Home›Pashudhan›
Back On Four Legs Jaipur Veterinarian S Artificial Limbs Help Disabled Animals Walk
राजस्थान के पशु चिकित्सक की अनूठी पहल : कृत्रिम पैरों से 700 दिव्यांग मवेशियों को दिया नया जीवन
गांव जंक्शन डेस्क, जयपुर
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 11 Nov 2026 02:55 PM IST
सार
जयपुर के पशु चिकित्सक डॉ. तपेश माथुर की 'कृष्णा लिम्ब' पहल से 12 साल में 23 राज्यों के 700 से अधिक दिव्यांग पशुओं को कृत्रिम पैर लगे हैं। ये उन किसानों और पशुपालकों को मुफ्त दिए जाते हैं, जो इन्हें खरीद नहीं सकते।
डॉ तपेश माथुर ने कृष्णा लिम्ब पहल से 12 साल में 23 राज्यों के 700 से अधिक पशुओं को कृत्रिम पैर लगाए।
- फोटो : सोशल मीडिया
तेलंगाना के एक बैल से लेकर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू-कश्मीर में घायल गाय तक, सैकड़ों दिव्यांग पशुओं को जयपुर के एक पशु चिकित्सक की बनाई कृत्रिम टांगों से दोबारा चलने का मौका मिला है।
राजस्थान सरकार के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. तपेश माथुर ने बीते 12 वर्षों में अपनी पहल 'कृष्णा लिम्ब' के जरिये 23 राज्यों के 700 से अधिक पशुओं को कृत्रिम पैर लगाए हैं। इनमें गाय, बछड़े, घोड़े, कुत्ते, खरगोश, बकरियां और ऊंट शामिल हैं। माथुर के अनुसार जो किसान और पशुपालक इन्हें नहीं खरीद सकते, उन्हें ये मुफ्त दिए जाते हैं।
उनकी पहल से मावली (उदयपुर जिला) की गाय प्रभा और करीमनगर (तेलंगाना) के बैल लक्ष्मण को लाभ हुआ है। दोनों अब कृत्रिम पैरों से चल पाते हैं।
ऐसे शुरू हुई पहल
माथुर ने 2013 में जयपुर के गौ पुनर्वास केंद्र के पॉलीक्लिनिक में तैनाती के बाद पहल शुरू की, जहां सड़क हादसों में घायल पशु इलाज के लिए आते थे। उन्होंने एक पैर गंवा चुके तीन साल के बछड़े पर कृत्रिम पैर का प्रयोग करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, 'काफी मेहनत लगी, पर आखिर बछड़ा दौड़ने लगा। बछड़ा काले रंग का था और कृत्रिम पैर से दौड़ते देख लोग उसे कृष्णा कहने लगे। इसी से कृष्णा लिम्ब नाम पड़ा।' यह प्रयोग धीरे-धीरे मिशन बन गया। माथुर घायल पशुओं के इलाज और कृत्रिम पैर लगाने के लिए देश के दूरदराज गांवों और कठिन इलाकों में जाने लगे।
ऑपरेशन सिंदूर में घायल गाय 'गौरी'
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे गांवों में गोलाबारी हुई। जम्मू-कश्मीर के चाय दुकानदार राजेश की गाय गौरी गोलीबारी में घायल हुई, जिसमें उनके घर की दीवारों पर कई गोलियों के निशान भी पड़े।
राजेश ने माथुर से संपर्क किया। माथुर ने पशु के ठीक होने तक इलाज और देखभाल पर मार्गदर्शन दिया और बाद में गौरी को कृष्णा लिम्ब लगाया, जिससे वह फिर चलने लगी। माथुर के अनुसार उन्होंने असम के एक दिव्यांग घोड़े और उत्तर प्रदेश की एक गाय समेत कई अन्य पशुओं को भी कृत्रिम पैर लगाए हैं।
मवेशियों को अभ्यस्त कराना भी जरूरी
माथुर के अनुसार कृत्रिम पैर लगाना पुनर्वास का एक हिस्सा है। पशु को उसका अभ्यस्त बनाना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा, 'हम कृष्णा लिम्ब से दिव्यांग पशुओं की पीड़ा घटाने की कोशिश कर रहे हैं। कृत्रिम पैरों के अनुकूल ढलने में पशु मालिकों की भूमिका बहुत अहम है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह काम और बढ़ेगा।'
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।