विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Sugarcane Yield Varies Widely Across Varieties Co 5011 Records Lowest Output At 316 Quintals Per Hectare

गन्ने की पैदावार में भारी अंतर : सीओ 5011 से सिर्फ 316 क्विंटल उपज, सीओ 238 ने दिया 876 क्विंटल उत्पादन

सतीश शर्मा, धामपुर Published by: Umashankar Mishra Updated Thu, 26 Nov 2026 12:43 PM IST
सार

धामपुर चीनी मिल क्षेत्र की क्रॉप कटिंग रिपोर्ट में सीओ 5011 का औसत उत्पादन सबसे कम 316 क्विंटल प्रति हेक्टेयर मिला, जबकि सीओ 238 ने 876 क्विंटल उत्पादन दिया। चीनी मिल अधिकारियों ने किसानों को सीओ 5011 से बचने और सीओ 20016 व सीओ 21012 जैसी अगेती प्रजातियों की बुवाई करने की सलाह दी है।

गन्ने की सीओ 238 प्रजाति ने 876 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन देकर सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।
गन्ने की सीओ 238 प्रजाति ने 876 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन देकर सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। - फोटो : ai
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गन्ने की खेती में इस बार अलग-अलग किस्मों की पैदावार में काफी अंतर देखने को मिला है। धामपुर चीनी मिल क्षेत्र में कराई गई क्रॉप कटिंग (खेत से फसल काटकर उत्पादन का आकलन) की रिपोर्ट में सामान्य प्रजाति सीओ 5011 का प्रदर्शन सबसे खराब रहा। इस किस्म से औसतन केवल 316 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गन्ने का उत्पादन मिला।

गन्ने की सीओ 238 प्रजाति ने 876 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन देकर सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। उत्पादन के इन आंकड़ों को देखते हुए चीनी मिल अधिकारियों ने किसानों को सीओ 5011 की बुवाई से बचने और बेहतर पैदावार देने वाली गन्ने की किस्में अपनाने की सलाह दी है।

क्रॉप कटिंग में सामने आया उत्पादन का अंतर
धामपुर चीनी मिल के यूनिट हेड आशीष शर्मा और सहायक उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पिछले दिनों वैज्ञानिक डॉ. अवधेश डागर ने चीनी मिल क्षेत्र में गन्ने की विभिन्न किस्मों की क्रॉप कटिंग कराई थी। इसका उद्देश्य अलग-अलग प्रजातियों से मिलने वाले औसत उत्पादन का पता लगाना था।

रिपोर्ट के मुताबिक, सामान्य प्रजाति सीओ 5011 से औसतन 316 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन मिला। वहीं, सीओ 9709 से 484 क्विंटल और अगेती प्रजाति सीओएस 13235 से 368 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन दर्ज किया गया।

सीओ 238 ने दिया सबसे ज्यादा उत्पादन
कुछ गन्ना प्रजातियों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। सीओ 98014 से औसतन 520 क्विंटल, सीओ 118 से 650 क्विंटल और सीओ 238 से 876 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन मिला।

इन आंकड़ों से पता चलता है कि गन्ने की किस्म का चुनाव फसल की पैदावार पर बड़ा असर डाल सकता है। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों में मिट्टी, मौसम और खेती के तरीकों के कारण उत्पादन में अंतर हो सकता है।

इन अगेती किस्मों की बुवाई की सलाह
चीनी मिल के सहायक उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि सीओ 5011 से सबसे कम उत्पादन मिलने के कारण किसानों को इसकी बुवाई से बचने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने किसानों से आगामी बुवाई में सीओ 20016 और सीओ 21012 जैसी अगेती प्रजातियों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस बार इन दोनों प्रजातियों का बीज भी किसानों के लिए उपलब्ध कराया गया है। ये किस्में बेहतर उत्पादन देने की क्षमता रखती हैं।

वैज्ञानिक सलाह से करें किस्मों का चुनाव
चीनी मिल अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे केवल पुरानी परंपरा के आधार पर एक ही किस्म की बुवाई न करें। गन्ने की नई किस्म चुनने से पहले वैज्ञानिकों की सलाह और क्रॉप कटिंग के आंकड़ों को जरूर देखें। इससे बेहतर उत्पादन पाने और खेती की लागत के मुकाबले अधिक कमाई करने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन