खेती के साथ मुर्गी पालन किसानों और युवाओं के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन सकता है। हालांकि, मुर्गी पालन से बेहतर उत्पादन लेने के लिए उनके खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। मुर्गियों को सही मात्रा में पौष्टिक दाना नहीं मिलने पर उनकी बढ़वार प्रभावित हो सकती है। वहीं, अंडे देने वाली मुर्गियों में अंडा उत्पादन भी कम हो सकता है। ऐसे में मुर्गी पालकों को यह जानना जरूरी है कि मुर्गियों को उनकी उम्र और जरूरत के हिसाब से कैसा दाना देना चाहिए।
पॉल्ट्री एक्सपर्ट के मुताबिक, मुर्गियों को उनके पालन के उद्देश्य और उम्र के अनुसार संतुलित आहार देना चाहिए। ब्रॉयलर, लेयर और ब्रीडर मुर्गियों की पोषण संबंधी जरूरतें अलग-अलग होती हैं। इसलिए इनके दाने में प्रोटीन, ऊर्जा, कैल्शियम, विटामिन और दूसरे जरूरी खनिजों की उचित मात्रा होनी चाहिए।
मुर्गियों के दाने में शामिल करें ये चीजें
मुर्गियों के दाने में मक्का, गेहूं, चावल की कनकी और सोयाबीन की खली का इस्तेमाल किया जाता है। मक्का से मुर्गियों को ऊर्जा मिलती है, जबकि सोयाबीन की खली प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। इसके अलावा दाने में विटामिन, कैल्शियम और दूसरे जरूरी खनिज भी शामिल होने चाहिए। केवल अनाज खिलाने से मुर्गियों को सभी जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इसलिए ऐसा संतुलित आहार देना जरूरी है, जिससे उनका शारीरिक विकास अच्छा हो और उत्पादन क्षमता बनी रहे।
मुर्गियां मुख्य रूप से तीन तरह की होती हैं
मुर्गी पालन मुख्य रूप से तीन उद्देश्यों के लिए किया जाता है। इनके आधार पर मुर्गियों को तीन श्रेणियों में बांटा जाता है।
ब्रॉयलर मुर्गियां : इन्हें मुख्य रूप से मांस उत्पादन के लिए पाला जाता है। इनका दाना इस तरह तैयार किया जाता है कि कम समय में शरीर का वजन अच्छी तरह बढ़ सके।
लेयर मुर्गियां : इनका पालन अंडे उत्पादन के लिए किया जाता है। इनके आहार में प्रोटीन के साथ कैल्शियम की भी पर्याप्त मात्रा जरूरी होती है, जिससे अंडों के छिलके मजबूत बन सकें।
ब्रीडर मुर्गियां : इनका पालन प्रजनन के लिए किया जाता है। इनके अंडों से चूजे तैयार किए जाते हैं। इसलिए इनके खानपान में संतुलित पोषण का विशेष ध्यान रखना पड़ता है।
ब्रॉयलर मुर्गियों को तीन चरणों में दें दाना
ब्रॉयलर मुर्गियों को उनकी उम्र और शारीरिक विकास के हिसाब से तीन चरणों में दाना दिया जाता है। इन्हें प्री-स्टार्टर, स्टार्टर और फिनिशर फीड कहा जाता है।
प्री-स्टार्टर दाना: शुरुआती अवस्था में दिया जाता है। इसमें करीब 23 प्रतिशत प्रोटीन और 2,950 किलो कैलोरी ऊर्जा बताई गई है।
स्टार्टर दाना: मुर्गियों की बढ़वार के अगले चरण में दिया जाता है। इसमें लगभग 21 प्रतिशत प्रोटीन और 3,500 किलो कैलोरी ऊर्जा होती है।
फिनिशर दाना: यह अंतिम चरण में दिया जाता है। इसमें करीब 19 प्रतिशत प्रोटीन और 3,100 से 3,200 किलो कैलोरी ऊर्जा होती है।
दाने की मात्रा और पोषण का स्तर मुर्गियों की उम्र, नस्ल और पालन की परिस्थितियों के अनुसार तय करना चाहिए।
इन चीजों से तैयार होता है पौष्टिक दाना
मुर्गियों के लिए संतुलित दाना तैयार करने में मक्का, चावल का खंड, गेहूं का खंड, राइस ब्रान, मछली का चूरा, मीट बोन मील और सोयाबीन का इस्तेमाल किया जाता है। इनसे मुर्गियों को ऊर्जा और प्रोटीन मिलता है।
इसके अलावा विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स समेत दूसरे जरूरी विटामिन और खनिज भी आहार में शामिल किए जाते हैं। लेयर और ब्रीडर मुर्गियों के लिए कैल्शियम की पर्याप्त मात्रा जरूरी होती है। इससे अंडों के छिलके मजबूत बनाने में मदद मिलती है।
मुर्गियों को साफ पानी देना भी जरूरी
मुर्गियों के अच्छे स्वास्थ्य और बेहतर उत्पादन के लिए सिर्फ पौष्टिक दाना देना ही काफी नहीं है। उनके लिए हर समय साफ और ताजे पानी की व्यवस्था भी होनी चाहिए। दाने और पानी की कमी होने पर मुर्गियों की सेहत और उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
इसलिए मुर्गी पालकों को मुर्गियों की उम्र और पालन के उद्देश्य के अनुसार संतुलित आहार देना चाहिए। सही खानपान, साफ पानी और नियमित देखभाल से मांस और अंडा उत्पादन बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।