Panchayat 4: 'पंचायत' के विकास शुक्ला और विधायक जी को आया फोन, फुलेरा पहुंच गए अमिताभ बच्चन, जानें पूरी कहानी
गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा
Published by: Himanshu Mishra
Updated Thu, 23 Jan 2025 05:36 PM IST
सार
अमिताभ फुलेरा गांव पहुंचे और यहां उन्होंने पंचायत की शूटिंग में हिस्सा लिया। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि पंचायत-4 में अमिताभ बच्चन भी नजर आएंगे। हालांकि, इन तस्वीरों और वीडियो की कहानी कुछ और ही है। आइए जानते हैं...
पंचायत के विकास के साथ अमिताभ बच्चन।
- फोटो : सोशल मीडिया
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मशहूर वेब सीरीज 'पंचयात सीजन 4' की शूटिंग जोरो पर है। इस बीच, पंचायत के फुलेरा गांव से कुछ ऐसी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं हैं, जिनकी हर जगह चर्चा है। इन तस्वीरों और वीडियो में बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अमिताभ बच्चन दिख रहे हैं। अमिताभ फुलेरा गांव पहुंचे और यहां उन्होंने पंचायत की शूटिंग में हिस्सा लिया। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि पंचायत-4 में अमिताभ बच्चन भी नजर आएंगे। हालांकि, इन तस्वीरों और वीडियो की कहानी कुछ और ही है। आइए जानते हैं...
TVF ने शेयर की थी तस्वीर
बुधवार को 'पंचायत' के क्रिएटर्स TVF ने कई तस्वीरें शेयर की थीं, जिसमें बिग बी अमिताभ बच्चन फुलेरा गांव में सहायक विकास, प्रह्लाद चा और विधायक के साथ नजर आए। कयास और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया कि अमिताभ बच्चन 'पंचायत' की दुनिया में एंट्री कर रहे हैं। हालांकि, अब इस खलखली पर विराम लगाने का मौका आ गया है, क्योंकि यह मामला 'पंयाचत' अंदाज में एक जागरूकता अभियान से जुड़ा है।
अमिताभ बच्चन ने खुद ट्विटर (X) पर चंदन रॉय के साथ एक वीडियो पोस्ट किया है, जो पंचायत सीरीज में फुलेरा ग्राम पंचायत के सहायक विकास शुक्ला की भूमिका निभाते हैं। वीडियो में, विकास को एक फोन कॉल आता है, जहां उन्हें एक जॉब ऑफर मिलता है। असल में यह एक धोखाधड़ी वाला फोन कॉल था। अमिताभ आगे वीडियो में विकास को साइबर क्राइम का शिकार होने से बचाते हैं।
बताया जाता है कि इन दिनों बड़े पैमाने पर लोगों को रोज कई तरह के स्कैम वाले फोन कॉल आते हैं। लोगों को नौकरी, लोन व अन्य तरह का प्रलोभन देकर फंसाया जाता है और उनसे पैसे ऐंठे जाते हैं। यह विज्ञापन लोगों में ऐसे ही अपराधों से सचेत करने के लिए बनाया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से तैयार किए गए इस विज्ञापन में अमिताभ कहते हैं कि फर्जी नौकरी का लालच देकर, फर्जी पैसों का लालच देकर लोगों ये अपराधी विदेश ले जाते हैं और बंधुआ मजदूर बना देते हैं। इसलिए ऐसे साइबर अपराध से बचने के लिए नौकरी के दस्तावेजों को अच्छे से जांच-परख लें और विदेश मंत्रायल के अधिकृत एजेंट के माध्यम से ही आप विदेश जाएं।
वीडियो के आखिर में बिग बी ने आगे कहा है, 'आपकी लापरवाही और लालच को बनाकर हथियार, साइबर अपराधी करते हैं आप पर वार। शिकार होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या फिर वेबसाइट www.cybercrime.com पर शिकायत दर्ज करें।'
विधायक जी को भी आया कॉल, अमिताभ ने बचाया
ऐसा ही एक और विज्ञापन पंचायत सीरीज के विधायक जी यानी मनोज झा के किरदार के साथ शूट हुआ है। इसमें विधायक जी को एक फोन कॉल आता है, जो पैसा बढ़ाओ इन्वेस्टमेंट बैंक से आता है। वह उन्हें उनके बैंक में रखे पैसों को 10 गुना बढ़ाने का लालच देता है। यहां भी अमिताभ की एंट्री होती है और वह विधायक जी को इस साइबर स्कैम से बचा लेते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।