विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Krishi Vyapar› Sugarcane Crushing Begins At 96 Mills In Uttar Pradesh Farmers Receive Over 552 Crore

उत्तर प्रदेश : 96 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू, किसानों को 552 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 25 Nov 2026 08:38 PM IST
सार

उत्तर प्रदेश में पेराई सत्र 2026-27 के तहत 96 चीनी मिलों ने काम शुरू कर दिया है। अब तक 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई से 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है। अजबापुर मिल ने किसानों को सबसे अधिक 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।

चीनी मिल
चीनी मिल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 के तहत अब तक 96 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। इनमें 78 निजी क्षेत्र, 17 सहकारी क्षेत्र और एक निगम क्षेत्र की चीनी मिल शामिल है। इन मिलों में अब तक 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गन्ना किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

हरियावां मिल ने सबसे अधिक गन्ने की पेराई की
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत के मुताबिक, प्रदेश में अब तक सबसे अधिक गन्ने की पेराई हरदोई की हरियावां चीनी मिल ने की है। इस मिल में 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई है। इसके बाद सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 21.94 लाख कुंतल और मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल ने 20.95 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है।

अजबापुर मिल ने किया सबसे अधिक भुगतान
किसानों को भुगतान के मामले में लखीमपुर खीरी की अजबापुर चीनी मिल (डीसीएम ग्रुप) सबसे आगे है। इस मिल ने अब तक किसानों को 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ रुपये और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।

552.23 करोड़ के देय गन्ना मूल्य का भुगतान
गन्ना आयुक्त के अनुसार, वर्तमान पेराई सत्र में अब तक किसानों को कुल 552.23 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य देय था। इसके सापेक्ष चीनी मिलों की ओर से शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जा चुका है। सरकार का कहना है कि पेराई सत्र की शुरुआत से ही तेजी से भुगतान होने से किसानों को बिचौलियों और भुगतान में देरी की समस्या से राहत मिलेगी।

गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि और उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर दिलाने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर गन्ना मूल्य का भुगतान करने को कहा गया है। विभाग इसकी लगातार निगरानी कर रहा है।

पेराई सत्र 2026-27 में अब तक सबसे अधिक गन्ना पेराई करने वाली मिलें
चीनी मिल पेराई
हरियावां, हरदोई 22.41 लाख कुंतल
हरगांव, सीतापुर 21.94 लाख कुंतल
खतौली, मुजफ्फरनगर 20.95 लाख कुंतल

किसानों को सबसे अधिक भुगतान करने वाली चीनी मिलें
चीनी मिल भुगतान
अजबापुर, डीसीएम ग्रुप, लखीमपुर 82 करोड़ रुपये
मवाना, मेरठ 62 करोड़ रुपये
हरगांव, सीतापुर 60.42 करोड़ रुपये

विज्ञापन
विज्ञापन