Home›Khabar Junction›
Odisha Will Closed Bargarh Sugar Mill Reopen Amit Shah Has Given Assurances
गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर : 9 साल से बंद चीनी मिल फिर होगी चालू... अमित शाह ने दिया भरोसा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 13 Nov 2026 01:53 PM IST
सार
ओडिशा के बरगढ़ में 2017 से बंद सहकारी चीनी मिल फिर शुरू होने की उम्मीद जगी है। अमित शाह ने भरोसा दिया है। जानिए 1,775 करोड़ के BPCL एथेनॉल प्लांट से किसानों को क्या फायदा होगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह
- फोटो : सोशल मीडिया
ओडिशा के बरगढ़ में लंबे समय से बंद पड़ी सहकारी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की उम्मीद जगी है। बरगढ़ के सांसद प्रदीप पुरोहित के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मिल को फिर से चालू करने के लिए जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिया है।
नई दिल्ली में शाह से मुलाकात के दौरान सांसद ने उन्हें बरगढ़ आने और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के 2जी बायो-एथेनॉल प्लांट का उद्घाटन करने का न्योता भी दिया। सांसद ने गृह मंत्री को दो पत्र सौंपे। इनमें बंद चीनी मिल को दोबारा शुरू करने और प्रस्तावित बायो-एथेनॉल प्लांट के महत्व का जिक्र किया गया है।
1,775 करोड़ रुपये से बना 2जी बायो-इथेनॉल प्लांट
प्रधानमंत्री जी-वन योजना के तहत BPCL ने बरगढ़ में करीब 1,775 करोड़ रुपये की लागत से पूर्वी भारत का पहला एकीकृत 2जी बायो-इथेनॉल प्लांट बनाया है। इस प्लांट में रोजाना 200 किलोलीटर इथेनॉल बनाने की क्षमता है। यहां धान की पराली और दूसरे कृषि अवशेषों का इस्तेमाल कच्चे माल के रूप में किया जाएगा।
इस परियोजना से किसानों को पराली और फसल अवशेषों से अतिरिक्त कमाई का मौका मिलने की उम्मीद है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और खेतों में कृषि अवशेष जलाने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
2017 से बंद है 104 एकड़ में फैली चीनी मिल
सांसद प्रदीप पुरोहित ने बरगढ़ के तोरा में 104 एकड़ में फैली सहकारी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की मांग भी उठाई। यह मिल अप्रैल 2017 से आर्थिक तंगी और कथित कुप्रबंधन के कारण बंद है। मिल बंद होने से सैकड़ों कर्मचारियों और गन्ना किसानों पर असर पड़ा है। इसके चलते इलाके में गन्ने की खेती का रकबा भी काफी घट गया है। नवंबर 2022 में इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) ने इस चीनी मिल को फिर से शुरू करने में रुचि दिखाई थी। हालांकि, अक्टूबर 2023 में मिल को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया समाप्त कर दी गई।
सांसद का कहना है कि चीनी मिल को फिर से शुरू करने और बायो-इथेनॉल प्लांट को चालू करने से बरगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।