यह हफ्ता कई सब्जियों की रोपाई के लिए अच्छा है। IARI की एडवाजरी के अनुसार, इस समय किसान गाजर, मूली, चुकंदर और शलजम जैसी सब्जियों की बुवाई कर सकते हैं। इसके अलावा सरसों का साग, बथुआ, पालक, मेथी और धनिया जैसी पत्तेदार सब्जियों की बुवाई के लिए भी यह ठीक समय है।
गाजर, मूली और चुकंदर की इन किस्मों की करें बुवाई
IARI के वैज्ञानिकों ने इस हफ्ते यूरोपीय समूह की गाजर की किस्मों की बुवाई की सलाह दी है। इनमें नांटेस और पूसा यमदागिनी शामिल हैं। मूली की बुवाई के लिए हिल क्वीन, जापानी व्हाइट और पूसा हिमानी किस्में सुझाई गई हैं। इसके अलावा चुकंदर की क्रिमसन ग्लोब किस्म और शलजम की पीटीडब्ल्यूजी किस्मों की बुवाई भी की जा सकती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, मौजूदा मौसम इन सब्जियों की बुवाई के लिए उपयुक्त है।
साग, पालक और मेथी की बुवाई का भी सही समय
सलाह के मुताबिक, किसान इस सप्ताह पत्तेदार सब्जियों की बुवाई भी कर सकते हैं। सरसों के साग के लिए पूसा साग-1, बथुआ के लिए पूसा बथुआ-1 और पालक के लिए ऑल ग्रीन तथा पूसा भारती किस्मों की सलाह दी गई है। इसी तरह मेथी की बुवाई के लिए पूसा कसूरी और धनिया के लिए पंत हरितमा किस्म सुझाई गई है। किसान धनिया की अन्य संकर किस्मों की भी बुवाई कर सकते हैं।
रबी प्याज की बुवाई के लिए करें बीज उपचार
IARI के वैज्ञानिकों ने मौसम को रबी प्याज की बुवाई के लिए उपयुक्त बताया है। इसके लिए प्रति हेक्टेयर 10 किलो बीज की जरूरत होगी। बुवाई से पहले बीजों को कैप्टान फफूंदनाशक से 2.5 ग्राम प्रति किलो बीज की दर से उपचारित करने की सलाह दी गई है।
फूलगोभी, पत्तागोभी और ब्रोकली की रोपाई करें
फूलगोभी, पत्तागोभी और ब्रोकली की पौध तैयार होने पर किसान खेतों में रोपाई कर सकते हैं। वैज्ञानिकों ने रोपाई के दौरान फसलों के लिए अनुशंसित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। इसके साथ ही देर से तैयार होने वाली फसलों के लिए नर्सरी तैयार करने का काम भी शुरू किया जा सकता है।
सब्जियों में निराई-गुड़ाई और खाद का रखें ध्यान
वैज्ञानिकों ने सब्जियों की फसलों में खरपतवार हटाने के लिए निराई-गुड़ाई करने की सलाह दी है। इसके अलावा जिन फसलों की उम्र 15 से 25 दिन हो चुकी है, उनमें खाद की बची हुई मात्रा डालने की सिफारिश की गई है। आलू की फसल में पौधों की ऊंचाई 15 से 22 सेंटीमीटर होने पर मिट्टी चढ़ाने का काम शुरू करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर 15 दिन बाद दोबारा मिट्टी चढ़ाई जा सकती है।