विज्ञापन
Home› Khabar Junction› 17 5 Lakh Panchayat Leaders To Get Gender Training 752 Crore Allocated

पंचायतों में निर्भय चेतना अभियान: 17.5 लाख पुरुष प्रतिनिधि सीखेंगे महिला सुरक्षा और लैंगिक संवेदनशीलता का सबक

डॉ. उमाशंकर मिश्र, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 17 Jun 2026 07:28 PM IST
सार

केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए देशव्यापी 'निर्भय चेतना' अभियान शुरू किया है। निर्भया फंड के तहत संचालित इस पहल में 17.5 लाख पुरुष और 14.5 लाख महिला निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों समेत करीब 32 लाख जनप्रतिनिधियों तक पहुंचेगी सरकार। इस कार्यक्रम पर कुल 752.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जानिए, विस्तार से...

17-19 जून तक नई दिल्ली में मास्टर ट्रेनर्स को दिया जा रहा है विशेष प्रशिक्षण।
17-19 जून तक नई दिल्ली में मास्टर ट्रेनर्स को दिया जा रहा है विशेष प्रशिक्षण। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता को पंचायतों के एजेंडे में सबसे ऊपर लाने की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने देशव्यापी 'निर्भय चेतना' कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके तहत 17.5 लाख पुरुष और 14.5 लाख महिला निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों समेत करीब 32 लाख जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने की योजना है।

केंद्रीय पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज के अनुसार, यह पहल महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर पुरुषों को संवेदनशील बनाने के साथ-साथ स्थानीय शासन को लैंगिक रूप से अधिक उत्तरदायी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

752 करोड़ रुपये का मेगा अभियान
पंचायती राज मंत्रालय के मुताबिक, यह अपनी तरह का दुनिया का सबसे बड़ा अभियान है। 'निर्भय चेतना' निर्भया फंड के तहत संचालित 'निर्भय रहो' कार्यक्रम का प्रमुख घटक है। इस कार्यक्रम के लिए महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों के क्षमता निर्माण पर 343.43 करोड़ रुपये और पुरुषों के संवेदीकरण पर 408.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह कुल 752.26 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

हर पंचायत तक पहुंचेगा मिशन
मंत्रालय का लक्ष्य देश की प्रत्येक पंचायत तक पहुंचना है। इसके तहत पुरुषों में लैंगिक संवेदनशीलता बढ़ाने, महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों को सशक्त बनाने और गांवों में सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम किया जाएगा।

17.5 लाख पुरुष प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण
देश की लगभग 2.6 लाख ग्राम पंचायतों, 6,500 से अधिक ब्लॉक पंचायतों और 692 से अधिक जिला पंचायतों में यह कार्यक्रम लागू होगा। 'निर्भय चेतना' अभियान के तहत 17.5 लाख से अधिक पुरुष निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को लैंगिक समानता, महिला अधिकारों, सुरक्षा और महिला-अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
2.6 लाख पंचायतों में तीन मोर्चों पर काम करेगी सरकार
2.6 लाख पंचायतों में तीन मोर्चों पर काम करेगी सरकार - फोटो : गांव जंक्शन
14.5 लाख महिला प्रतिनिधियों के लिए 'निर्भय नेत्री' पहल 
'निर्भय नेत्री' पहल के तहत 14.5 लाख से अधिक महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों को कानूनी साक्षरता और क्षमता निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की बेहतर समझ के साथ स्थानीय शासन में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

गांवों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
'निर्भय दृष्टि' पहल के तहत सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के गांवों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य गांव स्तर पर महिलाओं के लिए सुरक्षा ढांचे को मजबूत करना है।

28,500 मास्टर ट्रेनर किए जा रहे तैयार
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर 28,500 मास्टर ट्रेनर तैयार किए जा रहे हैं। पंचायती राज मंत्रालय निर्भया फंड परियोजना के तहत 17 से 19 जून 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) में तीन दिवसीय ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT) कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
पंचायत में पुरुष प्रतिनिधियों के लिए ट्रेनिंग मॉड्यूल जारी करते हुए केंद्रीय पंचायती राज सचिव।
पंचायत में पुरुष प्रतिनिधियों के लिए ट्रेनिंग मॉड्यूल जारी करते हुए केंद्रीय पंचायती राज सचिव। - फोटो : गांव जंक्शन
'महिलाएं सुरक्षित होंगी तभी विकास होगा'
केंद्रीय पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज ने कहा, महिलाओं को अधिक सुरक्षा व राहत देने के लिए कानूनों को मजबूत किया जा रहा है। हालांकि, भारत में महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी कई विकसित देशों की तुलना में अब भी कम है। उन्होंने कहा, चीन में महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी 59 फीसदी है, जबकि भारत में यह सिर्फ 32 फीसदी है। केंद्रीय सचिव ने कहा, जब तक महिलाएं सुरक्षित नहीं होंगी विकास नहीं होगा।

महिला सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
पंचायती राज मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सुशील कुमार लोहानी ने कहा कि महिला सुरक्षा जमीनी शासन और समुदाय दोनों से जुड़ा विषय है, जिसके लिए महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी आवश्यक है।
विज्ञापन
विज्ञापन