विज्ञापन
Home› Misal Bemisal› Vishesh› Seed Bill 2025 Seed Bill Seed Law Farmers Rights Draft Seed Law Seed Control Substandard Seeds

New Seed Bill: नए बीज बिल के मसौदे को लेकर चिंता में क्यों हैं राज्य सरकारें, वैज्ञानिक और किसान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 10 Dec 2025 01:21 PM IST
सार

New Seed Bill Draft: 11 दिसंबर तक नए बीज कानून 2025 को लेकर सुझाव मांगे गए हैं, लेकिन बिल के ड्राफ्ट को देखकर किसान, वैज्ञानिक और राज्य सरकारें सभी चिंता में हैं। सबको लग रहा है कि ये बिल बीज कंपनियों को खुली छूट देगा और राज्यों-किसानों के हक छीन लेगा।

गेहूं का बीज
गेहूं का बीज - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अभी तक हर राज्य अपने यहां के मौसम, मिट्टी और फसल के हिसाब से बीज की किस्में तय करते रहे हैं और कीमत भी कंट्रोल करते रहे हैं। किसानों एवं वैज्ञानिकों के एक वर्ग की दलील है कि नया बिल आते ही ये सारी पावर दिल्ली के पास चली जाएगी। प्रो. जयशंकर तेलंगाना कृषि विश्वविद्यालय (PJTAU) के अल्दास जानैया कहते हैं, राज्यों से कृषि संबंधी मामलों पर नियंत्रण छीनने की कोशिशें स्थानीय कृषि तंत्र को नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना स्थानीय परिस्थितियों में परीक्षण किए बीज आयात की अनुमति देने से बीमारियों सहित गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

जनैया के अनुसार, राज्य बीज समिति को राज्य-विशेष किस्मों के पंजीकरण का अधिकार होना चाहिए, क्योंकि राज्य ही किसानों की जरूरतों और उपयुक्त किस्मों को बेहतर जानता है। उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी संस्थानों द्वारा विकसित बीजों का पंजीकरण तभी हो, जब उन्हें कम से कम एक सीजन के लिए किसी मान्यता प्राप्त केंद्र में परीक्षण किया जाए। केंद्र को भेजे गए सुझावों में उन्होंने नकली या घटिया बीजों से नुकसान होने पर किसानों को समयबद्ध मुआवजा दिलाने के लिए एक वैधानिक प्रावधान जोड़ने की मांग भी की है।

घटिया बीज से फसल उजड़े तो मुआवजा कब?
सबसे बड़ी शिकायत ये है कि अगर किसी कंपनी के घटिया या नकली बीज से फसल बर्बाद हो जाए तो किसान को तय समय में मुआवजा देने का कोई ठोस प्रावधान इस बिल में नहीं है। पहले भी लाखों किसान बर्बाद हो चुके हैं, लेकिन अब भी कोई गारंटी नहीं है। सेंटर फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर के सीईओ जी.वी. रामनजनेयुलु ने उस प्रावधान पर आपत्ति जताई है, जिसमें केंद्र सरकार को केवल आपात स्थितियों में ही बीज कीमतों को नियंत्रित करने का अधिकार दिया गया है।

रामनजनेयुलु के अनुसार, यह बड़ा कदम पीछे हटने जैसा है, क्योंकि इससे राज्य सरकारों की नियमित रूप से बीज कीमतें और रॉयल्टी नियंत्रित करने की क्षमता कमजोर हो जाएगी - जैसा कि बीटी कपास के दाम बढ़ने के मामलों में देखा गया है। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि फसल खराब होने पर किसानों की सुरक्षा का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, विदेशी परीक्षण और सर्टिफिकेशन को मान्यता देना ICAR और राज्य कृषि विश्वविद्यालयों की भूमिका को कमजोर करता है, और कृषि से जुड़े निर्णयों में राज्यों और किसानों की भागीदारी लगातार कम हो रही है।

नकली बीजों पर सख्ती और पारदर्शिता की मांग
नेशनल सीड एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NSAI) के अध्यक्ष एम. प्रभाकर राव ने बिजनेसलाइन के हवाले से कहा है कि मौजूदा लाइसेंसिंग प्रणाली की कमजोरी के कारण कुछ गलत तत्व भी लाइसेंस लेकर घटिया, गलत लेबल वाले और नकली बीज बेच देते हैं, जिससे बीज क्षेत्र में गंभीर समस्याएं पैदा होती हैं। NSAI ने सुझाव दिया है कि नए बीज विधेयक में ऐसे अवांछित तत्वों को हटाने का प्रावधान होना चाहिए, वास्तविक और जिम्मेदार कंपनियों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, प्रसंस्करण संयंत्रों का नियमित ऑडिट सुनिश्चित करना और बीजों की ट्रेसिबिलिटी प्रणाली तुरंत लागू करना भी जरूरी है, ताकि नकली बीजों पर तेज और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कंपनियों को सेल्फ सर्टिफिकेट की खुली छूट
नया बिल कहता है कि बीज कंपनियां खुद ही बोल देंगी कि उनका बीज ठीक है। सरकारी जांच बहुत कम होगी। विदेशी ट्रायल के डेटा को भी मान लिया जाएगा। मतलब ICAR और राज्य कृषि यूनिवर्सिटी की मेहनत करेंगी, फायदा विदेशी और बड़ी कंपनियां ले जाएंगी।

फेडरेशन ऑफ सीड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (FSII) के राम कौंडिन्य ने कहा है कि नया सीड बिल बीज उद्योग को अधिक प्रगतिशील और कम एकजुट बनाने का अवसर है, लेकिन मसौदे में बागवानी फसलों, पौध रोपण सामग्री और जीन एडिटिंग जैसी नई तकनीकों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रणाली की संरचना पर अधिक स्पष्टता जरूरी है, ताकि नियंत्रण भी बना रहे और किसानों को विविध किस्में भी उपलब्ध हो सकें, क्योंकि भारतीय कृषि बेहद व्यापक और विविधतापूर्ण है।
विज्ञापन
विज्ञापन