7.5 एकड़ में ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, क्रॉप कवर, कम लागत के शेडनेट और फसल विविधीकरण का हरा-भरा मॉडल, जहां खरबूजा, तरबूज, खीरा और गेंदा एक साथ लहलहाते हैं। कोविड-19 के दौर में 15 लाख रुपये का घाटा झेलकर भी पुणे की दौंड तहसील के बिरोबावाड़ी गांव के किसान केशव बबनराव होले डिगे नहीं और साल भर में नुकसान की भरपाई कर ली। आज वह सालाना करीब 15 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाते हैं। अब वह अपनी उपज को नए ब्रांड के साथ बाजार में बेचते हैं। खेती का रिकॉर्ड रखने व अनुभव बांटने की सीख दूसरे किसानों तक भी पहुंचाते हैं।
पुणे जिले के दौंड तहसील का बिरोबावाड़ी गांव। यहां खेतों में बिछी चमकती मल्चिंग की परत पर हरी बेलें पसरी हैं, कहीं पीले गेंदे हवा में झूम रहे हैं और ड्रिप की नलियों से बूंद-बूंद पानी जड़ों तक उतर रहा है। इस हरे-पीले कैनवास के रचयिता हैं किसान केशव बबनराव होले। उनकी सोच साफ है कि खेती की सफलता सिर्फ ज्यादा फसल उगाना नहीं, बल्कि कम लागत में बेहतर उत्पादन, मिट्टी की सेहत और उपज की सही पहचान भी है। खरबूजा, तरबूज, खीरा और गेंदे की खेती करने वाले केशव ने आधुनिक तकनीक, लगातार प्रयोग और बेहतर फसल प्रबंधन को अपनी खेती की नींव बनाया है।
पुरानी लीक से हटकर चुनी नई तकनीक
खेती से केशव का नाता बचपन से है। परिवार के खेतों में गन्ना, प्याज, गेहूं और बाजरा उगते थे, पर न उपज संतोषजनक थी, न आमदनी। वर्ष 2006 में उन्होंने खरबूजे के साथ नए प्रयोग शुरू किए और धीरे-धीरे तरबूज, खीरा और गेंदे को भी अपने खेती मॉडल में जोड़ा।
करीब 20 साल के सफर में उन्हें अहसास हुआ कि सिर्फ परंपरागत तरीके काफी नहीं हैं। बदलते मौसम, बढ़ती लागत, कीट-रोग और बाजार की अनिश्चितता के बीच तकनीक और प्रबंधन, दोनों पर काम जरूरी है। इसी सोच से उन्होंने ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग पेपर, माइक्रो स्प्रिंकलर और नॉन-वोवन क्रॉप कवर अपनाए। आज फसल के चयन से लेकर पानी, लागत के हिसाब और बिक्री तक, हर स्तर पर उनकी योजना दिखती है।
घाटे की आंधी का डटकर किया सामना
कोविड-19 के दौरान लॉकडाउन में बाजार ठप हुआ तो केशव को करीब 15 लाख रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा। मगर उन्होंने खेती नहीं छोड़ी। लॉकडाउन खुलने के बाद नए उत्साह से खेती को दोबारा सजाया और उनके मुताबिक बेहतर योजना व लगातार मेहनत से एक साल के भीतर नुकसान की भरपाई कर ली। उनका हौसला बताता है कि खेती में मेहनत के साथ बाजार की समझ, जोखिम का आकलन और मुश्किल में दोबारा खड़े होने का माद्दा भी चाहिए।
बांस और जाली से बनाया सुरक्षा कवच
बढ़ते तापमान और बदलते मौसम में फसल बचाना किसानों के लिए चुनौती है, और महंगे पॉलीहाउस हर किसान के बजट में नहीं बैठते। केशव ने बांस और पॉलीस्टर नेट से अपने 7.5 एकड़ में से करीब 1.25 एकड़ पर खीरे के लिए शेडनेट तैयार किया। उनके अनुसार इससे लागत में करीब 60 प्रतिशत तक की कमी आई। खीरे में पानी और उर्वरकों का संतुलित प्रबंधन भी वे अपनाते हैं। यानी महंगे ढांचे के बजाय स्थानीय सामग्री से उपयोगी हल निकाला गया।
बूंद-बूंद बचत, परत-परत सुरक्षा
पानी का सलीके से इस्तेमाल केशव की खेती का अहम हिस्सा है। ड्रिप और माइक्रो स्प्रिंकलर से फसल की जरूरत के मुताबिक पानी पहुंचता है, जबकि मल्चिंग पेपर मिट्टी की नमी बनाए रखता है और खरपतवार को काबू में रखता है।
खरबूजे में वे ड्रिप, मल्चिंग और क्रॉप कवर तीनों का उपयोग करते हैं। क्रॉप कवर पर प्रति एकड़ करीब 18,000 से 20,000 रुपये का खर्च आता है, पर उनके अनुभव में इससे खरपतवार नियंत्रण, फसल सुरक्षा और उत्पादन बेहतर होता है और लागत के मुकाबले तीन से चार गुना मुनाफा मिलता है। केशव तकनीक दिखावे के लिए नहीं, व्यावहारिक लाभ देखकर चुनते हैं और हर संसाधन का हिसाब रखते हैं।
हर इंच में हरियाली, पूरे साल कमाई
केशव के खेत में साल भर फसल लगी रहती है और खेती का एक-एक इंच काम आता है। तरबूज के बाद उसी खेत में वे गेंदा लगाते हैं, जिससे जोखिम घटता है, आमदनी बढ़ती है और मल्चिंग सामग्री का दोबारा उपयोग होता है। गेंदे के फूल परागण करने वाले कीटों को भी खींच लाते हैं। वे उच्च गुणवत्ता के बीज, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और कीट-रोग नियंत्रण पर जोर देते हैं और जैव कीटनाशकों, जैव उर्वरकों व रासायनिक उर्वरकों में संतुलन रखते हैं।
साल में 15 लाख पहुंचा मुनाफा
खेती के अपने तरीकों के दम पर केशव लागत पर लगाम रखते हुए आमदनी बढ़ाने में सफल हुए हैं। वह बताते हैं, उत्पादन, बाजार भाव और खर्च के बेहतर प्रबंधन से सालाना करीब 15 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाते हैं। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीक का सही उपयोग, फसल विविधीकरण और लागत का नियमित हिसाब उत्पादन व मुनाफा दोनों बढ़ा सकता है।
उपज को मिला नाम, नाम से मिला दाम
केशव ने खेती को सिर्फ उत्पादन तक नहीं रखा। वह अपनी उपज ‘केशव होले क्रॉपटेक’ नाम से बाजार तक पहुंचाते हैं। उनका मकसद सिर्फ ब्रांड नाम देना नहीं, बल्कि बेहतर गुणवत्ता की उपज पहुंचाना है, क्योंकि छंटाई, गुणवत्ता, पैकिंग और बिक्री का तरीका किसान को बाजार में पहचान दिलाता है। भविष्य में वे कृषि प्रसंस्करण में भी उतरना चाहते हैं। उनका मानना है कि प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार से सीधे जुड़ाव से मूल्यवर्धन के नए अवसर बनते हैं, हालांकि इसके लिए मांग, निवेश, गुणवत्ता मानकों और बिक्री व्यवस्था की पहले से योजना जरूरी है।
रिकॉर्ड की बही, मुनाफे की गवाही
केशव बुआई, कटाई, बिक्री मूल्य, खर्च और उत्पादन के आंकड़े दर्ज करते हैं और उसी आधार पर मुनाफे-नुकसान का आकलन कर अगले सीजन की योजना बनाते हैं। उनका कहना है कि कई किसानों को उत्पादन तो पता होता है, पर प्रति एकड़ असली खर्च और शुद्ध मुनाफे का साफ हिसाब नहीं होता। बीज, खाद, दवाइयां, मजदूरी, पानी, मल्चिंग सामग्री, परिवहन और पैकिंग का खर्च अलग-अलग दर्ज हो, तो पता चलता है कि किस फसल से कितना लाभ हुआ, किसका रकबा बढ़ाना है और किस तकनीक पर निवेश फायदेमंद रहा।
ज्ञान बांटा, तो बढ़ा कारवां
केशव फेसबुक और वाट्सएप के जरिए जानकारी साझा करते हैं, किसान बैठकों, कार्यशालाओं, सेमिनारों और प्रदर्शनियों में हिस्सा लेते हैं। वह कृषि विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं व विद्यार्थियों से निरंतर संवाद करते रहते हैं। नई तकनीक की जानकारी जुटाकर उसे अपने खेत में परखना उनकी कार्यशैली है। उनके मुताबिक हर क्षेत्र की मिट्टी, पानी, तापमान और बाजार अलग होते हैं, इसलिए किसी का प्रयोग दूसरे को राह तो दिखा सकता है, पर अपनाने से पहले स्थानीय परिस्थितियों में उसे परखना जरूरी है।
28 अक्तूबर 2023 को सिंगापुर के कृषि वैज्ञानिक जे.सी. शिया ने बिरोबावाड़ी में उनके खेत में जाकर तरबूज, खरबूजा, खीरा और गेंदे की खेती देखी। मिट्टी की उर्वरता, जैविक कार्बन व फसल प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। केशव बताते हैं, खेती के उनके तरीकों की सराहना भी की गई।
सम्मानों की सौगात
आधुनिक खेती, फसल विविधीकरण, संरक्षित खेती और नवाचार के लिए केशव को कई सम्मान मिल चुके हैं। इनमें महाराष्ट्र कृषि विभाग एवं आत्मा का उत्कृष्ट शेतकरी पुरस्कार, कृषि विज्ञान केंद्र, बारामती का उत्कृष्ट किसान पुरस्कार, राष्ट्रीय अजैविक तनाव प्रबंधन संस्थान (एनआईएएसएम) का प्रोग्रेसिव फार्मर अवॉर्ड और प्रोग्रेसिव फार्मिंग पुरस्कार प्रमुख हैं। उन्हें महात्मा फुले शिक्षा कार्यकर्ता पुरस्कार और राज्य स्तरीय समाजरत्न पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
(यह लेख मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित किया गया है।)