Home›Paryavaran›
Drought Conditions Affect 47 2 Of India Rabi Sowing Falls 11 3
बारिश की कमी से बढ़ा नमी का संकट: देश के 47.2% हिस्से में सूखे जैसे हालात, रबी की बुवाई 11.3% घटी
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Mon, 23 Nov 2026 09:39 PM IST
सार
आईआईटी गांधीनगर के आकलन के अनुसार, देश का 47.2 फीसदी भौगोलिक क्षेत्र सूखे की अलग-अलग श्रेणियों में है। कम मिट्टी की नमी और कमजोर मानसून के बीच 13 नवंबर तक रबी फसलों की बुवाई पिछले साल के मुकाबले 11.3 फीसदी कम रही।
भारत में 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान सामान्य से करीब 13 फीसदी कम बारिश हुई।
- फोटो : AI
देश के करीब आधे हिस्से में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गांधीनगर के इंडिया ड्रॉट मॉनिटर के अनुसार, 18 नवंबर 2026 तक देश का 47.2 फीसदी भौगोलिक क्षेत्र सूखे की अलग-अलग श्रेणियों में था।
एक सप्ताह पहले यह आंकड़ा 46.6 फीसदी था। वहीं, आईआईटी बॉम्बे के कृषि सूखा पूर्वानुमान के मुताबिक राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण-पश्चिमी आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में सूखे की स्थिति बनी रह सकती है।
मानसून की कमी से बढ़ा मिट्टी में नमी का संकट
भारत में 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान सामान्य से करीब 13 फीसदी कम बारिश हुई। देश में 868.6 मिलीमीटर के दीर्घकालिक औसत के मुकाबले 759.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 2001 के बाद यह चौथा सबसे कम बारिश वाला मानसून रहा।
कर्नाटक में सामान्य से 35 फीसदी कम बारिश हुई, जो 55 वर्षों में सबसे बड़ी कमी है। महाराष्ट्र में 19 फीसदी, तेलंगाना में 17 फीसदी और राजस्थान में 22 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में बारिश की कमी करीब 40 फीसदी रही। सोलापुर और बीड में यह कमी क्रमशः 58 और 51 फीसदी थी।
रबी की बुवाई में 11.3 फीसदी गिरावट
13 नवंबर तक देश में 1.783 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की बुवाई हुई थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह रकबा 2.010 करोड़ हेक्टेयर था। इस तरह बुवाई में करीब 22.8 लाख हेक्टेयर या 11.3 फीसदी की कमी आई।
कम मिट्टी की नमी से खासकर वर्षा आधारित क्षेत्रों में फसलों की शुरुआती बढ़वार प्रभावित हो सकती है। आईआईटी बॉम्बे के शोधकर्ताओं ने महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तरी कर्नाटक के किसानों को स्थानीय जल उपलब्धता के अनुसार कम पानी वाली फसलों पर विचार करने का सुझाव दिया है।
महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान के कई जिलों को पहले ही सूखा प्रभावित घोषित किया जा चुका है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।