Home›Khabar Junction›
Himachal Pradesh Shimla Monkeys And Langurs Leaving Jakhu Forest Change Habitat During Winter
हिमाचल प्रदेश : जाखू के जंगल छोड़ रहे बंदर-लंगूर, कहां करेंगे पलायन? जानिए सर्दियों में क्यों बदलते हैं ठिकाना
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 15 Nov 2026 03:30 PM IST
सार
शिमला में सर्दी बढ़ते ही जाखू के जंगलों से बंदर और लंगूर टुटू, कसुम्पटी व विकासनगर जैसे निचले इलाकों में पहुंच रहे हैं। जानिए ठंड और भोजन की कमी के कारण क्यों बदलते हैं अपना ठिकाना और कब लौटते हैं जंगलों में।
शिमला में ठंड का मौसम शुरू होते ही बंदर और लंगूर अपने ठिकाने बदलने लगते हैं। गर्मियों में जाखू और आसपास के जंगलों में रहने वाले इनके झुंड सर्दी बढ़ने पर निचले इलाकों की ओर आने लगते हैं। टुटू, कसुम्पटी, विकासनगर, संजौली और बालूगंज जैसे इलाकों में इनकी सक्रियता बढ़ जाती है। इसके पीछे मुख्य वजह ठंड से बचना और भोजन की तलाश करना है। वन विभाग के मुताबिक, यह वन्यजीवों के जीवित रहने का प्राकृतिक तरीका है।
ठंड और भोजन की कमी से बदलते हैं ठिकाना
जाखू के जंगल ऊंचाई पर स्थित हैं। ऐसे में सर्दियों में यहां तापमान तेजी से गिर जाता है। ठंड बढ़ने के साथ पेड़ों पर फल और भोजन के दूसरे प्राकृतिक स्रोत भी कम होने लगते हैं। वहीं, जाखू मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही घटने से बंदरों को प्रसाद और खाने की चीजें भी कम मिलती हैं।
ऐसे में बंदरों और लंगूरों के लिए ऊंचाई वाले जंगलों में रहना मुश्किल हो जाता है। वे ठंड और भूख से बचने के लिए निचले और अपेक्षाकृत गर्म इलाकों की ओर जाने लगते हैं। वन विभाग के वन्यजीव प्रभाग के अनुसार, बंदर मौसम में होने वाले बदलाव को पहले ही भांप लेते हैं। दिन छोटे होने, ठंडी हवाएं चलने और भोजन की कमी होने पर इनके झुंड निचले इलाकों की ओर रुख करने लगते हैं।
मकानों की छतों और गर्म दीवारों के पास लेते हैं शरण
बंदरों और लंगूरों का निचले इलाकों में जाना सिर्फ भोजन की तलाश तक सीमित नहीं है। वे ठंड से बचने के लिए भी ऐसा करते हैं। निचले इलाकों में बड़े पेड़, मकानों की छतें और गर्म दीवारें उन्हें रात के समय ठंड से बचने में मदद करती हैं।
इसके अलावा, बर्फबारी के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में पेड़ों और रास्तों पर बर्फ जम जाती है। इससे वन्यजीवों के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाना मुश्किल हो जाता है। इसके मुकाबले निचले इलाकों में उन्हें चलने-फिरने और भोजन तलाशने के लिए बेहतर माहौल मिलता है।
मार्च-अप्रैल में फिर लौट जाते हैं जंगलों में
सर्दियों के बाद जब मार्च-अप्रैल में मौसम गर्म होने लगता है और जाखू के जंगलों में हरियाली बढ़ने लगती है, तब बंदर और लंगूर फिर से ऊंचाई वाले इलाकों की ओर लौटने लगते हैं। इस दौरान जंगलों में भोजन की उपलब्धता भी बढ़ जाती है।
लोगों को क्यों बरतनी चाहिए सावधानी?
सर्दियों में बंदर और लंगूरों की संख्या निचले इलाकों में बढ़ने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को परेशानी हो सकती है। कई बार ये घरों और दुकानों के आसपास खाने की तलाश में पहुंच जाते हैं। ऐसे में वन विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वन विभाग का कहना है कि बंदरों और लंगूरों का यह पलायन एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसे रोकना न तो संभव है और न ही जरूरी। लोगों को इन्हें खाने-पीने की चीजें देने से बचना चाहिए। शिमला के वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ शाहनवाज भट्ट के अनुसार, सिर्फ बंदर और लंगूर ही नहीं, बल्कि कई अन्य वन्यजीव भी सर्दियों में ठंड और भोजन की कमी के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों से निचले इलाकों की ओर चले जाते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।