Home›Misal Bemisal›Vishesh›
Malnutrition Silent Disaster Nutritional Security World Food Day Nfhs Data Anemia Overweight Obesity
भारत की मौन आपदा: कुपोषण की जड़ें गहरी, पौष्टिक फसलों पर केंद्रित हो कृषि नीति
डॉ. जया जुमरानी, वरिष्ठ वैज्ञानिक, भा.कृ.अनु.प.-राष्ट्रीय कृषि आर्थिकी एवं नीति अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 13 Dec 2025 06:18 PM IST
सार
भारत में ‘मौन आपदा’ के रूप में कुपोषण की जड़ें गहरी जमी हैं। यह अच्छी बात है कि अब भोजन की मात्रा से ज्यादा इसकी गुणवत्ता के महत्व को समझा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कृषि वैज्ञानिकों से जनसंख्या के समग्र पोषण सुधार पर शोध केंद्रित करने का आह्वान किया है।
खाद्यान्न सुरक्षा के बाद अब पोषण सुरक्षा पर फोकस करने का समय।
- फोटो : गांव जंक्शन
भारत सहित दुनिया भर के देशों में भोजन की मात्रा से ज्यादा गुणवत्ता पर दिया जा रहा है। इस साल विश्व खाद्य दिवस (16 अक्तूबर) की थीम भी ‘बेहतर भोजन और बेहतर भविष्य के लिए एकजुट प्रयास’ रही, जो भूख, कुपोषण और खाद्य प्रणालियों की चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग और सामूहिक कार्रवाई की मांग करती है। वैश्विक स्तर पर भूख में थोड़ी कमी आई है, लेकिन यह लाभ असमान रूप से आम जनमानस तक पहुंच रहा है। क्षेत्रीय और सामाजिक-आर्थिक स्थितियों में असमानताएं इसके लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं। भारत में कुपोषित लोगों की संख्या घटी है, मगर चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था होने के बावजूद हमारे यहां यह ‘मौन आपदा’ बनी हुई है - जहां कुपोषण कई रूपों में डेरा जमाए है। एनएफएचएस (2019-21) के अनुसार, 5 वर्ष से कम आयु के 36% बच्चे बौनेपन, 19% कमजोरी, 32% कम वजन और 67% एनीमिया से पीड़ित हैं।
अधिक पोषण और एनीमिया के आंकड़े भी चिंताजनक हैं - ग्रामीण महिलाओं (15-49 वर्ष) में अधिक वजन की दर वर्ष 2005-06 6.2% थी, जो बढ़कर 2019-21 में 15.2% हो गई, जबकि वयस्क मोटापा लगभग तीन गुना बढ़ा है। शहरी क्षेत्रों में हर चौथा वयस्क अधिक वजन वाला है, जबकि 57% प्रजनन आयु वाली महिलाएं एनीमिया से ग्रस्त हैं। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि इस मामले में प्रगति तो हुई है, लेकिन असमानता भी बनी हुई है। भारत ने खाद्य सुरक्षा हासिल कर ली, पर पोषण सुरक्षा अभी दूर है। पोषण सुरक्षा प्राप्त करने के लिए, भारत को खाद्य-केंद्रित से पोषण-केंद्रित दृष्टिकोण की ओर बढ़ना होगा। इसको व्यापक रोडमैप के जरिए लागू करना होगा
सिर्फ कैलोरी से नहीं बनेगी बात
पिछले वर्षों में भारत की खाद्य नीतियां अनाज पर केंद्रित रहीं, केंद्रबिंदु कैलोरी और भूख मिटाने तक सीमित था। सार्वजनिक वितरण प्रणाली से कैलोरी उपलब्ध हुई, लेकिन कम पोषक गुणों वाले आहार की एकरूपता से नुकसान भी हुआ। अब खाद्य सुरक्षा से आगे पोषण सुरक्षा जरूरी है - सुरक्षित, विविध और पोषक भोजन सभी तक पहुंचना चाहिए। चुनौती भोजन की नहीं, बल्कि पोषण उपलब्ध कराने की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कृषि वैज्ञानिकों से समग्र पोषण सुधार पर शोध केंद्रित करने का आह्वान किया है।
पौष्टिक फसलों पर केंद्रित हो कृषि नीति
कृषि, पोषण सुरक्षा की नींव है। हरित क्रांति ने खाद्यान्न आत्मनिर्भरता दी, लेकिन आहार विविधता कम हो गई। अकाल रुका, पर जल-गहन चावल-गेहूं की एकल खेती बढ़ी, आहार एकरस हुआ और मिट्टी में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी आई। अब कृषि नीति फसल उत्पादन से आगे बढ़कर पौष्टिक फसलों पर केंद्रित होनी चाहिए - जैव-विविधता, टिकाऊ खेती बढ़ानी होगी, कृषि सब्सिडी को पुनः नियोजित करने की आवश्यकता है और एक आकर्षक प्रोत्साहन ढांचा विकसित किया जाना चाहिए ताकि किसान पौष्टिक फसलें, जैसे - श्री अन्न, पोषक तत्वों से भरपूर फल, सब्जियां और फलियां, साथ ही जैव-फोर्टिफाइड फसल किस्में उगाने के लिए प्रोत्साहित महसूस करें। पशुपालन-मत्स्य पालन में निवेश भी बढ़ाना होगा। सरकार ने किसानों की आय व पोषण सुरक्षा बढ़ाने के लिए दो प्रमुख योजनाएं शुरू की हैं - 24,000 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना और 11,440 करोड़ रुपये का दलहन आत्मनिर्भरता मिशन। उम्मीद की जानी चाहिए कि ये योजनाएं आत्मनिर्भरता, पोषण सुरक्षा और ग्रामीण समृद्धि को मजबूत करेंगी।
स्वच्छ परिवेश से स्वस्थ रहेगा शरीर
कुपोषण कोई एकाकी समस्या नहीं है। इसका तीन गुना बोझ - यानी अल्प-पोषण, अति-पोषण और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी - सीधे तौर पर स्वच्छता, स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी व्यवहारों से जुड़ा है। जल , स्वच्छता और स्वच्छ व्यवहार (WASH) से जुड़े कदम स्वास्थ्य के साथ ही पोषण सुधार के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और पोषण कार्यक्रमों के बीच तालमेल बनाकर बेहतर पोषण परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। अध्ययनों से स्पष्ट हुआ है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में शौचालय सुविधाओं में वृद्धि के परिणामस्वरूप, मिशन के शुरुआती वर्षों में ही पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में वृद्धि में अवरोध की दर में कमी दर्ज की गई - जो इस बात का प्रमाण है कि स्वच्छता, पोषण की महत्वपूर्ण सीढ़ी है।
परिवर्तन की प्रेरक शक्ति के रूप में महिलाएं
पोषण सुरक्षा में महिलाएं केंद्रीय भूमिका निभाती हैं - वे भोजन उत्पादक, देखभालकर्ता और निर्णयकर्ता के रूप में भावी पीढ़ियों पर बेहद गहरा प्रभाव डालती हैं। विडंबना यह है कि महिलाएं स्वयं अल्प-पोषण से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इसलिए, महिलाओं का सशक्तीकरण सबसे पहले जरूरी है; सशक्त महिला बेहतर पोषण की कुंजी है। शिक्षा, आय और निर्णय शक्ति से न केवल उनका स्वास्थ्य सुधर सकता है, बल्कि बच्चों व परिवार का पोषण स्तर भी ऊंचा उठ सकता है। स्वयं सहायता समूहों व पोषण अभियान में एक कदम आगे बढ़कर इनसे जुड़ी महिलाओं को नेतृत्व की कमान सौंपनी चाहिए - सामुदायिक रसोई, न्यूट्री-गार्डन और जागरूकता अभियानों से वे स्थायी परिवर्तन ला सकती हैं।
जीवन के शुरुआती 1000 दिन बेहद अहम
बच्चे के जन्म के बाद पहले 1000 दिन उसके शारीरिक-मानसिक विकास की नींव रखते हैं। इसलिए, आईसीडीएस, प्रधानमंत्री पोषण योजना और पोषण 2.0 जैसी योजनाओं को मजबूत कर उनके बीच समन्वय बढ़ाना जरूरी है। आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को उन्नत प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन देकर बच्चों की वृद्धि की निगरानी व शिशु पोषण प्रथाओं को प्रभावी बनाया जा सकता है। चावल, तेल, नमक जैसे खाद्य उत्पादों का सार्वभौमिक फोर्टिफिकेशन और आयरन-फोलिक एसिड पूरक से सूक्ष्म पोषक कमी दूर की जा सकती है।
उपलब्धता, पहुंच और सामर्थ्य का महत्व
लगभग 40.4% भारतीय लोग आज भी स्वस्थ आहार का खर्च वहन नहीं कर पाते। सार्वजनिक स्वास्थ्य सुधार के लिए सरकार को तीन 'ए' - उपलब्धता (Availability), पहुंच (Accessibility) और सामर्थ्य (Affordability) - पर ध्यान देना चाहिए, जिसमें सामर्थ्य सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। व्यवहार परिवर्तन हेतु जागरूरता का प्रसार भी जरूरी है। पारंपरिक आहार बहाल करना, स्थानीय उपज को बढ़ावा देना और स्कूलों-समुदायों में जागरूकता फैलाना खाद्य विविधता को वापस ला सकता है। खाद्य सुरक्षा नियम सख्ती से लागू करना, अत्यधिक प्रसंस्कृत व शर्करा युक्त उत्पादों का विपणन कम करना भी जरूरी है।
एफएसएसएआई के ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान जैसी पहल से पता चलता है कि किस प्रकार विनियमन और जागरूकता से उपभोग के पैटर्न को स्वस्थ आहार की ओर मोड़ा जा सकता है। देश भर में पैक के सामने लेबलिंग नियमों के कार्यान्वयन पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए। इसमें - स्पष्ट, मोटे चेतावनी लेबल - जिसमें विविध जनसंख्या के अनुरूप चित्रात्मक प्रतीक और पोषण संबंधी सरल जानकारी हो - अधिक प्रभावी हो सकते हैं।
जलवायु-स्मार्ट कृषि से पोषक खाद्य उत्पादन
पोषण सुरक्षा और पर्यावरणीय स्थिरता परस्पर जुड़ी हुई हैं। जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ता तापमान, अनियमित वर्षा, बाढ़ व सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं और मिट्टी के क्षरण से फसल पैदावार और पोषण मूल्य दोनों लगातार घट रहे हैं। अनुसंधान दिखाते हैं कि कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जन वृद्धि से मुख्य खाद्यान्नों में प्रोटीन व सूक्ष्म पोषक तत्व कम हो जाते हैं। इसलिए, पोषण रणनीति को जलवायु-सुरक्षित बनाना जरूरी है - खाद्य तंत्र की जैव विविधता बचानी होगी और जलवायु-स्मार्ट तथा पुनर्योजी कृषि अपनानी होगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित-पोषक भोजन मिलता रहे।
योजनाओं से प्रणालियों तक कन्वर्जेंस
भारत में आईसीडीएस, पीएम पोषण, पोषण अभियान, सक्षम आंगनवाड़ी मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं हैं, लेकिन इनकी खंडित प्रकृति इनके प्रभाव को सीमित कर देती है। इनका अभिसरण जरूरी है - जिला स्तर पर समन्वित योजना, संयुक्त निगरानी और एकीकृत जवाबदेही से इसमें मदद मिल सकती है। जिला पोषण समितियां कलेक्टर की अध्यक्षता में कमान केंद्र की तरह कार्य कर सकती हैं। राज्य वार्षिक पोषण कार्ययोजना बना सकते हैं, जिसमें मापनीय संकेतक और स्वतंत्र ऑडिट शामिल हों। सिविल सोसाइटी और पंचायती राज संस्थाओं द्वारा सामुदायिक पोषण की निगरानी से सरकारी कार्यक्रम को जन-आंदोलन में बदल सकते हैं।
पोषण समस्याओं के लिए मजबूत कृषि ढांचा भी जरूरी है; फसल कटाई के बाद के नुकसान को कम करने हेतु कोल्ड चेन और भंडारण में निवेश बेहद जरूरी है, खासकर पोषक एवं नाशवान बागवानी उत्पादों के लिए। मौसमी ताजा आहार की स्थानीय पहुंच बढ़ाने में सामुदायिक उद्यान तथा शहरी व उप-शहरी कृषि को प्रोत्साहित किया जाना उपयोगी हो सकता है। पोषण पर जीडीपी का 0.5% खर्च होता है; इसे विकास का केंद्र बनाकर निवेश बढ़ाना होगा। डेटा-प्रौद्योगिकी से रीयल-टाइम निगरानी व ओपन डेटा से पारदर्शिता सुनिश्चित कर सकते हैं। पोषण पर व्यय मानव पूंजी में निवेश है - इसमें खर्च होने वाला प्रत्येक रुपया मापनीय प्रतिफल देता है। वर्ष 2047 तक पोषित व विकसित भारत के निर्माण के लिए पोषण को आर्थिक नीति का केंद्र बनाना होगा।
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर 2025 अंक में प्रकाशित किया गया है। ये लेखिका के निजी विचार हैं।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।