गांव के बचपन में गर्मी की छुट्टियां किसी त्योहार से कम नहीं थीं। हम चौदह किलोमीटर दूर कस्बे के स्कूल में पढ़ते थे, जहां रोजाना साइकिल या पैदल जाना पड़ता था। धूल भरे रास्तों, खेतों की मेड़ों और आम के पेड़ों की छांव से गुजरते हुए स्कूल का सफर अपने आप में रोमांचक था। लेकिन, मई और जून के दो महीने की छुट्टियां स्कूल, किताब, कॉपी और पेंसिल से पूरी तरह मुक्ति का समय होती थीं। तब ‘हॉलिडे होमवर्क’ जैसा अत्याचारी नियम नहीं था, जो आज बच्चों के लिए बोझ बन गया है। स्कूल खुलने के पहले दिन हस्तकला के तहत कुछ बनाकर लाना होता था। लड़के अपने मां-पिता से बांस का खरहरा या पुआल की झाड़ू बनवाते, जिसे वे गर्व से हेडमास्टर और क्लास टीचर को दिखाते। लड़कियां रंग-बिरंगे अबीरी कागज - लाल, हरा, पीला - गत्ते पर चिपकाकर सजावटी घर बनातीं, जिनमें उनकी रचनात्मकता की झलक होती थी। ये छोटी रचनाएं छुट्टियों का औपचारिक हिस्सा थीं, लेकिन असली मजा गांव के खेतों, नदियों, नहरों, शीशम की छंटनी छांव, केले के खेतों और आम के बगीचों में था, जहां बच्चों की आजादी की दुनिया बसती थी।
Related Link : गांव की आस्था का उत्सव : लुकलुकी की साली पूजा, एक दिन, जब पूरा गांव बन जाता है मां काली का भक्त
चंपक और नंदन का जादू
छुट्टियों की शुरुआत चंपक, नंदन, पराग, बालक, बाल भारती और चंदा मामा के गर्मी विशेषांक से होती। इन पत्रिकाओं के रंगीन मुखपृष्ठ पर कुली के कंधे पर ट्रंक, उसके पीछे साड़ी में मां, फुल पैंट-शर्ट में चश्माधारी पिता और बच्चे का चित्र होता। पास में रेलगाड़ी का इंजन धुआं उगलता दिखता और किसी अनजान लिपि में लिखा स्टेशन का नाम रहस्यमयी लगता। अंदर की कहानियां मसूरी, देहरादून, नैनीताल, दार्जिलिंग और उटकमंड जैसे पहाड़ी स्थानों की सैर करातीं। हम इन्हें पढ़कर अपनी जनरल नॉलेज बढ़ाते, लेकिन कभी यह ख्वाहिश नहीं जगी कि काश हम भी ऐसी जगहों पर घूमने जाएं। हमारे लिए घूमने की जगहें थीं - नदी, नहर, आम के बगीचे, शीशम की छांव, और केले के खेत। ये स्थान हमारी आजादी का आलम थे, जहां हम बिना किसी रोक-टोक हल्ला-गुल्ला करते, तुरत-फुरत खेल बनाते और मस्ती में डूब जाते। इन पत्रिकाओं के लिए भाई-बहनों में कभी-कभी युद्ध छिड़ जाता। छीना-झपटी में पत्रिकाएं फट जातीं और उम्र में छोटे या कमजोर भाई-बहन युद्ध के घायल सैनिकों की तरह रोते-बिलखते रह जाते। फिर भी, ये झगड़े हमारी छुट्टियों की रौनक का हिस्सा थे, जो हमें हँसी और यादों से भर देते। हम हँसते-खेलते फटी पत्रिकाओं के पन्नों को चिपकाने की कोशिश करते, जिसमें कभी सफलता मिलती, तो कभी नाकामी।
Related Link: इतिहास के टीले पर खड़ा उखलीना गांव, जहां हिंडन के उजले पानी में कभी साफ दिखाई देती थीं मछलियां
चचेरे-फुफेरे भाई-बहनों के साथ भरपूर मस्ती
हमारी छुट्टियां गांव में ही बीतती थीं। कभी-कभार ननिहाल जाना पड़ता, लेकिन वहां नाना जी का अनुशासन और गणित की किताबें हमें बांध देतीं। गणित से हमारी कभी दोस्ती नहीं रही और नाना जी की सख्ती हमें बेचैन कर देती। उनकी कक्षा में बैठकर संख्याओं से जूझना कैद जैसा लगता। इसलिए, हम अपने गांव में रहना ज्यादा पसंद करते, जहां कोई रोक-टोक नहीं थी। गांव में फुआ अपने बच्चों के साथ आतीं और हमारा बड़ा आंगन-दलान वाला घर चचेरे-फुफेरे भाई-बहनों से भर जाता। यह जनसंख्या विस्फोट जैसी स्थिति थी। हमें बाहर के दोस्तों की जरूरत नहीं पड़ती। हमारा रावण खानदान ही मस्ती, हंगामे और खेलों के लिए काफी था। आंगन में बच्चों की चहल-पहल, हँसी-ठिठोली, और छोटी-मोटी शरारतें घर को जीवंत कर देतीं।
भोर की सैर, पईन में छपाक-छपाक
भोर में सूरज उगने से पहले पापा, चाचा और बड़े भाई नदी पार के खेतों और बगीचों में निकल जाते। हम बच्चे भी दातुन चबाते, आंखें मलते, उनके पीछे लग जाते। खेतों में बेमतलब घूमना, पईन (नाला) में छपाक-छपाक करना, मेड़ पर दौड़ना, कोयल की नकल कर उसे चिढ़ाना - ये हमारे खेल थे। कोयल की कूक सुनकर हम उसकी नकल करते, और जब वह जवाब देती, तो हमारी खुशी का ठिकाना न रहता। नदी में कुल्ला-गरारी कर मुँह धो लेते, और ठंडा पानी चेहरे पर छपकने की सिहरन हमें तरोताज़ा कर देती। जब छोटे भाई-बहन भूख से रोने लगते, तो हरवाह या चरवाह काका किसी के खेत से तरबूज़ तोड़ लाते। तरबूज़ का रस मुँह पर लग जाता, और हम हँसते-खिलखिलाते उसे चाट लेते। ज़्यादा भूख लगने पर हमें बैलगाड़ी या ट्रैक्टर पर बिठाकर घर भेज दिया जाता, जहां बैलगाड़ी की लयबद्ध चरमराहट और तेज हवा का झोंका हमें नींद में सुलाने लगता।
Related Link: लोक देवता के दरवाजे पर लोगों की 'जातुरि', हुड़के की धुन पर रात भर होती है लोहाखाम देव की स्तुति
दही-चिवड़ा और मलाई की जंग
घर लौटने पर जनसंख्या विस्फोट के कारण हमें ओसारे की मिट्टी पर बिछी बोरी, पिढ़ी, या माचिया पर बैठाया जाता। मिट्टी पर हल्का पानी छिड़ककर, केले या पुरइन के पत्तों पर दही-चिवड़ा या मिठ्ठा जलपान परोसा जाता। आम पकने तक यही हमारा सुबह का नाश्ता था। हम इसे तत्परता से खाते, क्योंकि पूरा दिन खेलने का इंतज़ार रहता। दही की मलाई के लिए पांत में बैठे-बैठे लड़ाई होती, और ईया हमेशा फुआ के बच्चों को ज़्यादा मलाई दे देती, जिसे हम बेईमानी मानते और शिकायत करते। मलाई की वह मलाईदार जंग हमारी छुट्टियों की छोटी-सी कहानी थी, जो हमें आज भी हँसाती है।
हरी-भरी छांव, फूलों की महक
दोपहर में ‘चाम छीलत घाम बा!’ कहकर ईया
या फुआ हमें घर में रोक लेतीं। ओसारे में पांत में भोजन के बाद तरई, दरी, या जाजिम पर सोना पड़ता, जो हमें बिल्कुल पसंद नहीं था। फुआ और ईया दरवाजे पर खटिया पर बेना लिए सोतीं, हमें बाहर जाने से रोकतीं। हम चंपक, नंदन, बालक या चंदा मामा पढ़ते या चोर-सिपाही, राजा-मंत्री खेलते। हल्ला-गुल्ला होने पर बुढ़ियाएं हमें बेना मारतीं और हम नकियाते हुए पास के बगीचे में भाग जाते। बगीचे की हरी-भरी छांव, फूलों की महक और पेड़ों की सरसराहट हमें फिर से
ऊर्जा दे देती।
Related Link: एक चिलम हो तो मुंह से सिर्फ गाली निकलती है, तीन चिलम हो जाएं तो गूंजने लगता है देवी का मनान
नदी के बालू में टिटिहरी के अंडे
बगीचे में गांव के बच्चे मिलते। हम दोल्हा-पाती, बिलईया काटना (पेड़ पर उल्टा लटकना) या मकई के खेत में मचान पर चढ़कर सुग्गा उड़ाते। जामुन झोरते, कपड़ों में दाग लगाते और घर लौटकर झकझोरे जाते। भाई लोग हमें धोखा देकर नहर भाग जाते, लेकिन हम नदी तक ही पहुंच पाते। नदी के बालू में टिटिहरी के अंडे देखते, उनके लिए पत्ते के दोने में पानी भरते या गुरदेल (गुलेल) चलाना सीखते। कभी-कभार भाई लोग मेहरबान होते तो नदी में तैरना सिखाते। लेकिन, तभी ईया-बाबा के भेजे ‘यमदूत’ - काशी भाई, केदार भाई या काशी खलीफा - हमें पकड़कर घर ले जाते।
धरकोसवा, मूड़ीकटवा की कहानियां
दुपहर से तिझहरिया (शाम 3-4 बजे) तक यह कर्मकांड चलता। हमें लू और डूबने की कहानियों के साथ डरावनी कहानियां - अली जान मियां, धरकोसवा, मूड़ीकटवा, पनडुब्बा—सुनाई जातीं, जो हमें डराने के साथ-साथ रोमांचित करतीं। तिझहरिया में बेल का शरबत या अमझोरा
(कच्चा आम पकाकर बना पना) मिलता, लेकिन हम बेमन से पीते, क्योंकि हमें दुआर पर खेलने जाना होता। गर्मी का अहसास हमारे खेलों की मस्ती में कहीं खो जाता।
कबड्डी और कित-कित
दुआर पर गांव के बच्चों का हुजूम इंतजार करता। हम कबड्डी या कित-कित खेलते। कित-कित में जमीन पर सीढ़ी बनाकर, एक पैर से कूदते हुए कंचा या खिपड़ा आखिरी सीढ़ी तक ले जाना होता, लगातार ‘कित-कित’ कहते हुए। इसे लड़कियों का खेल माना जाता, लेकिन छोटे भाई भी साथ खेलते। कबड्डी में धूल उड़ती और हँसी-ठहाकों से दुआर गूंज उठता।
Related Link: पूर्वांचल का भृगुक्षेत्र, जहां सूखा बांस हरा हो गया, विरासत में मिला ऐतिहासिक ददरी मेला
गोधूलि की रौनक
गदबेरिया (गोधूलि) में गाय, बैल, भैंस, और बकरियां घंटियां बजाते लौटतीं। उन्हें गोशाला में बांधना, बछड़ों को खूंटे से बांधना भी हमारा खेल था। बछड़ों की उछल-कूद और घंटियों की टुनटुन हमें आनंदित करती। सांझ के नाश्ते के बाद बाहर निकलना बंद हो जाता।
लालटेन की रोशनी में लूडो
रात में छत को ठंडा करने के लिए चापाकल से पानी भरकर बाल्टियों से छत पर डालते। पानी की छपछपाहट और ठंडी हवा सुकून देती। रात के भोजन के बाद दरी, जाजिम, खटिया और मसहरी लगाना खेल जैसा लगता। लालटेन की रोशनी में लूडो, कैरम खेलते। बुधवार को रेडियो पर बिनाका गीत माला सुनते और गाने की शर्त लगाते। जीतने वाला बच्चा अगले दिन मसहरी खोलने, दरी लपेटने जैसे कामों से मुक्त हो जाता।
Related Link: जिंदगी की तपती दुपहरी में याद आती है गांव की अमराई की ठंडी छांव
आम का उत्सव
आम पकने के दिन उत्सव जैसे होते। आम तोड़ना, बैलगाड़ी पर लादना, और खाना एक अलग कथा थी। आम के गूदे से शरीर में घाव हो जाते। घर की शहतीरों और खिड़कियों पर मधुमक्खियों और ततैयों के छत्ते थे। हम उनसे बचकर रहते, लेकिन ईया को ततैया काट लेता। आम के मौसम में बिर्नी (ततैया) और मधुमक्खियों का डर बढ़ जाता, लेकिन हमारी मस्ती कम नहीं होती।
स्कूल की ओर वापसी
फुआ जब बच्चों के साथ जाने लगतीं, तो हम गले लगकर रोते। इस रोने में स्कूल खुलने का दुख भी शामिल था। हमने किताबों में ‘गर्मी की छुट्टियों में कहां जाएं’ पढ़ा, लेकिन अपनी छुट्टियां गांव के आंगन, खेत, नदी, नहर, और भाई-बहनों के साथ बिताईं। शिमला या मसूरी न जाने का कोई मलाल आज भी नहीं है।