कृषि निर्यात : फर्रुखाबाद से कतर भेजी गई 63 टन फ्रोजन सब्जियों की पहली खेप, निर्यात के नए रास्ते खुलेंगे
गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 24 Nov 2026 06:24 PM IST
सार
फर्रुखाबाद से 63 टन फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली खेप कतर भेजी गई है। इससे उत्तर प्रदेश के किसानों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की नई संभावना बनी है।
63 मीट्रिक टन की इस खेप के साथ फर्रुखाबाद जिले ने अंतरराष्ट्रीय फ्रोजन फूड निर्यात बाजार में कदम रखा है।
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से पहली बार फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की खेप कतर भेजी गई है। 63 मीट्रिक टन की इस खेप के साथ जिले ने अंतरराष्ट्रीय फ्रोजन फूड निर्यात बाजार में कदम रखा है। इससे राज्य के कृषि निर्यात में विविधता आने और किसानों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों तथा निर्यातकों के लिए नए अवसर बनने की उम्मीद है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक, श्री लक्ष्मी फ्रोजन फूड्स की ओर से भेजी गई इस खेप को मंगलवार को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के अध्यक्ष अभिषेक देव ने वर्चुअल माध्यम से रवाना किया।
न्हावा शेवा बंदरगाह से दोहा पहुंचेगी खेप
मंत्रालय के अनुसार, सब्जियों की यह खेप फर्रुखाबाद से भेजी गई है। इसे न्हावा शेवा बंदरगाह के माध्यम से कतर की राजधानी दोहा पहुंचाया जाएगा।
फर्रुखाबाद और आसपास के क्षेत्रों में सब्जियों के उत्पादन और प्रसंस्करण की अच्छी संभावनाएं हैं। इस निर्यात से स्थानीय कृषि उत्पादन को खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने का रास्ता खुलेगा।
मंत्रालय का कहना है कि इससे किसान उत्पादक संगठनों (FPO), किसानों, प्रसंस्करण इकाइयों और निर्यातकों को विदेशी बाजारों तक पहुंचने के अवसर मिल सकते हैं। मूल्यवर्धित और फ्रोजन खाद्य उत्पाद उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
निर्यातकों की समस्याएं दूर करने पर APEDA का जोर
APEDA ने कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए निर्यातकों और सरकारी एजेंसियों के साथ संपर्क बढ़ाया है।
इसी क्रम में 20 नवंबर को वाराणसी में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें निर्यातकों और सरकारी प्रतिनिधियों ने पैकेजिंग, परिवहन, बाजार तक पहुंच, नियामकीय जरूरतों और संस्थागत सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। APEDA के अधिकारियों ने निर्यातकों की समस्याएं सुनीं और उन्हें दूर करने में सहयोग का भरोसा दिया।
भारत कृषि निर्यात योजना और 'भारती' पहल
कार्यक्रम में APEDA अध्यक्ष अभिषेक देव ने हाल में शुरू की गई भारत कृषि निर्यात योजना (BKNY) की जानकारी दी। इसका उद्देश्य कृषि निर्यात को प्रोत्साहित करना और निर्यात संबंधी बुनियादी ढांचे एवं गतिविधियों को मजबूत करना है।
उन्होंने APEDA की 'भारती' पहल का भी उल्लेख किया। इसके जरिये किसान उत्पादक संगठनों को सशक्त बनाने और उन्हें निर्यात मूल्य श्रृंखला से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वाराणसी के कार्यक्रम में APEDA, उत्तर प्रदेश कृषि विभाग, ECGC, DPPQS, AICLASS और अन्य संस्थानों के अधिकारियों के साथ निर्यातकों, FPO और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।