढ़ रहा है, जो दर्शाता है कि रोगमुक्त और गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री की मांग लगातार बढ़ रही है। रोगग्रस्त पौधों, कम उत्पादन व बदलती जलवायु जैसी चुनौतियों से जूझती पारंपरिक खेती में किसानों की आय प्रभावित हो रही है। टिशू कल्चर और स्वच्छ पौध उत्पादन जैसी जैव प्रौद्योगिकी आधारित तकनीकें व्यावहारिक समाधान दे सकती हैं। इनसे साल भर बड़ी संख्या में एक जैसे, स्वस्थ और अधिक उत्पादक पौधे तैयार किए जा सकते हैं।
प्रोफेसर कश्यप दुबे बताते हैं, बागवानी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करता है। लेकिन, पारंपरिक तरीकों के कारण पौधों की गुणवत्ता और उत्पादकता में असमानता रहती है। टिशू कल्चर तकनीक इन कमियों को दूर करने में सहायक है। इससे उच्च गुणवत्ता वाले पौधों का उत्पादन, तेज गुणन और नियंत्रित परिस्थितियों में बेहतर विकास संभव है। स्वच्छ पौध उत्पादन का उद्देश्य किसानों तक रोगमुक्त और प्रमाणित पौध सामग्री पहुंचाना है। यह अंगूर, संतरा और अनार जैसी फलों के लिए अत्यंत उपयोगी है, जहां वायरस व अन्य रोग उत्पादन को प्रभावित करते हैं।
प्रोफेसर दुबे बताते हैं, रोगमुक्त पौधों के उपयोग से न केवल पैदावार बढ़ती है, बल्कि फलों और सब्जियों की गुणवत्ता भी बेहतर होती है, जिससे बाजार में उनका मूल्य अधिक मिलता है। उदाहरण के तौर पर केले की खेती में टिशू कल्चर अपनाने से उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। टिशू कल्चर तकनीक में पौधे के छोटे हिस्सों - जैसे पत्ती, तना या जड़ को प्रयोगशाला के नियंत्रित वातावरण में विकसित कर पूर्ण पौधे में बदला जाता है। इस प्रक्रिया में चयनित स्वस्थ पौधे से ऊतक लेकर उसे निष्क्रिय किया जाता है, फिर पोषक माध्यम में विकसित करके जड़ व तने का निर्माण कराया जाता है। अंततः खेत में इसे रोप दिया जाता है। इससे कम समय में लाखों पौधे तैयार कर सकते हैं।
प्रोफेसर दुबे बताते हैं, भारत में इस तकनीक का उपयोग कई फसलों में बड़े पैमाने पर हो रहा है, जिनमें केला, आलू, गन्ना, आम, स्ट्रॉबेरी, ऑर्किड तथा एलोवेरा जैसे औषधीय पौधे शामिल हैं। भारत सरकार ने राष्ट्रीय प्रमाणन प्रणाली (एनसीएस-टीसीपी) की स्थापना की है, जो ऊतक संवर्धन से तैयार पौधों की गुणवत्ता सुनिश्चित करती है। जैव प्रौद्योगिकी विभाग को इसके लिए प्रमाणन एजेंसी के रूप में अधिकृत किया गया है। यह प्रणाली उत्पादन इकाइयों के मानकीकरण और अंतिम उत्पाद के प्रमाणन के माध्यम से गुणवत्ता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आज भारत में लगभग 125 से 200 के बीच वाणिज्यिक टिशू कल्चर इकाइयां सक्रिय हैं। जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अलावा नाबार्ड जैसी संस्थाएं टिशू कल्चर प्रयोगशालाओं की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता और सब्सिडी प्रदान करती हैं।
सप्लाई चेन को पंचायत स्तर तक मजबूत करना होगा।
- फोटो : गांव जंक्शन
पंचायत तक बने सप्लाई चेन बाजार से जोड़े जाएं बागवान
फल, सब्जी एवं फूल उत्पादक संघ, हि.प्र. के अध्यक्ष हरीश चौहान बताते हैं, बागवानी भारत के किसानों की रीढ़ है और देश की लगभग आधी किसान आबादी की आजीविका इसी पर निर्भर है। इसके बावजूद, फल-सब्जियों जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पादों में लगभग 40 प्रतिशत तक क्षति केवल सप्लाई चेन की खामियों के कारण होती है, जिससे किसान अपनी उपज को समय पर और सही बाजार तक नहीं पहुंचा पाते। सुधार के लिए सप्लाई चेन को पंचायत स्तर तक मजबूत करना होगा। इसके तहत छोटे कोल्ड स्टोरेज, सीए स्टोरेज, ग्रेडिंग व प्राथमिक प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना होनी चाहिए। इससे फसल की बर्बादी कम होगी और किसानों को मूल्य संवर्धन का लाभ मिलेगा।
चौहान कहते हैं, विपणन में भी बदलाव जरूरी है, ताकि किसान सीधे उपभोक्ता या संगठित बाजार से जुड़ सकें और बिचौलियों पर निर्भरता कम हो। इससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। आयात पर निर्भरता कम करने के लिए 'वोकल फॉर लोकल' पर दृढ़ता से अमल करना होगा। वैश्विक स्तर की वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना जरूरी है, ताकि गुणवत्ता व प्रतिस्पर्धा बढ़ सके। 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' की तर्ज पर 'ईज ऑफ डूइंग फार्मिंग' की तरफ बढ़ना होगा। किसानों के लिए एक सरल, पारदर्शी व लाभकारी कृषि व्यवस्था की जरूरत है।
(यह स्टोरी मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के मई 2026 में प्रकाशित की गई है)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।