Home›Misal Bemisal›Vishesh›
Farmers Rural India Dr Rajendra Prasad Agriculture Minister Food Self Sufficiency Champaran Satyagraha
कृषि शिक्षा दिवस पर विशेष : किसान, ग्रामीण भारत और डॉ. राजेंद्र प्रसाद
अरविंद कुमार सिंह, वरिष्ठ कृषि पत्रकार
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 03 Dec 2025 12:20 PM IST
सार
कृषि शिक्षा दिवस भारत में हर साल 3 दिसंबर को मनाया जाता है और यह दिन डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जन्म जयंती के रूप में समर्पित है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद भारतीय स्वाधीनता संग्राम के नायक थे, जो देश के पहले कृषि मंत्री और स्वतंत्र भारत के पहले राष्ट्रपति बने। राजेंद्र बाबू के 141वें जन्मदिवस के अवसर पर देश उनके योगदान को याद कर रहा है।
हरिद्वार में गंग नहर की शताब्दी मनाते राजेंद्र बाबू साथ में हैं गोविद बल्लभ पंत
- फोटो : आर्काइव
भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के कई नायक और राष्ट्रनिर्माता इतनी बहुमुखी प्रतिभा के धनी रहे हैं कि उनके कई मुख्य काम बड़े पदों के आगे ढक गए। सरदार वल्लभभाई पटेल को देश के एकीकरण के कारण और डॉ. राजेंद्र प्रसाद को संविधान सभा के अध्यक्ष तथा भारत के पहले राष्ट्रपति के रूप में अधिक जाना जाता है, जबकि ये दोनों ही किसान आंदोलनों की उपज थे और कृषि क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कार्यों को अंजाम दिया था। इसमें डॉ. राजेंद्र प्रसाद 1946 में जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में बनी भारत की अंतरिम सरकार में देश के पहले कृषि और खाद्य मंत्री बने थे।
कृषि मंत्री के रूप में राजेंद्र बाबू का योगदान
राजेंद्र प्रसाद 2 अक्टूबर, 1946 से 14 जनवरी, 1948 तक कृषि मंत्री रहे, पर उस दौर की सबसे बड़ी चिंता खाद्य संकट को दूर करने के लिए उन्होंने "अधिक अन्न उपजाओ" का नारा दिया। मंत्रालय ने अभियान चलाया और किसानों के लिए कई प्रोत्साहक योजनाओं को भी साकार किया। भारत में कृषि विकास के साथ खाद्य आत्मनिर्भरता के लिए उन्होंने पहली बार एक ठोस विजन के साथ खाका तैयार किया, जिसके कारण देश की यह चिंता मिटी।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और ग्रामीण भारत की चुनौतियां
अंग्रेजी शासनकाल में जूट, कपास, नील, अफीम, तंबाकू और गन्ना पर ही सरकार का खास ध्यान रहता था। विभाजन के बाद पंजाब तथा बंगाल का प्रमुख गेहूं और धान उत्पादक इलाका पाकिस्तान के पास चला गया था। जमींदारियों में किसानों का भारी उत्पीड़न था। 1947 में आजादी मिली तो हमारी 35-36 करोड़ आबादी के लिए दो जून का भोजन कराना कठिन था। इसीलिए, महात्मा गांधी ने आजादी के बाद की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह मानी कि सबको मानवीय गरिमा के साथ भोजन मिले। राजेंद्र प्रसाद इसे जमीन पर उतारने में जुट गए। किसान परिवार की पृष्ठभूमि के कारण वे किसानों के दुख-तकलीफ को बारीकी से जानते थे।
जन्म जयंती और कृषि शिक्षा का सम्मान
3 दिसंबर को हर साल राजेंद्र प्रसाद की जन्म जयंती देश भर में मनाई जाती है। पर, 2016 से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद उनके सम्मान में कृषि शिक्षा दिवस मनाती है। कृषि शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता प्रसार के साथ कई विषयों पर चर्चा होती है। आज देश में कृषि के प्रति समर्पित 74 कृषि विश्वविद्यालय हैं। इनमें 4 केंद्रीय विश्वविद्यालय हैं, जिसमें से पूसा, बिहार में राजेंद्र प्रसाद के नाम पर भी एक केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय है। कृषि शिक्षा में इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, नैनो प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी आदि समेत 20 विषय हैं।
व्यक्तिगत त्याग और ग्रामोद्योग की वकालत
जब डॉ. राजेंद्र प्रसाद कृषि मंत्री बने तो देश में खाद्यान्न की इतनी कमी थी कि उन्होंने सबसे पहले अपना राशन घटाकर कम खाने का अभ्यास आरंभ किया। अल्पाहार से काम चलाते हुए उन्होंने कहा था कि हमारे सामने सबसे बड़ा काम कृषि उपज बढ़ाना है, जिससे देश के लोगों को सुबह-शाम भोजन मिल सके। उन्होंने ग्रामोद्योगों के विकास की रणनीति बनाई। वे कहते थे कि किसान साल में छह महीने बेरोजगार रहता है, इसलिए ग्रामोद्योगों को पुनर्जीवित करना जरूरी है।
प्रारंभिक जीवन और स्वाधीनता संग्राम में भूमिका
राजेंद्र बाबू का जन्म 3 दिसंबर 1884 को बिहार के तत्कालीन सारण जिले (अब सीवान) के जीरादेई गांव में हुआ था। उनके पूर्वज मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कुआंगांव, अमोढ़ा से संबंधित थे। वे बाद में बलिया और फिर बिहार के सारण के गांव जीरादेई पहुंचे। पड़ोस की हथुआ रियासत में राजेंद्र बाबू के दादाजी दीवान बने और खेती की जमीनें खरीदीं।
कोलकाता में शिक्षा के बाद राजेंद्र बाबू शीर्ष वकील बने। पर, 1917 में चंपारण सत्याग्रह के दौरान 1300 किसानों का साक्षात्कार लेकर उन्होंने गांधीजी की काफी मदद की। 1921 में राजेंद्र प्रसाद ने वकालत छोड़ी और आजादी की लड़ाई की राह पकड़ ली। 1934 में बिहार में भयानक भूकंप के बाद वे रात-दिन पीड़ितों की सेवा में जुटे रहे। तीस के दशक में ही वे राष्ट्रीय क्षितिज पर उभर चुके थे। इसीलिए, उनको अंतरिम सरकार में मंत्री पद के अलावा विविध भूमिकाएं मिलीं, जिसमें संविधान सभा का अध्यक्ष बनना सबसे अहम है।
संविधान और राष्ट्रपति पद पर योगदान
संविधान ने गांव और किसानों का खास ख्याल रखा। सबको वोट का अधिकार मिलने से ग्रामीण भारत को एक अलग शक्ति मिली। संविधान सभा के बाद राजेंद्र बाबू अंतरिम राष्ट्रपति और दो कार्यकाल तक राष्ट्रपति रहे। राष्ट्रपति भवन में वे कुल 12 साल तीन महीने और 17 दिन रहे, पर राजसी भव्यता को सादगी का प्रतीक बना दिया। परिवार के सदस्यों, मेहमानों और मित्रों पर होने वाले व्यय को वे सरकारी खर्चों में डालना पसंद नहीं करते थे। नियमित चरखा कातते थे। खेती-बाड़ी से संबंधित सरकारी आयोजनों के लिए समय देते थे और दूरदराज में जाते थे। ग्रामीणों और किसानों से लगातार संवाद कायम रखा।
किसानों के प्रति समर्पण और गांधीजी का सपना
गांधीजी ने आजादी के बाद कहा था कि मैं चाहता हूं कि भारत का प्रथम राष्ट्रपति एक किसान हो। वह सपना राजेंद्र बाबू के साथ पूरा हुआ। राष्ट्रपति भवन में रहते हुए राजेंद्र बाबू ने अपनी बोली-बानी नहीं छोड़ी, अपने प्रियजनों से भोजपुरी में बात करते थे। इतना ही नहीं, कई प्रियजनों को भोजपुरी में पत्र भी लिखते थे। राष्ट्रपति के रूप में भी वे कृषि से संबंधित सवालों पर मुखर रहे। उन्होंने किसानों की गरीबी और हालात पर दुख व्यक्त करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को 17 पेज लंबा पत्र लिखा। वो चाहते थे कि हर किसान के पास मजबूत हल-बैलों की जोड़ी हो और उसको सिंचाई के साथ मेहनत का पूरा मूल्य मिले।
कृषि समस्याओं पर चिंता और सुझाव
मई 1952 में पहली लोकसभा के निर्वाचन के बाद, नव निर्वाचित सांसदों को पहले संबोधन में उन्होंने देश की खाद्यान्न समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की थी। राष्ट्रपति रहने के दौरान ही मद्रास में भारतीय कृषि अर्थशास्त्र परिषद में अध्यक्ष के रूप में बोलते हुए उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि वैज्ञानिक अनुसंधान पर सरकार जो रकम खर्च करती है, उसका फल किसानों तक नहीं मिल पाता। वास्तविक किसान तक उनको पहुंचाया ही नहीं जाता। उनका कहना था कि उच्च आसन पर बैठे कृषि अनुसंधान से कुछ वैज्ञानिक और उनका स्टाफ भले ही वेतन पा लें, पर देश को सीमित फायदा है। उनके अनुसंधानों को सुदूर गांवों में कृषक के खेत पर सही सिद्ध करना होगा। तब ही उसका कुछ अर्थ है, अन्यथा इनको बंद ही कर देना श्रेयस्कर होगा।
कृषि यंत्रीकरण और ग्रामीण विकास पर विचार
राजेंद्र प्रसाद कृषि के अंधाधुंध यंत्रीकरण की जगह बैलों के बहुआयामी उपयोग के पक्ष में थे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की 16वीं बैठक में उन्होंने कहा था कि भारतीय कृषि में हमेशा बैलों पर निर्भर रही है। सूखे खेतों को पानी पहुंचाने, कृषि के लिए सस्ती बिजली, बहुउद्देश्यीय सिंचाई बांधों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए हमें कुओं, नालों और तालाबों के सुधार की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए। ऐसे साधनों का पता लगाना चाहिए जिसका उपयोग गरीब किसान भी कर सकें। सस्ते पंप बनें जो पशु शक्ति से चलाए जा सकें। गांवों में उद्योगों, हस्तशिल्प, कुटीर शिल्प, गृह शिल्प की तेज प्रगति हो।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।