विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Punjab Minister Barinder Goyal Announces Canal Irrigation Projects Worth Over Rs 100 Crore

पंजाब : 90 हजार एकड़ खेतों को मिलेगा नहर का पानी, 100.65 करोड़ की दो परियोजनाओं का एलान

गांव जंक्शन डेस्क, चंडीगढ़ Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 10 Nov 2026 07:21 PM IST
सार

पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने 100.65 करोड़ रुपये की दो नहर सिंचाई परियोजनाओं की घोषणा की। इनसे 90,000 एकड़ से अधिक खेतों को पक्का नहरी पानी मिलेगा और किसानों की भूजल पर निर्भरता घटेगी।

पंजाब में 100.65 करोड़ रुपये की दो नहर सिंचाई परियोजनाओं की घोषणा।
पंजाब में 100.65 करोड़ रुपये की दो नहर सिंचाई परियोजनाओं की घोषणा। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने मंगलवार को 100.65 करोड़ रुपये की दो नहर सिंचाई परियोजनाओं की घोषणा की। इनका मकसद 90,000 एकड़ से अधिक कृषि भूमि को भरोसेमंद सतही जल सिंचाई देना, किसानों की भूजल पर निर्भरता घटाना और सिंचाई ढांचा मजबूत करना है। इनमें 64.11 करोड़ रुपये की वितरिका प्रणाली कंक्रीट लाइनिंग परियोजना और 36.54 करोड़ रुपये की कपूरी लिफ्ट सिंचाई योजना शामिल हैं।

गोयल ने कहा, 'पंजाब के किसान दशकों से देश का पेट भर रहे हैं। उन्हें खेतों के लिए पक्का पानी मिले, यह हमारी जिम्मेदारी है। मान सरकार नहर नेटवर्क बहाल कर उन इलाकों तक सतही जल ले जा रही है, जो पीढ़ियों से भूजल पर निर्भर रहे हैं।' भगवंत मान सरकार ने नहर सिंचाई नेटवर्क की बहाली, आधुनिकीकरण और विस्तार को प्राथमिकता दी है।

वितरिका की कंक्रीट लाइनिंग
करीब 60 साल पुरानी वितरिका के पुनर्निर्माण और वहन क्षमता बढ़ाने के लिए 64.11 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूर हुई है। इससे फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के करीब 80 गांवों की 69,967 एकड़ जमीन को पर्याप्त सिंचाई जल मिलेगा। वहन क्षमता 154.50 क्यूसेक से बढ़कर 248.69 क्यूसेक हो जाएगी। शुरुआती हिस्से में साइड लाइनिंग और शेष लंबाई में साइड व बेड दोनों की लाइनिंग होगी। चालू वित्त वर्ष में 40 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।

मंत्री के अनुसार वितरिका करीब छह दशक पहले 2.04 क्यूसेक प्रति 1,000 एकड़ जल भत्ते के हिसाब से बनी थी। सरकार ने भत्ता बढ़ाकर 3.05 क्यूसेक प्रति 1,000 एकड़ किया है, इसलिए क्षमता बढ़ाना जरूरी था। कच्ची नहर में रिसाव से पानी की भारी बर्बादी हो रही थी। कंक्रीट लाइनिंग से क्षमता बढ़ेगी और नहरी सिंचाई भरोसेमंद होगी।

कपूरी लिफ्ट सिंचाई योजना
36.54 करोड़ रुपये की योजना से हरियाणा सीमा से सटे पटियाला जिले के 20 गांवों की 20,719 एकड़ जमीन को पहली बार नहरी पानी मिलेगा। इन इलाकों में नहरी पानी की सुविधा कभी नहीं रही, इसलिए किसान भूजल पर निर्भर थे। पानी उठाकर वितरण पाइपलाइन नेटवर्क से सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा। परियोजना चरणों में पूरी होगी और पहले चरण में चालू वित्त वर्ष में 4 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं।

नहर सिंचाई ढांचे में 7,500 करोड़ निवेश
सरकार ने भाखड़ा मेन लाइन प्रणाली का जल भत्ता 2.04 से बढ़ाकर 3.05 क्यूसेक प्रति 1,000 एकड़ किया है, ताकि पंजाब के हिस्से के नहरी पानी का पूरा उपयोग हो और भूजल गिरावट की समस्या से निपटा जाए। मंत्री के अनुसार सरकार ने नहर सिंचाई ढांचे पर करीब 7,500 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। करीब 14,000 किलोमीटर जलमार्ग बने और पाइपलाइनें बिछीं, जबकि 19,000 से अधिक जलमार्ग बहाल किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन