Home›Sair Sapata›
Trekking Rafting Folklore Adventure Awaits In Aru Paradise Like Village Nestled In Valleys Of Kashmir
ट्रेकिंग, राफ्टिंग व लोककथाएं : अरु में हर मोड़ पर रोमांच... कश्मीर की वादियों में बसा है जन्नत जैसा गांव
मोहम्मद आमिल, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 13 Nov 2026 04:32 PM IST
सार
अनंतनाग के अरु गांव में बर्फीली चोटियों, तरसर व मार्सर झीलों, लिद्दर नदी की राफ्टिंग और बेताब घाटी के साथ कश्मीरी संस्कृति का सुकून भरा संगम मिलता है। पहलगाम भी यहां से मात्र 12 किलोमीटर दूर है।
ट्रेकिंग, राफ्टिंग व लोककथाएं, अरु में हर मोड़ पर रोमांच
- फोटो : गांव जंक्शन
भागदौड़ से दूर सुकून के कुछ पल चाहिए, तो अनंतनाग जिले (जम्मू-कश्मीर) का अरु गांव आपका इंतजार कर रहा है। पहलगाम से करीब 12 किलोमीटर दूर बसा यह छोटा-सा गांव प्रकृति प्रेमियों और रोमांच पसंद पर्यटकों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं। ऊंचे बर्फीले पहाड़, दूर तक फैले हरे मैदान, शीशे-सी चमकती झीलें और कल-कल बहती नदी देखकर लगता है, मानो कुदरत ने अपनी सारी नेमतें एक ही जगह समेट दी हों। यहां ट्रेकिंग, राफ्टिंग और स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने जैसे कई अनुभव मिलते हैं।
पहाड़ों के बीच रोमांच का रास्ता
अरु की पहचान हिमालय की ऊंची चोटियों और खुले घास के मैदानों से है। सर्दियों में पहाड़ बर्फ की सफेद चादर ओढ़ लेते हैं, जबकि गर्मियों में चारों ओर हरियाली छा जाती है। देवदार और चीड़ के जंगल इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए यह खास ठिकाना है, जहां से कई पहाड़ी रास्ते निकलते हैं, जिनमें कोलाहोई ग्लेशियर का ट्रेक भी शामिल है। इन पर चलते हुए बर्फीली चोटियों, घाटियों और ऊंचे चरागाहों के नजारे मिलते हैं।
लिद्दर नदी में राफ्टिंग का रोमांच
अरु और पहलगाम के आसपास बहती लिद्दर नदी इलाके की पहचान है। पहाड़ों से उतरता इसका साफ पानी रास्ते में कई खूबसूरत मोड़ बनाता है। किनारे बैठकर बहते पानी की आवाज सुनना सुकून देता है, जबकि पर्यटक मछली पकड़ने और एंगलिंग का आनंद ले सकते हैं। नदी के उपयुक्त हिस्सों में रिवर राफ्टिंग भी होती है, और तेज बहाव में नाव के साथ आगे बढ़ना रोमांच का अलग अनुभव है।
बादाम जैसी तरसर, बादलों में छिपी मार्सर
अरु की यात्रा में तरसर झील जरूर देखें। बादाम जैसी आकृति वाली यह झील ऊंचे पहाड़ों और अल्पाइन घास के मैदानों के बीच बसी है, जिसके आसपास देवदार और खुले चरागाह हैं। धूप के बदलते कोण के साथ पानी का रंग बदलता है, कभी गहरा नीला, कभी हरी झलक लिए। पक्षी प्रेमियों के लिए भी यह खास है, जहां ब्लैक बुलबुल और बार-हेडेड गूज दिख सकते हैं।
मार्सर झील भी बड़ा आकर्षण है। पहाड़ों के बीच बसी यह झील अक्सर बादलों और धुंध से घिरी रहती है, और इसके रहस्यमयी माहौल से जुड़ी कई स्थानीय कहानियां प्रचलित हैं। एक मान्यता है कि झील का पानी गंदा करने पर अचानक तेज बारिश होने लगती है। यह लोककथा स्थानीय लोगों की आस्था और प्रकृति से जुड़ाव दर्शाती है। हालांकि वहां पहुंचने के लिए पहाड़ी ट्रेक की तैयारी जरूरी है।
बेताब घाटी में फिल्मी नजारे
अरु के पास बेताब घाटी भी प्रमुख ठिकाना है। 1983 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म 'बेताब' की शूटिंग यहीं हुई थी, और उसी के नाम पर जगह को बेताब वैली कहा जाने लगा। घाटी में दूर तक हरे मैदान, रंग-बिरंगे फूल और ऊंचे देवदार-चीड़ दिखते हैं, जिनके बीच से लिद्दर नदी गुजरती है। पर्यटक यहां पिकनिक, फोटोग्राफी और आसपास के पहाड़ी इलाकों की सैर का आनंद ले सकते हैं।
संस्कृति और खानपान से मुलाकात
अरु की पहचान पहाड़ों और झीलों तक सीमित नहीं। पारंपरिक वास्तुकला, खानपान और लोक परंपराएं यात्रा को यादगार बनाती हैं, और गांव में घूमते हुए कश्मीरी पहाड़ी जीवनशैली को करीब से समझने का मौका मिलता है। स्थानीय व्यंजनों का स्वाद, लोकगीत, संगीत और नृत्य सफर को सांस्कृतिक अनुभव में बदल देते हैं। यहां की सादगी और मेहमाननवाजी भी पर्यटकों को याद रहती है।
ऐसे पहुंचे अरु गांव
सबसे नजदीकी हवाई अड्डा श्रीनगर है, जो करीब 100-110 किलोमीटर दूर है, और सबसे नजदीकी प्रमुख रेलवे स्टेशन जम्मू तवी है। श्रीनगर और जम्मू से पहलगाम के लिए बस या टैक्सी मिल जाती है। पहलगाम से अरु की करीब 12 किलोमीटर की दूरी स्थानीय टैक्सी से तय की जा सकती है। (यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित किया गया है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।