विज्ञापन
Home› Paryavaran› Pm Modi Flags Climate Inequality Highlights Natural Farming And Village Level Environment Push Across 12 5 La

गांवों का ग्रीन मॉडल: गोबरधन योजना से प्राकृतिक खेती और जलवायु-अनुकूल फसलों तक, PM मोदी ने रखी पूरी तस्वीर

गांव जंक्शन डेस्क, बेंगलुरु Published by: Umashankar Mishra Updated Sat, 19 Sep 2026 02:37 PM IST
सार

पीएम नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण और जलवायु पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कहा कि विकसित देशों का कार्बन उत्सर्जन भारत से 6 गुना ज्यादा है। प्राकृतिक खेती, अमृत सरोवर और गोबरधन योजना से गांवों तक कैसे पहुंच रहा पर्यावरण सुधार? जानिए, विस्तार से...

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन की बहस में अक्सर विकासशील देशों को कटघरे में खड़ा किया जाता है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इस धारणा पर सीधा सवाल खड़ा किया। पर्यावरण और जलवायु पर आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित देशों का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन भारत के मुकाबले छह गुना ज्यादा है, फिर भी जलवायु परिवर्तन के लिए अक्सर गलत तरीके से विकासशील देशों को जिम्मेदार ठहराया जाता है।

भारत का उत्सर्जन वैश्विक औसत से भी आधा
पर्यावरण विशेषज्ञों, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों, कानूनी जानकारों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस दो-दिवसीय सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से यह सच है कि आज भी प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन में भारत का योगदान वैश्विक औसत से भी आधे से कम है। उन्होंने कहा कि भारत इस तथ्य को वैश्विक मंचों पर मजबूती से रखता है, और हर भारतीय को भी इसे उतनी ही मजबूती से कहना चाहिए।

गांवों तक पहुंची प्राकृतिक खेती की मुहिम
खेती-किसानी और पर्यावरण के रिश्ते पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन का जिक्र किया, जिसने उनके मुताबिक जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि देशभर में करीब 12.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के क्लस्टर तैयार किए जा चुके हैं। इसके साथ ही जलवायु के अनुकूल करीब 3,000 किस्मों की फसलें विकसित की गई हैं, जो बदलते मौसम और अनिश्चित बारिश के बीच किसानों के लिए राहत की बात हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि कृषि-वानिकी (agroforestry) को बढ़ावा देकर कार्बन उत्सर्जन घटाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, और पिछले 12 वर्षों में देश के घने जंगलों के दायरे में 22% की बढ़ोतरी हुई है।
 

गांवों में जल संरक्षण का बड़ा अभियान
जल संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में अब तक 70,000 से ज्यादा 'अमृत सरोवर' बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा 'कैच द रेन' अभियान के तहत करीब 1.5 करोड़ वर्षा जल संचयन संरचनाएं तैयार की गई हैं। यह पूरी मुहिम खासतौर पर गांव-देहात के जल स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

गोबरधन योजना: गांव का कचरा बना संसाधन
गांवों में कचरा प्रबंधन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने गोबरधन योजना का उदाहरण दिया, जिसके तहत गांवों में गोबर और अन्य जैविक कचरे को उपयोगी संसाधनों में बदला जा रहा है। उन्होंने प्लास्टिक कचरे को पर्यावरण की बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि भारत पहले ही सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा चुका है, और अब सरकार 'रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकल' के मंत्र के साथ सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा दे रही है। उनके मुताबिक देश में हर दिन हजारों टन कचरे का रीसाइक्लिंग किया जा रहा है।

परमाणु ऊर्जा पर अड़ंगे लगाने वालों पर तंज
परमाणु ऊर्जा की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन जब भी वे इस दिशा में काम आगे बढ़ाते हैं, तो पर्यावरण पर बड़े-बड़े भाषण देने वाले लोग ही अदालत का रुख करके इसे रोकने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन क्षेत्रों में निजी भागीदारी के रास्ते भी खोल रही है, जिससे भारत की गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता में 400% की वृद्धि हुई है।

पीएम सूर्य घर से योजना से घर-घर पहुंची सौर ऊर्जा 
प्रधानमंत्री ने बताया कि 12 साल पहले भारत की सौर ऊर्जा क्षमता महज 2 गीगावॉट थी, जो अब बढ़कर 160 गीगावॉट से ज्यादा हो चुकी है। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत अब तक 50 लाख से ज्यादा घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, और ऐसे हर घर को सरकार की ओर से करीब 80,000 रुपये की अतिरिक्त मदद दी गई है। पवन ऊर्जा क्षमता में तीन गुना और जल विद्युत क्षमता में भी मजबूत बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

हाइड्रोजन ट्रेन और इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार
स्वच्छ परिवहन के क्षेत्र में हुई प्रगति गिनाते हुए पीएम मोदी ने बताया कि हाल ही में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चली, जो दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन है। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश में हर साल सिर्फ 3,000 इलेक्ट्रिक वाहन बिकते थे, जबकि पिछले साल करीब 25 लाख EV बिके। यह बड़ी छलांग पर्यावरण के लिए सीधा फायदा साबित हो रही है। FASTag की वजह से टोल पर इंतजार का समय और ईंधन की बर्बादी भी काफी कम हुई है।

भारत ने पूरे किए पेरिस समझौते के लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने बताया कि G20 देशों में भारत अकेला ऐसा देश है जिसने पेरिस (COP 21) समझौते के तहत तय लक्ष्यों को तय समय से पहले ही हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि गैर-जीवाश्म ऊर्जा, सौर ऊर्जा क्षमता और कार्बन उत्सर्जन रोकने जैसे तमाम मानकों पर भारत के प्रदर्शन की चर्चा दुनियाभर में हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन