विज्ञापन
Home› Pashudhan› Poultry› Poultry Farming Haridwar Girl Bharti Fortune Shines With 2200 Chickens Earning 50000 Every 45 Days

Poultry Farming: 2200 मुर्गियों से चमकी भारती की किस्मत, हर 45 दिन में 50 हजार रुपये की कमाई

कृष्णकांत मणि त्रिपाठी, कृषि एवं ग्रामीण पत्रकार Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 13 Nov 2026 04:05 PM IST
सार

ब्याजमुक्त ऋण और तकनीकी सहयोग से उत्तराखंड के चमारिया गांव की भारती रावत मुर्गीपालन के जरिये आत्मनिर्भर उद्यमी बन गई हैं। उनकी पोल्ट्री यूनिट पहाड़ की महिलाओं के लिए स्वरोजगार का मॉडल है।

2200 चूजे, सात सफल चक्र... हर चक्र में 50 हजार कमाई
2200 चूजे, सात सफल चक्र... हर चक्र में 50 हजार कमाई - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरिद्वार जनपद के बहादराबाद विकासखंड में लालढांग क्षेत्र का चमारिया गांव। यहां की महिला उद्यमी भारती रावत ने स्वरोजगार की संभावना को पहचाना और मुर्गीपालन को अपनी आजीविका की मजबूत नींव बना लिया। इरादा पक्का था, इसलिए राह भी निकली। भारती बताती हैं कि रिप (रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट) से मिली वित्तीय सहायता और सब्सिडी को उन्होंने अपनी तरक्की का सहारा बनाया है। 

इसी से उन्होंने वर्ष 2025 में ब्रॉयलर पोल्ट्री फार्म की शुरुआत की। आज उनकी मेहनत रंग ला रही है। इस व्यवसाय से हर उत्पादन चक्र में उन्हें लगभग 50 से 55 हजार रुपये की आय होती है, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को लगातार मजबूती दे रही हैं। भारती रावत की यह यात्रा बताती है कि हौसला हो, तो गांव की महिलाएं भी सफल उद्यमी बन सकती हैं।

2200 से अधिक चूजों की यूनिट स्थापित  
भारती की यूनिट में प्रत्येक उत्पादन चक्र में लगभग 2,200 ब्रॉयलर चूजों का पालन होता है। प्रत्येक चक्र में करीब 40 से 45 दिन लगते हैं और वे अब तक सात उत्पादन चक्र सफलतापूर्वक पूरे कर चुकी हैं। इस व्यवसाय की आय उनके परिवार के लिए नियमित आजीविका का साधन बन रही है। मुर्गीपालन के प्रति उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें ग्रामीण क्षेत्र में सफल महिला उद्यमी के रूप में पहचान दिलाई है।

संभावना पहचानी, हौसले से रखी नींव
35 वर्षीय भारती रावत ने स्वरोजगार की संभावनाओं को पहचाना और अपने घर के समीप स्थित कृषि भूमि पर पोल्ट्री यूनिट स्थापित की। व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत सहकारी बैंक से 1.60 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण लेकर पोल्ट्री शेड बनवाया। रिप परियोजना के तहत मिली 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता ने उन्हें उद्यम शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने में संबल दिया।

तकनीकी सहयोग और बेहतर बाजार
पोल्ट्री संचालन में भारती के परिवार को हरियाणा के करनाल स्थित कल्याण हैचरी से भी सहयोग मिल रहा है। इस व्यवस्था के अंतर्गत एक दिन के वैक्सीनेटेड चूजों की आपूर्ति, पशु आहार, टीकाकरण, परिवहन, पशु चिकित्सकीय परामर्श तथा तैयार पक्षियों के विपणन में सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यानी मुर्गीपालन से लेकर उत्पादों की बिक्री तक हर जरूरी कदम पर सहयोग मिलता है। 

इस व्यवसाय की खास पहचान इसकी पारदर्शी विपणन व्यवस्था है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विक्रेताओं और ठेकेदारों की मांग के अनुसार पक्षियों की बिक्री होती है। निर्धारित दर और मात्रा के आधार पर पक्षियों का वजन कराया जाता है और पारदर्शिता बनाए रखते हुए तय खर्चों की कटौती के बाद शेष भुगतान सीधे किसान के बैंक खाते में पहुंचता है। इससे बाजार तक पहुंच आसान हो गई है और बिक्री की प्रक्रिया भी सुविधाजनक बनी है।

स्वरोजगार से सशक्त होता परिवार
भारती के लिए मुर्गीपालन केवल आय का साधन नहीं, बल्कि परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। हर  उत्पादन की आय से वे परिवार की जरूरतें पूरी करने में योगदान दे रही हैं। सरकारी  योजनाओं से मिले सहयोग ने उन्हें अपनी मेहनत और क्षमता के बल पर आगे बढ़ने का अवसर दिया है। 

उनकी सफलता की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ, उचित मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और निरंतर मेहनत मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर रच सकते हैं। 

भारती रावत स्वरोजगार के लिए सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का आभार व्यक्त करती हैं। वह बताती हैं कि रिप परियोजना की वित्तीय सहायता व सब्सिडी और दीनदयाल उपाध्याय योजना के ब्याजमुक्त ऋण से मुर्गी पालन व्यवसाय शुरू करने और परिवार की आय बढ़ाने में काफी मदद मिली है। 

(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित किया गया है।)
विज्ञापन
विज्ञापन