विज्ञापन
Home› Paryavaran› India S Water Management Initiatives A Model For Developing Nations World Bank Official

नमामि गंगे-जल जीवन मिशन बने मिसाल: विश्व बैंक ने की तारीफ, स्वच्छ भारत से प्रेरित नाइजीरिया का स्वच्छता अभियान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 10 Nov 2026 06:43 PM IST
सार

विश्व बैंक के वैश्विक जल निदेशक सरोज कुमार झा ने भारत की जल प्रबंधन पहलों को विकासशील देशों के लिए मॉडल बताया। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत सात साल से कम समय में 80 करोड़ लोगों तक पेयजल पहुंचाने, नमामि गंगे और करीब 900 बांधों की सुरक्षा मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की।

जल जीवन मिशन, नमामि गंगे और स्वच्छ भारत मिशन को ऐसे व्यावहारिक कार्यक्रम बताया गया, जिन्हें दूसरे देश भी अपना सकते हैं।
जल जीवन मिशन, नमामि गंगे और स्वच्छ भारत मिशन को ऐसे व्यावहारिक कार्यक्रम बताया गया, जिन्हें दूसरे देश भी अपना सकते हैं। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व बैंक समूह के जल विभाग के वैश्विक निदेशक सरोज कुमार झा ने भारत की जल प्रबंधन पहलों को विकासशील देशों के लिए अनुकरणीय मॉडल बताया है। उन्होंने जल जीवन मिशन के जरिये पेयजल की पहुंच बढ़ाने, नमामि गंगे के तहत नदी संरक्षण और बांध सुरक्षा के प्रयासों की सराहना की।

2026 संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन से पहले शुक्रवार को वर्चुअल प्रेस ब्रीफिंग में झा ने कहा कि भारत ने सात साल से कम समय में 80 करोड़ लोगों तक बेहतर पेयजल पहुंचाया है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत की जल प्रबंधन यात्रा दूसरे विकासशील देशों के लिए सीखने का अवसर है। हाल में दिल्ली यात्रा के दौरान उन्होंने भारतीय अधिकारियों से सम्मेलन में अपने अनुभव दूसरे देशों के साथ साझा करने का आग्रह किया।

जल जीवन मिशन और नमामि गंगे की तारीफ
झा ने जल जीवन मिशन, नमामि गंगे और स्वच्छ भारत मिशन को ऐसे व्यावहारिक कार्यक्रम बताया, जिन्हें दूसरे देश भी अपना सकते हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता में जनभागीदारी, मजबूत सरकारी नेतृत्व और पर्याप्त वित्त की अहम भूमिका रही है। नाइजीरिया का 'क्लीन नाइजीरिया' अभियान भी स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित है।

नमामि गंगे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से गंगा का प्रदूषण घटाने और नदी की सेहत सुधारने में मदद मिली है। विश्व बैंक ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को वित्तीय सहायता भी दी है। उन्होंने कहा कि नदियां केवल जलस्रोत नहीं, बल्कि सभ्यता, आजीविका और सामाजिक जीवन का आधार हैं।

करीब 900 बांधों की सुरक्षा मजबूत हुई
झा के अनुसार, विश्व बैंक की मदद से भारत करीब 900 बांधों की सुरक्षा और मजबूती बढ़ा पाया है। इसके साथ ही तकनीकी विशेषज्ञता विकसित करने के लिए उत्कृष्टता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने शहरी जल प्रबंधन और नगर निकायों को पूंजी बाजार से धन जुटाकर जल सेवाएं बेहतर बनाने के प्रयासों की भी सराहना की।

8 दिसंबर से अबू धाबी में सम्मेलन
संयुक्त अरब अमीरात और सेनेगल की सह-मेजबानी में संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन 8 से 10 दिसंबर तक अबू धाबी में होगा। इसमें जल सुरक्षा और स्वच्छता पर वैश्विक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

संयुक्त राष्ट्र की वरिष्ठ सतत विकास अधिकारी स्टेफनी रैम्बलर ने बताया कि भारत सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल 'नदी शहरों' पर एक विशेष आयोजन करेगा। सम्मेलन में सात पूर्ण बैठकें और छह संवाद होंगे।

इस पहल का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य-6 के तहत सभी के लिए स्वच्छ पानी और स्वच्छता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रगति तेज करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन