Home›Lokrang›Entertainment›
Panchayat 5 Shooting Begins Fans Excited Sachiv Ji Coming Camera Action Echoes Again In Phulera
आ रहे हैं 'सचिव जी' : फुलेरा में फिर गूंजा ‘कैमरा-एक्शन’, पंचायत 5 की शूटिंग शुरू, फैंस में उत्साह
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 03 Apr 2026 05:59 PM IST
सार
‘पंचायत’ के 6 साल पूरे होने पर मेकर्स ने सीजन 5 की BTS तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें शो के सभी प्रमुख किरदार नजर आए। फिलहाल शूटिंग जारी है और नया सीजन 2026 में रिलीज हो सकता है, जिससे फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।
फुलेरा में फिर गूंजा ‘कैमरा-एक्शन’, पंचायत 5 की शूटिंग शुरू
- फोटो : गांव जंक्शन
'पंचायत' में फिर से 'सचिव जी' जलवा बिखेरने के लिए तैयारी कर रहे हैं। 'फुलेरा' गांव में कैमरा, एक्शन... की आवाज बुलंद है। कुल मिलाकर, प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के फैंस के लिए खुशखबरी है। चार सफल सीजन के बाद अब मेकर्स पांचवां सीजन लेकर आ रहे हैं। हालांकि रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हाल ही में सामने आए अपडेट ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के 6 साल पूरे होने के मौके पर मेकर्स ने फैंस को खास तोहफा दिया है। उन्होंने सीजन 5 की बिहाइंड द सीन (BTS) तस्वीरें शेयर कर दी हैं, जिससे दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ गया है। इन तस्वीरों में सचिव जी (जितेंद्र कुमार), प्रधान जी (रघुबीर यादव), नीना गुप्ता, प्रहलाद चा (फैसल मलिक), विकास, रिंकी और बनराकस समेत सभी अहम किरदार नजर आ रहे हैं।
फुलेरा में फिर लौटी शूटिंग की रौनक
‘पंचायत’ के नए सीजन की शूटिंग फिलहाल जारी है। मेकर्स ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, “फुलेरा में 6 साल हो गए हैं और हम इस गांव को कभी छोड़ना नहीं चाहते।” इन फोटोज में सेट पर कलाकारों की मस्ती और शूटिंग के पल साफ नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में जितेंद्र कुमार मुस्कुराते हुए नजर आते हैं, वहीं दूसरी में रघुबीर यादव और नीना गुप्ता साथ दिखाई देते हैं।
चारपाई पर दिखे प्रहलाद चा, स्क्रिप्ट पढ़ते आए नजर
मेकर्स द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में फैसल मलिक (प्रहलाद चा) चारपाई पर बैठे नजर आ रहे हैं, वहीं एक अन्य फोटो में वह स्क्रिप्ट पढ़ते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा एक तस्वीर में सान्विका को सीन समझाते हुए मेकर्स भी नजर आते हैं, जो शूटिंग के दौरान की झलक दिखाती है।
2026 में आ सकता है नया सीजन
गौरतलब है कि ‘पंचायत’ का पहला सीजन 3 अप्रैल 2020 को रिलीज हुआ था। चारों सीजन को दर्शकों ने खूब पसंद किया। हाल ही में प्राइम वीडियो के एक इवेंट में भी संकेत मिला था कि सीजन 5 साल 2026 में रिलीज हो सकता है, हालांकि आधिकारिक तारीख का ऐलान अभी बाकी है।
कहानी में दिखेगा चुनावी रंग
पिछले सीजन में दिखाया गया था कि प्रहलाद चा को चुनाव लड़ने का ऑफर मिलता है। ऐसे में उम्मीद है कि पांचवें सीजन में गांव की राजनीति और चुनावी माहौल कहानी का अहम हिस्सा होंगे।
फैंस को रिलीज डेट का इंतजार
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई इन तस्वीरों पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट कर लिखा कि उन्हें नए सीजन का बेसब्री से इंतजार है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि मेकर्स ‘पंचायत 5’ की रिलीज डेट का ऐलान कब करते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।