Home›Pashudhan›Poultry›
Maldandi Jowar From Bhakri To Branded Snacks Maldandi Has Made Its Mark Know Why It Has Distinct Identity
Maldandi Jowar: भाकरी से ब्रांडेड स्नैक्स तक... मालदांडी ज्वार ने जमाया सिक्का, जानें क्यों है अलग पहचान
शिरीष खरे, स्वतंत्र पत्रकार और लेखक
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 13 Nov 2026 04:16 PM IST
सार
मालदांडी की गुणवत्ता, जीआई पहचान व भाकरी की परंपरा ने बाजार में नई संभावनाएं खोली हैं। इसे बनाए रखने के लिए मौसम का जोखिम घटाना और गुणवत्ता व किसान की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।
भाकरी से ब्रांडेड स्नैक्स तक... मालदांडी ज्वार ने जमाया सिक्का
- फोटो : गांव जंक्शन
मालदांडी ज्वार महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना के शुष्क क्षेत्रों में उगाई जाती है। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले की मंगलवेढा ज्वार (मालदांडी एम-35-1) को भौगोलिक जीआई टैग मिला है। अप्रैल 2026 में मंगलवेढा कृषि उपज मंडी में यह ज्वार 4,500 से 5,300 रुपये क्विंटल तक बिकी।
आढ़ती पांडुरंग नकाते के मुताबिक, पैदावार कम रही, लेकिन गुणवत्ता बेहतर होने से अच्छे माल की मांग बनी रही। मई में भी सोलापुर मंडी में अच्छी आवक और बेहतर भाव की खबरें आईं। आखिर देश के दूसरे इलाकों में उगने वाली ज्वार के मुकाबले मालदांडी की अलग पहचान क्यों है?
खानपान और संस्कृति का हिस्सा है ज्वार
महाराष्ट्र में ज्वार केवल अनाज नहीं, खानपान और संस्कृति का हिस्सा है। ज्वार के आटे से बनी भाकरी को पिठला, शेंगा चटनी या ठेचा के साथ खाने की परंपरा पीढ़ियों पुरानी है। इसलिए यहां ज्वार की गुणवत्ता केवल दाने के आकार और कीमत से नहीं, बल्कि इस बात से भी आंकी जाती है कि उसकी भाकरी कैसी बनती है। मालदांडी की लोकप्रियता के पीछे यही स्वाद और परंपरा है।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अनुसार, महाराष्ट्र में ज्वार की कुल खेती में रबी का हिस्सा करीब 64 प्रतिशत है। भारतीय श्रीअन्न अनुसंधान संस्थान के मुताबिक, वर्ष 1938 में मोहोल के कृषि अनुसंधान केंद्र में स्थानीय मालदांडी से एम-35-1 किस्म विकसित की गई थी, जिसे 1969 में खेती के लिए जारी किया गया। इसके मोटे और चमकदार दाने तथा बारिश पर निर्भर दक्कन क्षेत्र में स्थिर प्रदर्शन ने इसे खास पहचान दिलाई।
वर्ष 2024-25 में महाराष्ट्र में करीब 16.9 लाख हेक्टेयर में ज्वार की खेती हुई। उत्पादन लगभग 18.5 लाख टन और औसत उत्पादकता 1,091 किलो प्रति हेक्टेयर रही। देश के कुल ज्वार उत्पादन में राज्य की हिस्सेदारी करीब 42 प्रतिशत है। इस बड़े उत्पादन के बीच मालदांडी ने अपना अलग बाजार बनाया है।
भाकरी से कुकीज और पास्ता का सफर
अब ज्वार का इस्तेमाल भाकरी और धपाटे तक सीमित नहीं है। इससे आटा, कुकीज, स्नैक्स, पास्ता, नूडल्स और तैयार खाद्य मिश्रण भी बनाए जा रहे हैं। खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय ने मार्च 2026 में बताया कि मिलेट उत्पादों की प्रोत्साहन योजना के तहत स्वीकृत बिक्री वर्ष 2020-21 के 35 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 814 करोड़ रुपये हो गई। इसी अवधि में मिलेट की खरीद 1,092 टन से बढ़कर 16,130 टन पहुंच गई। सोलापुर के छोटे खाद्य उद्यम भी इस बढ़ते बाजार में मालदांडी को नए उत्पादों के कच्चे माल के रूप में देख रहे हैं।
मौसम की मार ने घटाई पैदावार
मालदांडी के ऊंचे भाव के पीछे मौसम की मार भी रही है। पिछले रबी मौसम में अत्यधिक बारिश के कारण महाराष्ट्र में ज्वार की बुआई करीब दो लाख हेक्टेयर घटकर 12.66 लाख हेक्टेयर रह गई। सोलापुर में ही लगभग 1.67 लाख हेक्टेयर की कमी आई। मंगलवेढा के किसान भारत सादू दत्तू ने दो एकड़ में ज्वार के बजाय करडई यानी कुसुम बोई। सामान्य तौर पर पांच एकड़ से करीब 60 क्विंटल ज्वार मिलती थी, लेकिन उस साल उन्हें 15 से 20 क्विंटल उपज की ही उम्मीद थी। ऐसे में बेहतर बाजार के साथ खेती का जोखिम घटाना भी जरूरी है।
पोषण के साथ परंपरा की वापसी
गेहूं-चावल के दौर में पीछे छूटी ज्वार अब पोषण और पारंपरिक स्वाद के कारण शहरी बाजार में जगह बना रही है। भाकरी बनाने के कौशल को बाजार से जोड़कर महिला समूह और एफपीओ स्थानीय रोजगार व किसानों की आय बढ़ा सकते हैं। सफाई, ग्रेडिंग और भरोसेमंद खरीद इसमें मददगार होंगे।
वर्ष 2025-26 में भारत ने 543.40 करोड़ रुपये मूल्य के 1,38,690 टन मिलेट का निर्यात किया। प्रमुख बाजारों में संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, नेपाल और अमेरिका शामिल रहे। यह मालदांडी के निर्यात का प्रमाण नहीं, लेकिन मिलेट के बढ़ते वैश्विक बाजार का संकेत है। (यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित किया गया है।)
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।