कुआर की उमस भरी धूप जब धीरे-धीरे ढलान पर उतरने लगती है, तब धरती का आंगन नई आभा से भर उठता है। वर्षा के बादल बूढ़े साधुओं की तरह क्षितिज के पार सरक जाते हैं और आकाश धुला-पुंछा, नीला और पूरी तरह निर्मल हो उठता है।
तब तक हथिया नक्षत्र भी अपनी अंतिम झड़ी बरसाकर चुपचाप विदा हो चुका होता है और नदियों के कछारों, खेतों की मेड़ों तथा पोखर के किनारे कास के उजले फूल खिल उठते हैं, मानो वसुधा ने अपने माथे पर चांदी का चंवर सजा लिया हो।
तभी ठंडी, मीठी हवा की डोर थामे खिरलिच खंजन चिरइ पाहुन बनकर उतरती है। हवा में न जेठ की झुलसन है, न सावन की उमस। कभी वह गन्ने के लहलहाते खेतों में फुदकती दिखती है, कभी सुनहरी होती धान की बालियों पर थिरकती है, तो कभी बाजरे की बाली पर क्षण भर ठहरकर फिर फुर्र हो जाती है। उसकी चंचल पूंछ की हर थिरकन शरद के आगमन की कोमल मुनादी है, ऋतु के द्वार पर बजा मंगल-शंख, जिसे सुनकर खेत-खलिहान मुस्कुरा उठते हैं।
ये भी पढ़ें : एक कोंपल, कई कहानियां- बांस की करील से जुड़ी है झारखंड की खाद्य संस्कृति और वनों के संरक्षण की अनूठी दास्तान
...और रात? रात की ओस में नहाकर स्वर्ग का पुष्प पारिजात पूरे परिसर को अपनी मादक सुगंध से भर देता है और झरते-झरते धरती के धैर्य पर विनम्रता से वारी जाता है। श्वेत पंखुड़ियां, केसरिया डंठल, मानो आंगन में स्वयं स्वर्ग उतर आया हो। भोर होते-होते उसकी गंध गांव की गलियों तक फैल जाती है और सोया हुआ वातावरण मानो किसी अदृश्य आरती में डूबकर जाग उठता है।
कायदे से तभी, हां, ठीक तभी, इस सुंदर, अलौकिक-से महीने कातिक (कार्तिक) की आहट सुनाई देने लगती है, किसी दूर बजती घंटी की मद्धम, मीठी गूंज-सी, तुलसी-चौरे पर टिमटिमाते पहले दीये-सी। वह आता नहीं, उतरता है, जैसे कोई संत धीमे कदमों से गांव में प्रवेश करता है, और धरती सज-संवरकर उसके स्वागत में खड़ी हो जाती है, निर्मल, उजली और एकदम धैर्यवान।
ये भी पढ़ें : दाहा के किनारे दशहरा मेला, चार आने के बाइस्कोप में झांकता बचपन और एक रुपये की जलेबी की मीठी वो यादें
अपनी आंख से देखा कार्तिक
पौराणिक, धार्मिक महत्व की बात कुछ देर के लिए छोड़ भी दें, तो भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय के नाम से पहचाने जाने वाले इस महीने को अगर हम बस अपनी आंख से देखते हैं, तो भी मिट्टी, हवा, पानी का बदला हुआ मिजाज और बदली हुई वनस्पतियां, सुगंधियां हमारे भीतर का मिजाज भी बदल देती हैं।
यह बदलाव इतना सुंदर होता है कि बरबस ही यह महीना अद्भुत हो उठता है। बाहरी परिवर्तन से मन की आंतरिक दशा कुछ ऐसे बदलती है कि हम विस्मय से भर जाते हैं। प्रकृति का परिवर्तन हमसे यह कहलवा ही लेता है कि कार्तिक का महीना अलौकिक है। एक बार हम अवश्य सोचते हैं कि क्या सचमुच यह देवताओं का महीना है?
ये भी पढ़ें : रामलीला की यादें, जब पेड़ बनता था अशोक वाटिका, चबूतरा बनता था अयोध्या… बोरों पर बैठकर पूरा गांव देखता था मंचन
धान की गमक, हरसिंगार की महक
मेरे लिए कातिक सुगंधियों का महीना है। मेरी स्मृति में इस महीने की याद सबसे पहले धान और उसके बाद दुआर और आंगन, दोनों जगह के हरसिंगार की सुगंध से है।
इस महीने का नाम लेते ही मन में धान गमकने लगता है, हरसिंगार महकने लगता है, हरे-पीले पत्तों के बीच आधी-आधी झुकी धान की बालियां दिखने लगती हैं और उन पर झुंड के झुंड उड़ती-बैठती खिरलिच दिखने लगती है। उन चिड़ियों के उड़ने-बैठने से धान की बालियां हिलती हैं और हवा में धान की सुगंध का एक जोर का झोंका लहराता है। ये कातिक है!
ये भी पढ़ें : पितृपक्ष की सांझ और बेटियों का लोकपर्व, जब पीहर आईं सांझी माई, कच्ची दीवारें भी मुस्काई
इनार, आंगन और तुलसी चौरा
दुआर पर इनार के पास लगा हरसिंगार, जो रात से ही लगातार महक रहा है, सुबह इनार के जगत पर और इनार के पानी में ओस से भीगे फूल बिछा चुका होता है।
गौरैया और गौरैया जैसी ही बुलबुलें और दूसरी उतनी ही छोटी चिड़ियां, जिनके नाम मुझे अब तक नहीं पता, उन फूलों पर, इनार पर, हरसिंगार पर, रुन्नी के गाछ पर, आम के गाछ पर बोल रही हैं। उनके पंखों की फर्र-फर्र से हरसिंगार और झरता जाता है और महकता जाता है। ये कातिक है!
भोर में उठकर इया के कातिक नहान और दीयरी-बाती के बाद आंगन के तुलसी चौरा पर चढ़ाए अच्छत को गौरैया चुगती है। वह क्यारी में लगे तुलसी के पौधों, इया के अनुसार वृंदावन, को हिलाती-डुलाती उड़ती है। पूरा घर-आंगन हरसिंगार और तुलसी की मिली-जुली सुगंध से सुवासित है। ये कातिक है!
ये भी पढ़ें : कट गिरे ब्रह्मपिशाच, गुम हुआ अगिया बैताल, गांव के 'अदृश्य प्रहरियों' के अवसान की कहानी
रसोई की ताजा मनमोहक महक
रसोई में धनिया, नींबू, आदी (अदरक) की ताजा महक फैली हुई है। सिल-लोढ़ा पर अंवरा (आंवला), आदी, मुरई (मूली) का पत्ता, हरी मिर्च कूंची जा रही है। पूरी रसोई मह-मह है। ये कातिक है! बगइचा-फुलवारी में धोबिन चिरइ को देखना, भंडार कोन पर खिरलिच को देखकर साल भर के शुभ की आश्वस्ति, कातिक है।
माटी की सुगंध, लिपते आंगन-दुआर
दीयरी-बाती आने वाली है। गांव-जवार नदी से माटी ला रहा है। कोई गाड़ा पर लादकर, तो कुछ औरतें खइंची में भरकर गीत गाते हुए माटी ढो रही हैं। माटी से फूस की चंचरी लीपी जा रही है। दीयरी-बाती और छठ के लिए बरसात से भेदराए घर-दुआर को सुथ्थर किया जा रहा है। ये कातिक है!
ये भी पढ़ें : बिहुला-विषहरी की पूजा- रंगों और रेखाओं में लोक-स्मृति का आख्यान, मंजूषा कला में आज भी जीवित है अंग की लोकगाथा
दुआर को माटी-गोबर से लीपकर चिक्कन बनाया जा रहा है। दीयरी-बाती यानी दिवाली से पहले धान की कटनी हो जानी चाहिए। आखिर दीयरी-बाती को, लछिमी जी को धान की बालियां चढ़ती हैं और धान के पांच रास (ढेर) पर पांच कच्चे दिए भी तो बारने हैं। यह व्यस्तता, यह चहल-पहल कातिक है!
सुगंध ही सुगंध, सुंदरता ही सुंदरता
आंगन से दुआर तक, खेत से खलिहान तक, फुलवारी से बगइचा तक हवा में सुगंध ही सुगंध है। बिना किसी कारण मन बेहद खुश है। ये कातिक है। हां, यही कातिक है!
आंख बंद करके सुगंध ही सुगंध और आंख खोलकर चहुंओर सुंदरता। फूलों में गेंदा, गुलदाउदी, डहलिया; खेतों में ऊंख (ईख), धान की हरियाली; गांव के छाजन-छानी पर कोहड़ा के चंपई और नेनुआ के पीले फूल। हरे-उजले बतिया से लदराया छाजन, दूर से संस्कृत में पढ़ी पर्णकुटी-सी दिखती झोपड़ियां, कातिक है!
ये भी पढ़ें : जिस दिन आम के टिकोले का लोकतंत्र खत्म हुआ, उसी दिन बचपन थोड़ा बूढ़ा हो गया...
रंगों में रंगे पशु, मेले-सा गांव
चटक हरी, लाल और पीली रस्सियों से सजी बकरियां, गले में रंग-बिरंगी रस्सियों के साथ बंधी घंटियां पहने गायें और बड़े-बड़े रंगीन मोतियों की मालाओं व गेरू की छाप से सजे बैल। घरों की लिपी-पुती दीवारों पर औरतें गेरू और चूने से फूल-पत्तियां, बेल-बूटे, सुग्गे और मछलियां उकेर रही हैं। कहीं बच्चे द्वार पर बैठकर ऊंख चूस रहे हैं, तो कहीं गागल का स्वाद ले रहे हैं। बिना मेले के ही बच्चों की चहल-पहल से पूरा गांव मेले-सा रौनकदार हो उठा है। यही तो कातिक है!
कोजागरा की ठंडी खीर
अपने अब तक के अनुभवों, खासकर बचपन के आधार पर, मैं कार्तिक को किसी एक खांचे में, किसी एक नाम से नहीं जान पाती। शास्त्र-पुराण की, ज्ञान-विज्ञान की बातों की कसौटी पर इस महीने को कौन कसे कि ऋतु परिवर्तन से वायुमंडल में नव ऊर्जा रहती है, कि धूल-गर्द-कीचड़ सब धुल के साफ हुए रहते हैं धरती से आसमान तक, कि तभी तो नव-जागृति, नव-चेतना का विस्तार शुभ्र आकाश में कार्तिक पूर्णिमा पर अपने उत्कर्ष पर होता है, कि तभी तो स्वच्छ, पावन चांदनी अमृत-सी धरती पर आती है।
न्ना! मेरा बचपन तो कोजागरा, यानी शरद पूर्णिमा के अगले दिन मिलने वाली ठंडी खीर से याद रखता है, जिसे हम अंगना-दुआर से, खेतों-खलिहानों से आती सुगंधियों के बीच आंगन में बैठकर केला के पत्ता पर खाते थे। खीर में पड़े तुलसी दल को माथे पर लगाकर फेंक देते थे, जबकि सर पर रह-रहकर हरसिंगार झरता रहता था, बालों में, कान पर अटकता रहता था।
ये भी पढ़ें : जहां भात, वहां भारत - दादी की लोरी से आधुनिक थाली तक स्वाद, संस्कार और स्मृतियों की अनूठी कहानी
शुभ-शगुन का शंखनाद है कार्तिक
कार्तिक स्नान से देवताओं का महीना है कार्तिक। दिवाली से प्रारंभ हुए उत्सवों का महीना है कार्तिक। देवउठनी एकादशी से विवाह-जनेऊ जैसे शुभ कार्यों के कारण, भाई दूज जैसे त्योहारों वाले सुंदर संबंधों का महीना है कार्तिक।
खिरलिच, नीलकंठ को देख शुभ शकुन विचारते, मैनाओं, बुलबुलों, फुलचुस्की, फरगुद्दी, सुग्गों से आबाद गाछ-बिरीछ और सांझ के आसमान वाला चिड़ियों का महीना है कार्तिक।
सुगंध, सुंदर प्राकृतिक दृश्य, सुंदर आवाजें, संबंधों और उत्सवों वाले इस महीने को आप अपनी यादों में किसका महीना कहेंगे? बताइए!
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर 2026 अंक में प्रकाशित किया गया है।)