Home›Misal Bemisal›
Innovation School And Mobile Learning Lab Created For Rural Children 2 5 Lakh Students Got New Lessons
Education: ग्रामीण बच्चों के लिए बनाया इनोवेशन स्कूल और मोबाइल लर्निंग लैब, 2.5 लाख छात्रों को मिला नया सबक
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Umashankar Mishra
Updated Fri, 08 Nov 2024 02:10 PM IST
सार
ओडिशा के ग्रामीण क्षेत्र (Rural Area of Odisha) में जन्मे 28 वर्षीय युवा ने शहर से गांव लौटकर इनोवेशन स्कूल (Innovation School) और मोबाइल लर्निंग लैब (Mobile Learning Lab) शुरू की और बच्चों को ऐसी तालीम दी कि नासा (NASA) में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए यहां के छात्रो को चुना गया। हम बात कर रहे हैं, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त 28 वर्षीय युवा इंजीनियर और सामाजिक उद्यमी अनिल प्रधान (Anil Pradhan) की, जिन्हें ग्रामीण छात्रों (Rural Students) के बीच STEAM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कला और गणित) की व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए तीसरा रोहिणी नैयर पुरस्कार दिया गया है।
ग्रामीण इलाकों के बच्चे सीख रहे रोबोटिक्स का पाठ।
- फोटो : गांव जंक्शन
ग्रामीण इलाकों के वंचित छात्रों के बीच STEAM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कला और गणित) की व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा के 28 वर्षीय अनिल प्रधान को तीसरा रोहिणी नैयर पुरस्कार (3rd Rohini Nayar Award) दिया जा रहा है। यंग टिंकर फाउंडेशन (Young Tinker Foundation) के सह-संस्थापक प्रधान ने ग्रामीण इलाकों (Rural Regions) के वंचित बच्चों (Deprived Kids) को तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने के लिए 'टिंकर-ऑन-व्हील्स' (Tinker on Wheels) नामक आइडिया पेश किया है। 'टिंकर-ऑन-व्हील्स' एक मोबाइल लर्निंग लैब (Mobile Learning Lab) है। यह चलती-फिरती लर्निंग लैब ओडिशा, तेलंगाना और तमिलनाडु के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूली छात्रों को रोबोटिक्स और 3डी प्रिंटिंग जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है। युवा इंजीनियर और सामाजिक उद्यमी अनिल प्रधान ने ओडिशा के बराल गांव में यंग टिंकर एकेडेमी शुरू की है।
12 किलोमीटर साइकिल चलाकर जाते थे स्कूल
भारत के आइडिया मैन के नाम से विख्यात अनिल प्रधान को बचपन में अपनी पढ़ाई के लिए कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ी। वह हर रोज 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर पढ़ने जाया करते थे। ओडिशा के बराल गांव में जन्मे अनिल ने सिविल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया, जहां उन्हें रोबोटिक साइंस में रुचि जगी। उन्होंने इस विषय से जुड़े कई प्रोजेक्ट किए और यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट सैटेलाइट टीम का हिस्सा बन गए। लेकिन, उन्हें हमेशा से ही अपने गांव के लिए कुछ करना था, ताकि गांव से शिक्षा और रोजगार के लिए पलायन कम हो सके। इसीलिए, उन्होंने साल 2105 में गांव वापस आकर एक ऐसे स्कूल की शुरुआत की, जहां ग्रामीण बच्चों को तकनीकी और इनोवेशन के पाठ पढ़ाए जाते हैं।
28 वर्षीय सामाजिक उद्यमी अनिल प्रधान को तीसरा रोहिणी नैयर पुरस्कार।
- फोटो : गांव जंक्शन
स्कूलों की पढ़ाई और इंडस्ट्री की जरूरत के बीच अंतर
प्रधान ने कहा कि उन्होंने हमेशा आईआईटी में पढ़ाई करने का सपना देखा था, लेकिन जब वह ऐसा नहीं कर पाए तो उनका दिल टूट गया। प्रधान ने बताया, मैंने ओडिशा के एक सरकारी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। जब मैंने इंजीनियर के तौर पर काम करना शुरू किया, तो मुझे एहसास हुआ कि स्कूलों की पढ़ाई और इंडस्ट्री में जो हो रहा है, उसके बीच बहुत बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा, मेट्रो शहरों में छात्रों को व्यावहारिक शिक्षा मिल जाती है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में छात्रों के लिए यह बहुत सीमित है। इसीलिए, मैंने इसे शुरू करने के बारे में सोचा। हमने 200 छात्रों के साथ शुरुआत की और अब तक 2.5 लाख छात्रों की मदद की है। प्रधान ने कहा कि कई स्कूलों में इस तरह के अनुभव और प्रशिक्षण के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे की कमी है, इसलिए उनका 'टिंकर-ऑन-व्हील्स' इन स्कूलों में जाता है और खेल के मैदानों में मोबाइल लैब स्थापित करता है।
टिंकर लैब से जुड़कर भारतीय गांवों के बच्चों ने तय किया नासा का सफर।
- फोटो : गांव जंक्शन
वंचित क्षेत्रों में ग्रामीण बच्चों को व्यावहारिक शिक्षा
अनिल प्रधान द्वारा शुरू किए गए इनोवेशन स्कूल में वंचित क्षेत्रों में ग्रामीण बच्चों को व्यावहारिक शिक्षा और तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की पहल की गई। तकनीक को रोजमर्रा की जिंदगी में कैसे उपयोग करें, यहां बच्चों को यह भी सिखाया जाता है। यहां पर पाठ के कंटेंट को हर क्लास और लैंग्वेज के हिसाब से डिजाइन किया गया है। हालांकि, शुरुआत में गांव के बच्चों के लिए इस कॉन्सेप्ट का अपनाना आसान नहीं था। लेकिन, आज यहां के कई रियल लाइफ सॉल्यूशन्स की खोज रहे हैं। वहीं, कुछ तो प्लास्टिक रिसाइकलिंग पर भी काम कर रहे हैं। यही नहीं, इस स्कूल के बच्चे नासा के रोवर चैलेंज के लिए चुने गए हैं। अनिल ने हजारों बच्चों को तकनीक से जोड़ा है। इस काम के लिए अनिल को 2018 में भारत सरकार की ओर से नेशनल यूथ आइकॉन अवार्ड भी मिल चुका है। अनिल ने गांव वापस आकर जो बीज बोया है, वो नई पीढ़ी को एक सही दिशा की ओर ले जाएगा।
NASA रोवर चैलेंज में पहुंचे इस स्कूल के छात्र
अनिल ने भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली छात्रों की एक टीम बनाई, जिसने 2021 में NASA रोवर चैलेंज में तीसरी विश्व रैंकिंग हासिल की और ऐसा करने वाली एशिया की पहली अंडर-19 टीम बन गई। उन्हें भारत सरकार से 29 वर्ष से कम आयु के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार मिला। अनिल की उपलब्धियों में 3M CII यंग इनोवेशन अवार्ड और बर्लिन साइंस वीक में ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवार्ड शामिल हैं।
विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कला और गणित का व्यावहारिक सबक सीख रहे हैं बच्चे।
- फोटो : सोशल मीडिया
शिक्षण का अनूठा दृष्टिकोण
अनिल प्रधान ने छात्रों के लिए शैक्षिक कार्यक्रम तैयार करने के लिए I.C.E. के नाम से जाना जाने वाला एक शिक्षण दृष्टिकोण तैयार किया है। इस पद्धति में, "I" का अर्थ है (Intent) इरादा, जहां वे छात्रों को गंभीरता से सोचने, पहल करने और अन्वेषण करने के लिए प्रेरित करते हैं। अक्षर "C" (Content) सामग्री को दर्शाता है, जो छात्रों को किट के साथ छेड़छाड़ करने और कार्यपुस्तिकाओं का उपयोग करने से जुड़ी व्यावहारिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है। अंत में, "E" का अर्थ है (Environment) पर्यावरण, जो प्रभावी शिक्षण की सुविधा प्रदान करने वाले विशेष रूप से डिजाइन किए गए स्थानों के महत्व को उजागर करता है। शिक्षण की इस पद्धति ने उन्हें टिंकर बॉक्स, टिंकरबुक, टिंकरस्टेशन और 1200 से अधिक शिक्षण सहायक सामग्री सहित कई शैक्षिक उपकरण बनाने के लिए प्रेरित किया। ये संसाधन STEAM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कला और गणित) से संबंधित विषयों को पढ़ाने, नवाचार को बढ़ावा देने और सॉफ्ट स्किल्स को बढ़ाने के लिए डिजाइन किए गए हैं।
राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिली तारीफ
अनिल प्रधान ने यूके में वन यंग वर्ल्ड समिट; जर्मनी में बर्लिन साइंस वीक; मिस्र में वर्ल्ड यूथ फोरम; चीन में बाउमा शंघाई; और यूएसए में नासा रोवर चैलेंज जैसे विभिन्न वैश्विक मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी उल्लेखनीय यात्रा ने आईआईटी, आईआईएम और राज्य सरकारों जैसे प्रसिद्ध संस्थानों पर भी छाप छोड़ी है, जहां उन्हें शिक्षा में नवाचार और समर्पण की अपनी कहानी साझा करने के लिए आमंत्रित किया जाता रहा है।
रोहिणी नैयर पुरस्कार, भारत के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों में से एक, रोहिणी नैयर की स्मृति में स्थापित किया गया है, जो ग्रामीण विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार के रूप में 10 लाख रुपये के नकद, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की जाती है। इसे नैयर फाउंडेशन फॉर सोशल एंड इकोनॉमिक पर्पस द्वारा 40 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को प्रतिवर्ष दिया जाता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।