श्रद्धांजलि : फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र क्यों कहते थे - 'मैं किसान का बेटा हूं', किसानों के लिए आवाज भी उठाई
डॉ. उमाशंकर मिश्र, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Mon, 24 Nov 2025 03:31 PM IST
सार
हिंदी सिनेमा के ‘He-Man’ कहे जाने वाले मशहूर फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में सोमवार 24 नवंबर को निधन हो गया। धर्मेंद्र खुद को किसान को बेटा कहते थे और अंत समय तक वह खेती-किसानी से जुड़े रहे। धर्मेंद्र कहते थे कि 'मैं एक जट हूं और जटों को अपनी जमीन और अपने खेत बहुत पसंद होते हैं।' दिग्गज एक्टर और पूर्व सांसद धर्मेंद्र ने तीन कृषि कानूनों को रद्द करने के लिए राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर कड़ाके की ठंड में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में भी आवाज उठाई।
धर्मेंद्र कहते थे कि "मैं किसान का बेटा हूं, मैं एक जट हूं और जटों को अपने खेत बहुत पसंद होते हैं।"
- फोटो : सोशल मीडिया
मशहूर फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में सोमवार 24 नवंबर को निधन हो गया है। कुछ समय पहले धर्मेंद्र खंडाला में अपने फैमिली फार्महाउस में अपनी पहली पत्नी प्रकाश कौर के साथ समय बिता रहे थे। एक्टर धर्मेंद्र नेचर, अच्छे खाने और शांत माहौल के बीच एक सुकून भरी जिंदगी जी रहे थे। बीते 11 नवंबर को सुबह अचानक दिग्गज अभिनेता के निधन की अफवाह वायरल होने से उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई थी। लेकिन, वह मौत को मात देकर स्वस्थ होकर घर लौट आए थे।
छह दशक तक लोगों के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता धर्मेंद्र जिंदादिली एक बड़ी मिसाल रहे हैं। उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में काम किया और 90 से अधिक फिल्में सुपरहिट दीं। उम्र के अंतिम पड़ाव पर भी वह 21 फिल्मों में काम कर रहे थे। फिल्मों और अपने काम के प्रति धर्मेंद्र का जुनून और उनका अनूठा अंदाज ही था, जो किसी एक्टर को महान बनाता है।
जब धर्मेंद्र बोले - 'मेरे किसान भाइयों को इंसाफ मिलेगा'
दिग्गज एक्टर और पूर्व सांसद धर्मेंद्र ने तीन कृषि कानूनों को रद्द करने के लिए राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर कड़ाके की ठंड में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में भी आवाज उठाई। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा - "मुझे उम्मीद है कि मेरे किसान भाइयों को इंसाफ मिलेगा। मैं दिल से दुआ करता हूं। हर नेक आत्मा को राहत मिलेगी।" उन्होंने ट्वीट किया, "अपने किसान भाइयों का दुख देखकर मुझे बहुत दर्द हो रहा है। सरकार को जल्द कुछ करना चाहिए।"
गांव की मिट्टी से जुड़ी रही हैं धर्मेंद्र की जड़ें
धर्मेंद्र का पूरा नाम धरम सिंह देओल था, जिनकी जड़ें गांव की मिट्टी से जुड़ी हुई थीं। खेती, किसानी और ग्रामीण जीवन से धर्मेंद्र का जुड़ाव सिर्फ बचपन की यादों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ये उनकी सम्पूर्ण पहचान का हिस्सा रहा है। पंजाब के लुधियाना जिले के साहनेवाल गांव में 8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र एक जट्ट सिख किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता केवल किशन सिंह देओल स्कूल टीचर थे, लेकिन परिवार की मुख्य आजीविका खेती और पशुपालन थी। बचपन से ही वे खेतों में काम करते, ट्रैक्टर चलाते, गाय-भैंस चराते और मिट्टी से खेलते हुए बड़े हुए। 89 वर्ष की उम्र में भी वे ऑर्गेनिक फार्मिंग करते रहे और खुद को "किसान का बेटा" कहना पसंद करते। उनकी जिंदगी का हर पहलू - फिल्मों, परिवार, राजनीति और निजी जीवन - ग्रामीण भारत की सादगी और मेहनत से रंगा हुआ है।
अपनी 'जट विरासत' से जोड़कर देखते थे खेती
मशहूर फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का खेती-किसानी से गहरा रिश्ता रहा है। अपने अंतिम दिनों तक लोनावाला में अपने 100 एकड़ के ऑर्गेनिक फार्महाउस में वह अपनी पहली पत्नी प्रकाश कौर के साथ रहे थे। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपने फार्म की झलकियां शेयर करते थे, जिसमें वह ऑर्गेनिक खेती, जानवरों की देखभाल करने और हरियाली का आनंद लेते हुए दिखाई देते थे। खेती के प्रति उनका लगाव उनकी पहचान का एक अहम हिस्सा है, जिसे वह अक्सर अपनी जाट विरासत से जोड़कर देखते थे।
धर्मेंद्र (Dharmendra) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे। लाखों लोग उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं। एक्टर भी आए दिन अपनी तस्वीरों और वीडियो के जरिए फैंस को रूटीन अपडेट देते रहते। कुछ समय पूर्व धर्मेंद्र ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो अपने खेत में उगाए गए शलजम के बारे में फैन्स को जानकारी दे रहे हैं।
वर्ष 2015 में, बॉलीवुड के आयरन मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र अपनी कॉमेडी फिल्म 'सेकंड हैंड हसबैंड' की रिलीज से पहले मीडिया से बात करने आए, तो अपनी चिर-परिचित मुस्कान और मिलनसार अंदाज में उन्होंने खुलकर अपने दिल की बात रखी। जब उनसे पूछा गया कि आजकल वह क्या कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “मैं एक जट हूं। जटों को अपनी जमीन और अपने खेत बहुत पसंद होते हैं। आजकल मैं अपना ज्यादातर समय लोनावला में अपने फार्महाउस पर बिताता हूं। हमारा फोकस ऑर्गेनिक खेती पर है और हम चावल उगाते हैं। मेरे पास वहां कुछ भैंसें भी हैं।” धर्मेंद्र की इस जिंदादिली को देखकर उम्र बढ़ने के प्रोसेस पर सवाल उठाने का मन करता है।
Meri aapki kheeti🥬🥒🫑🧅🥔🍅🍆Ji chaahta hai jaldi rusrick cottages bana kar aapko apna loving neighbors bana loon🙏 pic.twitter.com/3SzPYi3FeN
कोविड-19 के प्रकोप के दौरान लॉकडाउन लाइफ से जुड़े अपडेट्स धर्मेंद्र फैन्स के साथ शेयर करते रहे। उन्होंने 18 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह ट्रैक्टर पर बैठकर अपना खेत जोतते नजर आ रहे हैं। धर्मेंद्र वीडियो में कहते हैं, दोस्तों कैसे हैं आप, इतना छोटा खेत तो मैं जैसे-तैसे जोत लेता हूं, इसमें थोड़ी एक्सरसाइज हो जाती है।
Just to boost your morale to fight against Coronavirus 🙏 janoon hain jaanbaz hain hum ....aafat e karona tere qatil .....inasaaniyat ke alambdar hain hum 👍 pic.twitter.com/H4zVz81Nyc
बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता के तौर पर विख्यात धर्मेंद्र कई तरह के फल और सब्जियां अपने फार्महाउस पर उगाते थे, जिनमें चावल, टमाटर, बैंगन, फूलगोभी, केले और चीकू शामिल हैं। वह अक्सर ऑनलाइन शेयर किए गए वीडियो में अपनी उगाई हुई चीजों को गर्व से दिखाते। धर्मेंद्र के फार्महाउस में कुछ भैंसें और दूसरे जानवर भी दिखाई देते, जैसे घोड़ा और हस्की, जिनके साथ उन्हें अक्सर देखा जाता रहा।
धर्मेंद्र ने कुछ समय पहले एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपने फार्म पर उगाए गए अल्फांसो आम की खासियत बता रहे हैं। धर्मेंद्र कह रहे हैं, 'यह अपने खेत के अपने फार्म के अल्फांसो हैं। बड़े प्यार से बोए थे। अब बड़े प्यार से फल खा रहे हैं। अच्छा लगता है। आपको कैसा लग रहा है।'
अक्सर, धर्मेंद्र के परफॉर्मेंस वाले रोल उनके डैशिंग लुक्स की वजह से छिप जाते थे। जब उनसे तराशे हुए शरीर और सिक्स-पैक एब्स के आजकल के क्रेज के बारे में पूछा जाता, तो वह कहते, “मैं एक किसान का बेटा हूं और बचपन में अपने खेतों में काम किया है। मैं कबड्डी और हॉकी खेलता था, और बचपन में बरगद के पेड़ों से कूदता था। मैंने हमेशा ताजा और सादा खाना खाया, जैसा मैं अपने गांव में खाता था। हमारे पास फ्रिज नहीं था, सुबह का पहला आहार एक गिलास दूध होता।
ट्रैक्टर से की जुताई, खेतों में बीज बोए
अपनी उम्र के बावजूद, एक्टर धर्मेंद्र खेती में खुद काम करते और उन्हें वीडियो में हल चलाने और बुवाई जैसी गतिविधियों में शामिल होते देखा गया। खेती-किसानी को धर्मेंद्र सिर्फ शौक नहीं; बल्कि जीवनशैली मानते थे, जो उन्हें मुंबई शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर सुकून देती। एक बार उन्होंने कहा कि आज भी वह सबसे पहले किसान हैं और उनके गांव की जड़ें उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्हें प्रकृति के बीच शांति और खुशी मिलती, और जब वह अपने फार्म पर होते, तो उनकी सादगी और जमीन से जुड़ाव साफ दिखाई देता।
'फिल्म इंडस्ट्री मेरा पहला प्यार, अब यह एक बाजार'
देओल परिवार ने हमेशा लो प्रोफाइल बनाए रखा। कुछ लोगों को लगा कि उन्होंने अपनी फिल्मी सफलताओं की ब्रांडिंग करने का मौका गंवा दिया। इस पर धर्मेंद्र कहते, “हमारे समय में, यह एक इंडस्ट्री हुआ करती थी, लेकिन आज यह एक खुला बाजार है। हर कोई बिकने के लिए तैयार लगता है। मैं क्या कह सकता हूं! एक्टिंग मेरा पहला प्यार था, लेकिन आज मेरा पहला प्यार एक पूरा बिजनेस बन गया है।”
'हम कितनी बार अपने काम की तारीफ कर सकते हैं?'
अपने बैनर विजयता फिल्म्स के उतार-चढ़ाव को देखते हुए, धर्मेंद्र मानते थे कि फिल्में बनाना आसान नहीं है। उन्होंने एक बातचीत में कहा, “हमने फिल्म 'अपने' से पैसे गंवाए। फिर, हमने पहली 'यमला पगला दीवाना' से मुनाफा कमाया, लेकिन दूसरी वाली फिल्मों ने हमें दोबारा रुला दिया। अगर सोचें तो, 'अपने' एक स्पोर्ट्स पर आधारित फिल्म थी। शाहरुख ने मुझसे कहा था कि आपको बस इसका थोड़ा और प्रमोशन और मार्केटिंग करनी चाहिए थी और फिल्म चल जाती। अब यह पब्लिसिटी का तरीका ऐसा है, जो हम बहुत अच्छे से नहीं समझते। हम कितनी बार अपने काम की तारीफ कर सकते हैं? यह तो दर्शकों को हमें बताना चाहिए।”
धर्मेंद्र ने कुछ समय पहले कहा, आजकल, सब कुछ काफी आर्टिफिशियल हो गया है; यहां तक कि फाइट सीन भी। हीरो के एक पंच मारते ही जमीन हिल जाती है और लोग हवा में कलाबाजियां खाने लगते हैं। लोगों को यह पसंद आता है। सलमान, जो बहुत स्वीट है, उसने एक बार मुझसे मेरी जांघों के बारे में पूछा था - कि मैंने उन्हें बनाने के लिए क्या किया। मैंने उससे कहा, असल में, कुछ नहीं किया।”
जब बात उन क्लासिक फिल्मों पर आती है, जिनमें उन्होंने और अमिताभ बच्चन ने साथ काम किया था, जैसे - शोले (1975) और चुपके-चुपके (1975), तो वह याद करते हुए कहते हैं, “ऋषि दा एक अच्छी कहानी, अच्छा स्क्रीनप्ले और अच्छे डायलॉग लिखते थे। अमित और मैं बस इन पार्ट्स को आसानी से कर लेते थे, और लोग हमें शानदार परफॉर्मेंस के लिए बहुत क्रेडिट देते थे।”
बेटी अहाना ने कुछ समय पूर्व जब बेटे को जन्म दिया, तो धर्मेंद्र ने कहा, “अपने बच्चों और उनके बच्चों को बड़े होते देखना ही आपको हिम्मत देता है।”
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।