Home›Kheti Kisani›
Ujjain S Gir Cow Radha Sets New Milk Production Record In Madhya Pradesh
मध्य प्रदेश : उज्जैन की गिर गाय 'राधा' ने दूध उत्पादन में बनाया नया रिकॉर्ड, रोज 19.760 लीटर दुग्ध उत्पादन
गांव जंक्शन डेस्क, उज्जैन
Published by: Umashankar Mishra
Updated Mon, 09 Nov 2026 01:54 PM IST
सार
उज्जैन जिले के तालोद गांव की गिर नस्ल की गाय 'राधा' ने औसतन 19.760 लीटर प्रतिदिन दूध देकर मध्यप्रदेश की राज्यस्तरीय दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता में पहला स्थान पाया है। पशुपालक गौरव रघुवंशी को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र मिलेगा। उन्हें 9 नवंबर को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्मानित करेंगे।
मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उज्जैन जिले की गाय ने नया रिकॉर्ड बनाया है। जिले के तालोद गांव की गिर नस्ल की गाय 'राधा' प्रदेश में सबसे अधिक दूध देने वाली गाय बनी है। पशुपालक गौरव रघुवंशी की इस गाय ने प्रतिदिन औसतन 19.760 लीटर दूध देकर राज्यस्तरीय दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग पशुपालक को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेगा।
208 गांवों में हुई स्पर्धा
पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने 27 से 31 अक्तूबर तक राज्य के 208 चयनित वृंदावन गांवों में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता कराई थी। इसमें अलग-अलग पशुपालकों की गायों के रोजाना दूध उत्पादन का मूल्यांकन किया गया। तालोद निवासी गौरव रघुवंशी की गिर गाय राधा ने औसतन 19.760 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन दर्ज कर सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया और प्रदेश में पहला स्थान पाया।
भोपाल में मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
गौरव रघुवंशी को 9 नवंबर को भोपाल में सम्मानित किया जाएगा। गोवर्धन पर्व के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में राज्यस्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह होगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के विजेता पशुपालकों को सम्मानित करेंगे। समारोह में रघुवंशी को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
गोपाल-कृष्ण योजना से प्रोत्साहन
मध्यप्रदेश सरकार 'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना' के तहत दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं को आर्थिक प्रोत्साहन देती है। इस योजना का मकसद गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी और निवाड़ी जैसी देसी गायों की उन्नत नस्लों का संरक्षण करने के साथ पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा देना है।
योजना में पहले स्थान वाले पशुपालक को एक लाख रुपये, दूसरे को 50 हजार रुपये और तीसरे को 25 हजार रुपये दिए जाते हैं। सरकार यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिये भेजती है। राधा की इस सफलता ने उज्जैन के पशुपालकों को भी नई पहचान दी है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।