विज्ञापन
Home› Gaon Post› Drishtikon› Pm Gram Sadak Yojana How 7 83 Lakh Km Of Rural Roads Transformed India S Village Economy And Lifted Millions

PMGSY: कैसे 7.83 लाख KM ग्रामीण सड़कों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदल दिया और लाखों लोगों को गरीबी से निकाला

अरविंद कुमार सिंह, वरिष्ठ कृषि पत्रकार Published by: Umashankar Mishra Updated Fri, 20 Mar 2026 12:56 PM IST
सार

Rural India Roads: बारहमासी सड़कों का नेटवर्क गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत कर रहा है। अब चुनौती यह है कि हरित तकनीक, सही रखरखाव और सुरक्षित परिवहन के साथ इस कनेक्टिविटी को टिकाऊ बनाकर गांवों को विकास की अगली छलांग दिलाई जाए।

70,125 करोड़ रुपये का फेज 4 चल रहा है - ग्रामीण सड़कों से गरीबी 5.3% तक कम हुई, खेती की GDP बढ़ी
70,125 करोड़ रुपये का फेज 4 चल रहा है - ग्रामीण सड़कों से गरीबी 5.3% तक कम हुई, खेती की GDP बढ़ी - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Rural India Roads: ग्रामीण सामाजिक-आर्थिक ढांचे में सड़कों का योगदान महत्वपूर्ण है। औपनिवेशिक काल में गांवों की स्थिति चिंताजनक थी, जिसे महात्मा गांधी ने ‘उजड़े हुए और कूड़े के ढेर’ की संज्ञा दी थी। इसी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने ग्राम स्वराज की वकालत की। स्वतंत्र भारत में ग्रामीण अवसंरचना सुधार के लिए कई पहल हुईं, किंतु प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने सुनियोजित तरीके से पक्की सड़कों का निर्माण कर ग्रामीण विकास को नई गति दी। भारत के 6.62 लाख गांवों में देश की 60% से अधिक आबादी बसती है।

आजीविका, संस्कृति और परंपराओं का आधार भी यही ग्रामीण क्षेत्र हैं। बिजली, संचार और विशेषकर सड़कों के निर्णायक विकास से ग्रामीण गरीबी घटकर  5.3% रह गई है। इस परिवर्तन में सड़कों की भूमिका निर्णायक है। वर्तमान में 99.7% पात्र बसावटें सड़क नेटवर्क से जुड़ चुकी हैं और पिछले वर्ष 18,000 किमी नई सड़कें बनी हैं। इस मजबूत संपर्क का उल्लेख राष्ट्रपति ने अपने संसदीय अभिभाषण में भी किया है।

ये भी पढ़ें: वन्यजीवों का बढ़ता आतंक - नीलगाय-हाथी-जंगली सुअर के हमलों से किसान परेशान, 75% तक फसलें बर्बाद

स्वतंत्रता के समय अत्यंत कमजोर ग्रामीण बुनियादी ढांचे के कारण डॉक्टर, योग्य शिक्षक और अधिकारी गांवों में जाने से बचते थे। मैदानों, पहाड़ों, तटीय इलाकों, द्वीपों, जंगलों और रेतीले टीलों में बसे भारत के इन गांवों की भौगोलिक विविधता के कारण वहां बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना कठिन रहा है। पक्की सड़कों के अभाव के कारण लंबे समय तक ग्रामीण लोग कच्चे रास्तों पर ऊंट व बैलगाड़ियों के सहारे अपनी उपज और दूध जैसे उत्पादों को मंडियों तक ले जाने की भारी दुश्वारियां झेलने को मजबूर थे।

ग्राम सड़क योजना की शुरुआत 
संविधान के तहत ग्रामीण सड़कें राज्यों का दायित्व होने के बावजूद लंबे समय तक उपेक्षित रहीं। 1980 की राष्ट्रीय परिवहन नीति की सिफारिशों के बाद भी खास प्रगति नहीं हुई। जनवरी 2000 में गठित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास समिति ने पाया कि तमाम वित्त पोषण के बावजूद देश के 53% गांवों में बारहमासी सड़क संपर्क नहीं था। इसी कमी को दूर करने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 25 दिसंबर 2000 को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत की, जिसकी चरणबद्ध रूपरेखा तत्कालीन ग्रामीण विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू के अथक प्रयासों से तैयार की गई थी।

ये भी पढ़ें: एग्रो-वोल्टाइक मॉडल - सौर संयंत्रों का ताप कम करने और खेती संग बिजली उत्पादन का वैज्ञानिक समाधान...

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के पहले चरण में 1,000 से अधिक आबादी वाले गांवों को जोड़ने की रूपरेखा बनी। तीसरे चरण में गांवों को प्रमुख संपर्क संड़कों से जोड़ने का निर्णय हुआ ताकि ग्रामीण कृषि बाजारों, स्कूलों व अस्पतालों से जोड़ा जा सके। इस योजना की मुख्य खूबी राजस्व ग्राम के बजाय बसावट को इकाई मानना और निर्माता एजेंसी द्वारा ही अगले 5 वर्ष तक सड़क का रखरखाव करना है। 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में इसे भारत निर्माण कार्यक्रम से जोड़ा गया। 2011 की जनगणना के आधार पर अब इसका चौथा चरण (2025-2029) चल रहा है, जिसमें 70,125 करोड़ रुपये की लागत से 62,500 किमी सड़कें बनाई जा रही हैं और वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। अब तक कुल 1,63,351 पात्र बसावटों में से 1,62,865 को बारहमासी सड़कों से जोड़ा जा चुका है और अगस्त 2025 तक 7,83,620 किमी सड़कों का निर्माण हो चुका है। चौथे चरण की समाप्ति के बाद 2027 की नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर नई बसावटों की जरूरतों का पता चलेगा। 

हरित प्रौद्योगिकी पर बढ़ा फोकस
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 35 लाख से 1 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर निर्माण लागत आती है, जिसे कम करने के लिए केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान के सहयोग से नई तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। कुल 15 प्रतिशत सड़कें पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों (बेकार प्लास्टिक, कोल्ड-मिक्स, फ्लाई ऐश और तांबे व लोहे के स्क्रैप) से बन रही हैं, जिसका सफल उदाहरण छत्तीसगढ़ में देखने को मिला है।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश की मूंग पर संसद में संग्राम - किसानों के मुद्दे पर भिड़े दो पूर्व मुख्यमंत्री

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले की कावापाल और कलगुड़ा ग्राम पंचायत में बनी 5.5 किमी लंबी सड़क का 1.2 किमी हिस्सा प्लास्टिक-बिटुमिन मिश्रण से बना है। साथ ही, पीएम जनमन योजना के तहत 2028 तक जनजातीय क्षेत्रों की 8,000 किलोमीटर सड़कों को जोड़ने का कार्य प्रगति पर है।

ग्रामीण सड़कों के बेहतर रखरखाव और राज्यों की कार्यक्षमता में सुधार के लिए मास्टर ट्रेनर्स, इंजीनियरों और ठेकेदारों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे राज्यों की कार्यक्षमता में और सुधार आया है।

ग्रामीण सड़कों से बढ़ी वैश्विक हैसियत
भारत 63.4 लाख किलोमीटर सड़क नेटवर्क (जिसमें 80% से अधिक ग्रामीण सड़कें और केवल 2% राष्ट्रीय राजमार्ग हैं) के साथ 2010 से ही विश्व में दूसरे स्थान पर है। ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए अतीत में बनी नागपुर (1943-61), बंबई (1961-81) और लखनऊ (1981-2001) योजनाओं के अपर्याप्त रहने के बाद, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सबसे अधिक सफल रही है। इसी के परिणामस्वरूप ग्रामीण कृषि मशीनीकरण 47 प्रतिशत तक पहुंच गया है और भारत विश्व का सबसे बड़ा ट्रैक्टर बाजार बन गया है; ये ट्रैक्टर व अन्य कृषि उपकरण देश के 13 प्रतिशत डीजल की खपत करते हैं।

ये भी पढ़ें: नई वैश्विक मंडी से नए अवसर - यूरोप-अमेरिका से व्यापार के खुलेंगे द्वार, किसानों के लाभ के लिए करने होंगे सुधार

खेती व परिवहन में ट्रैक्टरों ने काफी हद तक बैलों की जगह ले ली है, लेकिन छोटे किसान आज भी बैल और बैलगाड़ियों का उपयोग करते हैं। हाल ही में गांवों में कारों और बाइक्स की बढ़ती संख्या के कारण सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ी हैं, जिनमें सबसे अधिक जान बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों की जाती हैं और गांवों में कमजोर चिकित्सा सेवाओं के कारण समय पर इलाज न मिलने से कई ऐसी मौतें हो जाती हैं, जिन्हें आसानी से टाला जा सकता था।

सड़कों ने पलट दी गांवों की काया
हर नए साधन के साथ कुछ सकारात्मक और नकारात्मक पहलू जुड़े होते हैं, लेकिन समग्र रूप से देखा जाए तो सड़कों ने गांवों की काया पलट दी है। हाल ही में, संदीप चक्रवर्ती द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2001 से 2011 के बीच निर्मित सड़कों पर एक अध्ययन किया गया। इस अध्ययन में पाया गया कि सड़कों के निर्माण से कृषि जीडीपी में वृद्धि के साथ-साथ कई अन्य सकारात्मक बदलाव भी आए हैं। जिला-स्तरीय प्रति व्यक्ति जीडीपी में औसतन 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। 

ये भी पढ़ें: अरावली का भूगोल गांवों का भविष्य - खनन और वनों की कटाई ने बिगाड़ा प्राकृतिक संतुलन, कैसे बचेगा देववन

सड़कें कृषि उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने में अत्यधिक सहायक सिद्ध हुई हैं। इसका एक सटीक उदाहरण उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में विशेश्वरगंज ब्लॉक के गंगवल से शिवपुर बैरागी के बीच देखा जा सकता है। यहां पहले सड़क के नाम पर गड्ढों, पानी और कीचड़ से भरा रास्ता हुआ करता था, जहां से गुजरने में लोग डरते थे। लेकिन, जब वर्ष 2019-20 में यहां पक्की सड़क बनी, तो पूरे इलाके की तस्वीर बदल गई। स्कूल, अस्पताल और हाट-बाजार जाने से लेकर शादी-विवाह तक में किसानों और आम लोगों का जीवन बहुत सरल हो गया। ऐसा ही बदलाव देश में बनने वाली हर नई ग्रामीण सड़क के साथ दिखाई देता है। 

बारहमासी सड़कों से बदले हालात 
बीते दशकों में नीति आयोग, भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) अहमदाबाद, विश्व बैंक, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बिट्स) पिलानी जैसे कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने स्वतंत्र अध्ययन किए हैं। इन अध्ययनों में पाया गया कि ग्रामीण सड़कों के निर्माण से शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच काफी बेहतर हुई है।

पक्की सड़कों के कारण बालिकाओं को प्राथमिक शिक्षा के बाद आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिली है और ग्रामीणों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होने लगी हैं। बारहमासी सड़कों ने अतिरिक्त कृषि आय के साथ रोजगार सृजन में भी मदद की है। बाजारों तक किसानों और कुटीर उद्यमियों की पहुंच आसान होने से बिचौलियों द्वारा होने वाला उनका शोषण रुका है। कुल मिलाकर, ग्रामीण भारत में इसके बहुत से सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। 
 
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के मार्च 2026 अंक में प्रकाशित किया गया है।)

विज्ञापन
विज्ञापन