Home›Paryavaran›
Madhav Gadgil Ecologist Western Ghats Gadgil Report Champions Of The Earth Padma Bhushan Padma Shri
अलविदा 'धरती पुत्र' : पश्चिमी घाट के प्रहरी, चैंपियंस ऑफ द अर्थ माधव गाडगिल, जिन्होंने प्रकृति को दी आवाज
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 10 Jan 2026 01:49 PM IST
सार
Champion of the Earth Madhav Gadgil: प्रकृति के साथ जीने और उसे बचाने की जंग में एक सच्चा योद्धा चुपचाप विदा हो गया। प्रख्यात इकोलॉजिस्ट माधव गाडगिल, जिन्होंने पश्चिमी घाट को बचाने की लड़ाई लड़ी और लोगों की भाषा में वैज्ञानिक तर्कों के साथ पर्यावरण की बात की, उनका 83 साल की उम्र में 7 जनवरी 2026 को पुणे में निधन हो गया। माधव गाडगिल का जीवन विज्ञान, संस्कृति और आम इन्सान के बीच एक पुल की तरह था। बचपन से ही प्रकृति उनके लिए किताब नहीं, जीवन का हिस्सा थी।
माधव गाडगिल कहते थे - "प्रकृति को बचाना है तो विकास को लोगों और पर्यावरण के साथ जोड़ना होगा।"
- फोटो : क्रिएटिव कॉमन्स
प्रख्यात इकोलॉजिस्ट माधव गाडगिल का जन्म 24 मई 1942 को पुणे में हुआ था। उनके पिता धनंजय गाडगिल मशहूर अर्थशास्त्री थे और गोखले इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटिक्स एंड इकोनॉमिक्स के पूर्व निदेशक रहे। बचपन से ही माधव पश्चिमी घाटों की हरी-भरी वादियों और वहां की समृद्ध जैव-विविधता के बीच पले-बढ़े, जिसने उनके जीवन को प्रकृति से जोड़ दिया। माधव गाडगिल (Madhav Gadgil) ने पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज (Fergusson College) से 1963 में जीव विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1965 में मुंबई विश्वविद्यालय (Mumbai University) से उन्होंने पीजी किया। अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाते हुए वे अमेरिका पहुंचे एवं हार्वर्ड विश्वविद्यालय में गणितीय परिस्थितिकी तथा पशु व्यवहार पर गहन शोध किया और 1969 में उन्होंने पीएचडी पूरी की।
जंगल-जंगल घूमकर किया प्रकृति से संवाद
हार्वर्ड से पढ़ाई के बाद वे भारत लौटे और भारतीय विज्ञान संस्थान (Indian Institute of Science) में 1973 से 2004 तक प्रोफेसर रहे। यहीं उन्होंने इकोलॉजिकल साइंसेज सेंटर की नींव रखी, जिसने पर्यावरण विज्ञान की पूरी नई पीढ़ी तैयार की। उनके इस सफर ने माधव गाडगिल को न सिर्फ वैज्ञानिक बनाया, बल्कि ऐसे पर्यावरण योद्धा के रूप में स्थापित किया, जो हमेशा विज्ञान को समाज (Society) और प्रकृति (Nature) के सूत्रों को खोजते रहे, उनसे लोगों को परिचित कराते रहे।
गाडगिल सिर्फ किताबी विद्वान नहीं थे - जंगल-जंगल घूमते, लोगों से बात करते, आदिवासियों की जिंदगी को करीब से आजीवन समझते रहे और लोगों को उस जमीनी सच्चाई से रूबरू कराते रहे, जिससे दुनिया बेखबर थी। उन्हें 'पीपुल्स साइंटिस्ट' कहा जाता था, क्योंकि उनका विज्ञान लैब की दीवारों से बाहर निकलकर गांवों तक पहुंचता था।
पश्चिमी घाट की आवाज बने गाडगिल
वर्ष 2010 में भारत सरकार ने उन्हें पश्चिमी घाट (Western Ghats) पारिस्थितिकी विशेषज्ञ कमेटी का अध्यक्ष बनाया। इसे गाडगिल कमीशन (Gadgil Commission) के नाम से जाना जाता है। इस कमेटी की रिपोर्ट साल 2011 में आई। इस कमेटी ने 1.60 लाख वर्ग किलोमीटर के इस संवेदनशील इलाके का गहन अध्ययन किया। उनकी रिपोर्ट - जिसे 'गाडगिल रिपोर्ट' कहा जाता है - ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की बात की।
328 पन्नों की रिपोर्ट की भूमिका में गाडगिल लिखते हैं - "कालिदास पश्चिमी घाटों की तुलना एक सुंदर युवती से करते हैं, जो गोदावरी, कृष्णा, कावेरी, कुंती, वैगा और अन्य अनेक नदियों की जननी है। अगस्त्य पर्वत उसका सिर है, अन्नामलाई और नीलगिरि उसके वक्ष हैं, विशाल कनारा व गोवा तक फैला विशाल पर्वतीय क्षेत्र उसका धड़ है, और उत्तरी सह्याद्रि उसके पैर हैं। उस सुंदरता की देह पर लिपटे हरे-भरे रेशमी वस्त्र आज फट चुके हैं। अमीरों की लालच ने उसे चीर-फाड़ दिया है और गरीबों की मजबूरी ने कुतर दिया है। यह पहाड़ी क्षेत्र, जो पर्यावरण की रीढ़ है, आज एक बड़ी त्रासदी का शिकार हो चुका है।"
इस रिपोर्ट में संवेदनशील इलाकों को बचाने के सुझाव थे, लेकिन दबाव के आगे यह लागू नहीं हो सकी। फिर भी, यह रिपोर्ट पर्यावरण नीति की मील का पत्थर बनी।
'चैंपियंस ऑफ द अर्थ' अवॉर्ड
वर्ष 2024 में संयुक्त राष्ट्र ने उन्हें 'चैंपियंस ऑफ द अर्थ' अवॉर्ड (Champions of the Earth Award) दिया - पर्यावरण (Environment) का दुनिया का सबसे बड़ा सम्मान। इससे पहले पद्मश्री (Padamshri), पद्मभूषण (Padam Bhushan), वोल्वो एनवायरनमेंट प्राइज, टायलर पुरस्कार जैसे कई बड़े सम्मान मिल चुके थे। लेकिन, गाडगिल सम्मानों से ज्यादा लोगों की बात सुनते थे। उन्होंने हमेशा कहा कि पर्यावरण बचाना सिर्फ कानून का काम नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक भागीदारी का मामला है। पवित्र उपवनों पर उनका काम इसी सोच का नतीजा था – जहां प्रकृति को देवता मानकर लोग उसका संरक्षण करते रहे हैं।
छह दशक तक संघर्ष, 225 से ज्यादा शोध पत्र
छह दशक तक उन्होंने विज्ञान को समाज से जोड़ने का काम लगातार किया। सात किताबें लिखीं, 225 से ज्यादा रिसर्च पेपर दिए। उनका मानना था - "विज्ञान समाज और प्रकृति के बीच संतुलन बनाने का जरिया होना चाहिए।"
उनकी पत्नी सुलोचना गाडगिल, जो एक मशहूर जलवायु वैज्ञानिक थीं, कुछ महीने पहले ही गुजर चुकी थीं। माधव गाडगिल का जाना पर्यावरण की दुनिया में एक युग का अंत है।
युवाओं के लिए प्रेरणा, धरती की आवाज
गाडगिल ने कभी हार नहीं मानी। वे कहते थे, "प्रकृति को बचाना है तो विकास को लोगों और पर्यावरण के साथ जोड़ना होगा।" आज जब जलवायु संकट और प्राकृतिक आपदाएं बढ़ रही हैं, उनकी रिपोर्ट और उनकी सोच हमें याद दिलाती है कि विकास का मतलब सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित धरती भी है।
'धरती पुत्र' चले गए, लेकिन उनकी आवाज गूंजती रहेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।