Home›Sair Sapata›
Bird Like Flight Himachal Bir Village Unique Confluence Of Paragliding Buddhist Monasteries Natural Beauty
हिमाचल के गांव में परिंदों-सी उड़ान: बीर Village... पैराग्लाइडिंग, बौद्ध मठ और प्राकृतिक सुंदरता का अनोखा संगम
मोहम्मद आमिल, दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 27 Jul 2026 03:27 PM IST
सार
हिमाचल प्रदेश की हरी-भरी वादियों में बसा बीर गांव पैराग्लाइडिंग की रोमांचक उड़ान, शांत बौद्ध मठ, खूबसूरत साइकिल ट्रैक, मनमोहक कैफे और स्थानीय संस्कृति के आत्मीय स्पर्श का अनुभव देता है।
हिमाचल के गांव में परिंदों-सी उड़ान
- फोटो : गांव जंक्शन
हिमाचल प्रदेश का छोटा-सा गांव बीर आज सिर्फ पैराग्लाइडिंग के लिए ही नहीं, बल्कि प्रकृति, आध्यात्म, साइकिलिंग और शांत जीवनशैली की तलाश करने वाले यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। कांगड़ा जिले में स्थित यह खूबसूरत पहाड़ी गांव हर साल देश-विदेश से हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। धर्मशाला हवाई अड्डे से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित बीर तक सड़क मार्ग से लगभग दो घंटे में पहुंचा जा सकता है।
रास्ते में धौलाधार की बर्फ से ढकी चोटियां, देवदार के जंगल और घुमावदार पहाड़ी सड़कें सफर को यादगार बना देती हैं। बीर पहुंचने वाले अधिकांश पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाते। सुबह सूर्योदय के समय सुनहरी रोशनी से चमकती पहाड़ियां, पक्षियों की मधुर आवाज और ठंडी हवाएं यहां आने वालों को एक अलग ही अनुभव कराती हैं।
यहां लोग भरते हैं रोमांचकारी उड़ान
बीर को भारत की 'पैराग्लाइडिंग कैपिटल' कहा जाता है। यहां दुनिया के कई देशों से एडवेंचर प्रेमी पैराग्लाइडिंग का रोमांच लेने पहुंचते हैं। प्रशिक्षित पायलटों के साथ टैंडम फ्लाइट के दौरान पर्यटक हजारों फीट की ऊंचाई से धौलाधार पर्वतमाला, चाय बागानों और आसपास के गांवों का अद्भुत नजारा देखते हैं। रोमांच पसंद करने वालों के लिए यह अनुभव किसी यादगार सफर से कम नहीं होता।
साइकिल से करें गांव की सैर
बीर की असली खूबसूरती को महसूस करने के लिए साइकिल सबसे बेहतर साधन मानी जाती है। स्थानीय बाजार में आसानी से किराये पर साइकिल मिल जाती है। साइकिल से घूमते हुए पर्यटक गांव की गलियों, चाय बागानों, मठों और शांत पहाड़ी रास्तों तक पहुंच सकते हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत और उनकी संस्कृति को करीब से जानने का अवसर भी मिलता है।
कैफे और तिब्बती संस्कृति है का अनुभव
बीर अपने खूबसूरत कैफे के लिए भी जाना जाता है। यहां मौजूद छोटे-छोटे कैफे स्वादिष्ट भोजन के साथ आरामदायक माहौल भी उपलब्ध कराते हैं। कई पर्यटक घंटों तक इन कैफे में बैठकर किताबें पढ़ते हैं, काम करते हैं या पहाड़ों के नजारों का आनंद लेते हैं। बीर में तिब्बती समुदाय की अच्छी-खासी आबादी रहती है, जिसका प्रभाव यहां की संस्कृति, भोजन और जीवनशैली में साफ दिखाई देता है। रंग-बिरंगे बौद्ध मठ, प्रार्थना चक्र और स्थानीय बाजार इस गांव को एक अलग पहचान देते हैं।
अध्यात्म और शांति का केंद्र
बीर में स्थित डियर पार्क इंस्टीट्यूट बौद्ध दर्शन, ध्यान, योग और संस्कृति के अध्ययन का प्रमुख केंद्र है। यहां देश-विदेश से लोग ध्यान और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने पहुंचते हैं। शांत वातावरण और हरियाली के बीच स्थित यह परिसर मानसिक सुकून की तलाश करने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
ग्रामीण जीवन और प्राकृतिक खेती की झलक
बीर में कई स्थानीय किसान जैविक खेती और मशरूम उत्पादन से जुड़े हैं। पर्यटक यहां के फार्म का दौरा कर प्राकृतिक खेती की तकनीकों को समझ सकते हैं। यह अनुभव ग्रामीण पर्यटन और टिकाऊ कृषि को करीब से जानने का अवसर भी देता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।