Home›Misal Bemisal›Vishesh›
Rain Of Hopes From Farming To Shopping How Much Will Monsoon Improve India Rural Market
खेती से खरीदारी तक उम्मीदों की बारिश : मानसून से कितना सुधरेगा भारत का ग्रामीण बाजार?
गांव जंक्शन, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 14 Jun 2025 06:52 PM IST
सार
मानसून ने इस बार समय से पहले दस्तक दी है, जिसे कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। बारिश संतुलित रही, तो ग्रामीण भारत में समृद्धि की नई लहर देखने को मिल सकती है, जिससे एफएमसीजी और अन्य उद्योगों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मानसून का सीधा असर फसलों, रोजगार और ग्रामीण बाजारों में खरीदारी पर पड़ता है
- फोटो : गांव जंक्शन
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस साल 23 मई को केरल में समय से पहले दस्तक दी, जिससे भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह की लहर दौड़ गई। सामान्य तौर पर 1 जून को शुरू होने वाला मानसून इस बार जल्दी आया, जो कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। भारत की एक बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर है, और मानसून का सीधा असर फसलों, रोजगार और ग्रामीण बाजारों में खरीदारी पर पड़ता है। आइए अर्थशास्त्री डॉ. शरद कोहली से जानते हैं कि इस बार मानसून का क्या असर भारत के ग्रामीण बाजार पर होने वाला है।
कृषि और ग्रामीण भारत की रीढ़
डॉ. शरद कोहली के बताया कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, जहां 65% से अधिक खेती मानसून की बारिश पर निर्भर है। देश की 60-65% आबादी का रोजगार प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कृषि से जुड़ा हुआ है। समय से पहले मानसून का आगमन खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद हो सकता है, बशर्ते बारिश संतुलित रहे। अत्यधिक बारिश बाढ़ का कारण भी बन सकती है, जो फसलों को नुकसान पहुंचाएगी, जबकि कम बारिश भी फसलों के लिए हानिकारक होगी। सामान्य मानसून सीजन जून से सितंबर तक होता है, लेकिन इस बार मई में इसकी शुरुआत और भारत मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, 105% बारिश की संभावना ग्रामीण भारत के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
मानसून का अर्थव्यवस्था पर असर
मानसून का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है; यह देश की समग्र अर्थव्यवस्था को प्रभावित करता है। कृषि क्षेत्र देश की जीडीपी में 17-18% का योगदान देता है, लेकिन इस पर 60-65% आबादी निर्भर है। अच्छा मानसून ग्रामीण आय बढ़ाने में सहायक है, जिससे खपत को प्रोत्साहन मिलता है। किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, नल से जल, आयुष्मान भारत और गरीब कल्याण योजना जैसी सरकारी योजनाओं ने भी ग्रामीण आय बढ़ाने में योगदान दिया है। उदाहरण के लिए, मुफ्त राशन योजना से सामान्य परिवार महीने में 1000-1200 रुपये बचा रहे हैं, जिसे वे अन्य चीजों पर खर्च करते हैं। गांवों में यह बदलाव ग्रामीण बाजार के साथ-साथ भारतीय और विदेशी कंपनियों के लिए बड़ा अवसर बन गया है।
मानसून की यह बौछार ग्रामीण भारत के लिए समृद्धि और विकास का नया अध्याय लिख सकती है
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्रामीण भारत का बढ़ता बाजार
ग्रामीण भारत अब केवल खेती तक सीमित नहीं है, यह एक बड़ा उपभोक्ता बाजार बन चुका है। भारत की मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग की आबादी करीब 65-70 करोड़ है, जो अमेरिका की कुल आबादी से दोगुनी है। डिजिटलीकरण, सोशल मीडिया, और सरकारी योजनाओं जैसे - डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर ने ग्रामीण उपभोक्ताओं की जागरूकता और खरीदारी की क्षमता बढ़ाई है। एफएमसीजी कंपनियां अब ग्रामीण बाजार को प्राथमिकता दे रही हैं, जो पहले केवल शहरी क्षेत्रों पर केंद्रित थीं।
समय से पहले आए मानसून ने ग्रामीण भारत में नई उम्मीदें जगाई हैं। अगर बारिश संतुलित रही, तो खरीफ फसलों की अच्छी पैदावार ग्रामीण आय को बढ़ाएगी, जिससे खरीदारी और एफएमसीजी बाजार में उछाल आएगा। सरकारी योजनाओं और डिजिटलीकरण ने ग्रामीण भारत को एक शक्तिशाली उपभोक्ता बाजार बना दिया है, जो देश की अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकता है। हालांकि, शहरी बाजारों पर मॉनसून का असर चुनौतियां भी ला रहा है, जिसे संतुलित नीतियों से संबोधित करने की जरूरत है।
शहरी अर्थव्यवस्था और मानसून
मानसून का प्रभाव शहरी बाजारों पर भी पड़ रहा है। मई में बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली, लेकिन इससे आइसक्रीम, शीतल पेय, एयर कंडीशनर, और कूलर जैसी गर्मी से संबंधित वस्तुओं की बिक्री प्रभावित हुई। गर्मी के मौसम में लू चलने की जगह बारिश होने के कारण इन वस्तुओं की मांग कम हुई, जिससे फैक्ट्रियों में रोजगार पर असर पड़ा। जहां पहले दो शिफ्ट में काम होता था, वहां अब मंदी देखी जा रही है। यह दिखाता है कि मानसून का प्रभाव ग्रामीण लाभ के साथ-साथ शहरी चुनौतियां भी लाता है।
बाजार में उछाल की उम्मीद
अच्छा मानसून ग्रामीण भारत में खरीदारी की नई लहर ला सकता है। फसल अच्छी होगी, तो ग्रामीण आबादी की आय बढ़ेगी, जिससे खरीदारी में वृद्धि की उम्मीद है। एफएमसीजी कंपनियों के आंकड़े बताते हैं कि ग्रामीण बाजार तेजी से बढ़ रहा है। नीति आयोग के अनुसार, हाल के वर्षों में 25 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर निकलकर निम्न मध्यम वर्ग में शामिल हुए हैं, जिससे ग्रामीण बाजार में उपभोक्ता वस्तुओं की मांग बढ़ी है। कंपनियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्टॉकिस्ट और डिस्ट्रीब्यूटर बढ़ाए हैं, जिससे शहरी सामान अब गांवों में आसानी से उपलब्ध हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।