विज्ञापन
Home Lokrang Entertainment Sawan Cinema Monsoon Season That Comes With Joy In Bollywood Movies Not Rain On Big Screen Anymore

SAWAN & CINEMA: बॉलीवुड फिल्मों में झूमकर आने वाला सावन, अब बड़े पर्दे पर क्यों नहीं बरसता?

मोहम्मद आमिल, नोएडा Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 14 Jul 2025 06:38 PM IST
सार

सावन सिर्फ एक मौसम नहीं, एक एहसास है, बारिश की बूंदों में भीगी यादों का, झूलों की रस्सियों में उलझी हंसी का और उन गीतों का जो पीढ़ियों से दिलों में गूंजते आए हैं। ये वही सावन है, जिसे हिंदी सिनेमा ने कभी नज्म की तरह पिरोया, तो कभी भक्ति और प्रेम के रंगों में रंग दिया। बॉलीवुड का 'सावन' से नाता दशकों पुराना है। कभी ये नाम फिल्मों के टाइटल में झलकता है, कभी उनके संगीत में। सावन से ताल्लुक रखने वाली फिल्मों ने दर्शकों के दिलों को भिगोया भी, और जोश से भर भी दिया।

बॉलीवुड से सावन का नाता
बॉलीवुड से सावन का नाता - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एक गावं, जहां सावन का मेला लगता है। पेड़ों पर झूले और उसमें झूलती बचपन से लेकर जवानी। मेले में गांववाले मस्ती में डूबे होते हैं, गीत और संगीत की महफिल जमती है और फिजाओं में गूंजता है, "बदरा छाए कि झूले पड़ गए हाय कि मेले लग गए मच गई धूम रे, कि आया सावन झूम के..." यह रियल नहीं बल्कि रील लाइफ का सीन है, जिसमें नौजवान धर्मेंद्र और खूबसूरत आशा पारेख की जोड़ी है। 1969 में आई इस रोमांटिक और सुपरहिट फिल्म का नाम है 'आया सावन झूम के'। 

बॉलीवुड से सावन का नाता
'सावन' का बॉलीवुड से गहरा नाता रहा है। 80 साल पहले यानि 1945 में 'सावन' नाम से फिल्मों की दस्तक बड़े पर्दे पर हुई, लेकिन आज यह बॉलीवुड से गायब होता जा रहा है। सावन थीम पर बनी फिल्मों से रेखा और जया प्रदा जैसी अभिनेत्रियों ने रुपहले पर्दे पर अपने करियर की शुरुआत की। वो बात अलग रही कि 'सावन' एक के लिए यह शुभ रहा, तो दूसरी को कुछ साल बाद दूसरा मौका तलाशना पड़ा। 

अध्यात्म और प्रेम से भरा सावन
सावन... हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र महीने से शुरू होने वाला पांचवा मास है, इसे श्रावण भी कहा जाता है और यह भगवान शिव की पूजा का सबसे बड़ा महीना है। भारत में यह सावन माह बारिश से भरा होता है। सावन, जो अध्यात्म से भरा है, जिसमें बारिश की फुहारें हैं जो तन-मन में प्रेम भर देती हैं। इस महीने में मिट्टी की सोंधी खुशबू और हरियाली से सामना होता है। हम देखते भी हैं, जब सावन दस्तक देता है, तो पूरा माहौल रोमांटिक हो उठता है। 

ये भी पढ़ें : पीपल का पेड़, चाय और पान की दुकान...  'फुलेरा' गांव में क्या होगा? 'पंचायत सीजन 4' की चंदन रॉय ने दे दी जानकारी

सावन नाम ने बनाई फिल्मों में जगह 
दिल लुभाने वाले महीना सावन से भला फिल्मकार कैसे पीछे रह सकते हैं! जब सावन की रिमझिम फुहारें और हरियाली दर्शकों को लुभाती हैं, तो फिल्मों में नायक-नायिका भी गीतों पर थिरकते नजर आते हैं, कभी असली बारिश में, तो कभी स्टूडियो की बनावटी बूंदों में। सावन शब्द ने न सिर्फ गानों, बल्कि फिल्मों के शीर्षकों में भी खूब जगह बनाई है। आइए नजर डालते हैं, उन कुछ फिल्मों पर जो 'सावन' के नाम से सिनेमाघरों में पहुंची और दर्शकों को जमकर भिगोया। 
 
  • ‘सावन’ (1945)- बड़े पर्दे पर 'सावन' नाम से यह पहली फिल्म मानी जाती है। इस फिल्म में मोतीलाल और शांता आप्टे प्रमुख भूमिकाओं में थे।
  • ‘सावन आया रे’ (1949)- किशोर साहू द्वारा निर्देशित यह फिल्म सावन के स्वागत के रूप में आई थी।
  • ‘सावन’ (1959)- भारत भूषण और अमिता की जोड़ी के साथ यह फिल्म आई।
  • ‘सावन की घटा’ (1966)- मौसम की तरह ही यह फिल्म भी दर्शकों के मन पर छा गई थी।
  • ‘आया सावन झूम के’ (1969) – धर्मेंद्र और आशा पारेख की यह रोमांटिक फिल्म सुपरहिट रही थी। लक्ष्मीकांत प्यारेलाल का संगीत हिट 
  • ‘सावन भादों’ (1970)- इस फिल्म से रेखा ने बॉलीवुड में अभिनय की शुरुआत की थी। यह फिल्म हिट रही और रेखा के करियर को रफ्तार मिली।
  • ‘सावन के गीत’ (1978)- संजीव कुमार और रेखा की यह फिल्म नाम की तरह ही धुंधली रह गई और फ्लॉप हो गई।
  • ‘सोलहवां सावन’ (1979)- इस फिल्म से श्रीदेवी ने हिंदी फिल्मों में कदम रखा, लेकिन यह असफल रही।
  • ‘सावन को आने दो’ (1979)- राजश्री बैनर के इस संगीतमय प्रेमकथा को भी लोगों ने पसंद किया।
  • ‘प्यासा सावन’ (1981) - जितेन्द्र, मौसमी चटर्जी और रीना रॉय की इस फिल्म का संगीत आज भी लोकप्रिय है।
  • ‘प्यार का पहला सावन’ (1989)- नाम से ही फिल्म की थीम को आप महसूस कर सकते हैं, पर फिल्म कुछ खास नहीं चली।
  • ‘सावन का महीना’ (1989)- ऋषि कपूर के साथ जया प्रदा की यह फिल्म दर्शकों को खींच नहीं पाई।
  • ‘प्यार का सावन’ (1991)- एक और फिल्म जो नाम के बावजूद याद नहीं रही।
  • ‘आग लगा दो सावन को’ (1991)-  इस फिल्म के नाम से लगता है शायद निर्माता को सावन से नफरत रही हो!
  • ‘सावन’ (2006)- फिल्मकार सावन कुमार टाक ने अपने नाम पर यह फिल्म बनाई, जिसमें सलमान खान भी नजर आए।

ये भी पढ़ें : "पंचायत का कुर्सी चाहिए तो..." फुलेरा गांव में दिखेगा चुनावी घमासान, रिलीज हुआ Panchayat-4 का ट्रेलर

 
सावन में रिलीज हुई फिल्म 'जय संतोषी मां'
सावन में रिलीज हुई फिल्म 'जय संतोषी मां' - फोटो : सोशल मीडिया
सावन में रिलीज हुई फिल्म 'जय संतोषी मां', बन गया था अनोखा रिकॉर्ड
सावन का महीना धार्मिक आस्था और भक्ति से जुड़ा है, ऐसे में पौराणिक और लोकप्रिय फिल्मों की रिलीज के लिहाज़ से यह महीना ऐतिहासिक रहा है। खासतौर पर 1976 में प्रदर्शित फिल्म 'जय संतोषी मां' को भला कौन भूल सकता है, जिसने सावन में रिलीज होकर दर्शकों के दिलों में जगह बना ली। वर्ष 1976 में सावन महीने में रिलीज हुई इस पौराणिक फिल्म ने महिलाओं के बीच जबरदस्त सफलता हासिल की। 

मुंबई के 'अलंकार' थिएटर में यह फिल्म सुबह के मैटिनी शो में पूरे एक साल तक चलती रही। इसके साथ-साथ धोबी तलाव के 'एडवर्ड' और प्रभादेवी के 'किस्मत' थिएटरों में भी इस फिल्म ने सिल्वर जुबली मनाई थी। श्रावण सोमवार और शनिवार को व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए यह फिल्म एक भक्ति का माध्यम बन गई थी, और हर सप्ताह सिनेमा हॉल में लंबी कतारें देखने को मिलती थीं। 1970 के दशक में सावन सोमवार को स्कूलों की आधे दिन की छुट्टी होती थी, जिससे पूरा परिवार इस फिल्म को देखने जाता था।

सावन में रिलीज हुई बड़ी हिट फिल्में
कई सुपरहिट बॉलीवुड फिल्में सावन के महीने में रिलीज होकर इतिहास रच चुकी हैं, जिनमें सुपर डुपर हिट 'शोले' मूवी भी है। यह 15 अगस्त 1975 को रिलीज हुई, तब सावन का महीना चल रहा था। रमेश सिप्पी निर्देशित यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल है। इसके अलावा 'सौदागर', सुभाष घई की यह फिल्म भी सावन में आई और दर्शकों की पसंद बनी।

सूरज बड़जात्या की पारिवारिक फिल्म 'हम आपके हैं कौन', जिसने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, वह भी सावन में ही आई। 'खलनायक', संजय दत्त के विवादों के बावजूद, यह फिल्म भी सावन की कामयाब रिलीज रही।  '1942: ए लव स्टोरी', विधु विनोद चोपड़ा की यह प्रेम कहानी भी इसी महीने में प्रदर्शित हुई। 

ये भी पढ़ें : 72 साल बाद परदे पर लौटा गरीब किसान शंभू, बिमल रॉय की 'दो बीघा जमीन' का वेनिस में वर्ल्ड प्रीमियर
 
विज्ञापन
विज्ञापन