Home›Khabar Junction›
Why Reduce Income By Selling Raw Crops Processing Branding Increase Farmers Income Nabard Suggests
कच्ची फसल बेचकर क्यों करें कमाई कम? : प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग से बढ़ेगी किसानों की आय, नाबार्ड ने बताया रास्ता
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 15 Nov 2026 04:08 PM IST
सार
नाबार्ड चेयरमैन वी. शाजी कृष्णन ने केरल में कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और वैल्यू एडेड उत्पादों के निर्यात पर जोर दिया है। इससे किसानों की आय, रोजगार और कृषि कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी।
प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग से बढ़ेगी किसानों की आय, नाबार्ड ने बताया रास्ता
- फोटो : सोशल मीडिया
केरल के किसानों की आमदनी बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए कृषि उत्पादों को कच्चे रूप में बेचने के बजाय उनकी प्रोसेसिंग कर निर्यात करने पर जोर दिया जा रहा है। नाबार्ड के चेयरमैन वी. शाजी कृष्णन ने कहा है कि केरल को कृषि उत्पादों से वैल्यू एडेड यानी अधिक मूल्य वाले उत्पाद तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और कृषि उत्पादों से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा राज्य के भीतर ही रहेगा।
कोचीन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के इवेंट कैलेंडर का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा देने की जरूरत है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों की आय में भी सुधार होगा।
खेतों के पास लगेंगी प्रोसेसिंग यूनिट
नाबार्ड चेयरमैन ने कहा कि कृषि उत्पादों का मूल्य बढ़ाने के लिए उत्पादन से लेकर बाजार तक एक मजबूत व्यवस्था तैयार करनी होगी। इसके तहत उत्पादन, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को एक साथ जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने खेतों के आसपास ही प्रोसेसिंग यूनिट लगाने का सुझाव दिया। इससे किसानों को अपनी उपज की प्रोसेसिंग में सीधे भाग लेने का मौका मिलेगा। साथ ही छोटे उद्योगों (MSME) और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को औद्योगिक क्लस्टर के माध्यम से एक साथ जोड़ने की जरूरत है।
नाबार्ड देगा लोन और आर्थिक मदद
वी. शाजी कृष्णन ने कहा कि नाबार्ड इस तरह की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऋण गारंटी, पुनर्वित्त सुविधा और अनुदान के माध्यम से मदद करेगा। इसके अलावा राज्य के हर जिले में संभावनाओं वाली कृषि वैल्यू चेन विकसित करने पर भी काम किया जाएगा।
नाबार्ड छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद करेगा। इससे छोटे उद्यमी भी कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और कारोबार से जुड़ सकेंगे।
कोचीन चैंबर के साथ बनेगा संयुक्त मंच
नाबार्ड चेयरमैन ने कृषि और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कोचीन चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ संयुक्त मंच बनाने का प्रस्ताव भी रखा। यह मंच ऐसे कृषि उत्पादों और औद्योगिक समूहों की पहचान करेगा, जिनमें कारोबार बढ़ाने की अच्छी संभावनाएं हैं। इसके साथ ही प्रोसेसिंग से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने, बाजार उपलब्ध कराने वाले साझेदारों की पहचान करने और बैंकों को भेजने के लिए परियोजना रिपोर्ट तैयार करने में भी मदद की जाएगी।
खेती और उद्योग में AI के इस्तेमाल पर जोर
उन्होंने कृषि और उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी नई तकनीकों को अपनाने की जरूरत बताई। साथ ही जलवायु परिवर्तन के असर को देखते हुए ऐसी खेती और उद्योग विकसित करने पर जोर दिया, जो बदलते मौसम की चुनौतियों का सामना कर सकें।
उन्होंने कहा कि सिर्फ ज्यादा उत्पादन करना ही काफी नहीं है। कृषि उत्पादों की गुणवत्ता, टिकाऊ उत्पादन और उनकी पूरी जानकारी उपलब्ध होना भी जरूरी है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों की पहचान और मांग बढ़ाने में मदद मिलेगी।
नाबार्ड चेयरमैन के मुताबिक, कृषि और उद्योग के बीच मजबूत तालमेल बनाकर किसानों को उनकी उपज से तैयार उत्पादों की बिक्री से होने वाली कमाई में उचित हिस्सा दिलाया जा सकता है। उन्हें उम्मीद है कि नाबार्ड और कोचीन चैंबर की साझेदारी इस दिशा में नई शुरुआत साबित होगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।