राजस्थान के जयपुर जिले के बस्सी झाझड़ा के युवा किसान रोशन ने खीरा और शिमला मिर्च जैसी सब्जियों की खेती की चुनौतियों को देखते हुए फूलों की खेती का रुख किया। अब वह आधे एकड़ पॉलीहाउस में लिली की खेती कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने हॉलैंड से लिली के बल्ब मंगवाए हैं।
रोशन के मुताबिक, ओरिएंटल और एशियाटिक लिली के एक बल्ब की कीमत करीब 35 से 60 रुपये तक है। फसल 50 से 70 दिनों में तैयार हो जाती है। 10 स्टिक के एक बंच के रूप में ओरिएंटल लिली 1,000 से 2,000 रुपये और एशियाटिक लिली 650 से 1,000 रुपये तक बिकती है। पिछले साल लिली की खेती से उन्हें लागत के मुकाबले करीब तीन गुना मुनाफा हुआ।
लिली के साथ उन्होंने गुलाब, जिप्सो और सजावटी सूरजमुखी की खेती भी शुरू की है, ताकि खरीदारों को एक ही जगह फूलों की अलग-अलग किस्में मिल सकें। जानिए लिली की खेती में कितनी आती है लागत, कैसे मंगाए जाते हैं बल्ब और फूलों की बिक्री से कैसे हो रही कमाई।
HIGHLIGHTS
जयपुर के युवा किसान ने सब्जियों की खेती छोड़ अपनाई महंगे लिली फूलों की खेती
आधे एकड़ पॉलीहाउस में लगाए 30 से 45 हजार लिली के बल्ब, जानें लागत का गणित
हॉलैंड से आते हैं लिली के बल्ब, एक बल्ब की कीमत ₹60 तक
50 से 70 दिन में तैयार होते हैं लिली के फूल, वैलेंटाइन सीजन पर है खास नजर
10 फूलों का एक बंच ₹2,000 तक बिकता है, पिछले साल लागत से तीन गुना मुनाफा
गुलाब, जिप्सो और सजावटी सूरजमुखी की खेती से तैयार किया फूलों का पूरा बाजार