देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है। वहीं, उत्तर भारत में सुबह और रात के तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने लगी है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 14 नवंबर को देश के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र देश के कई हिस्सों के मौसम को प्रभावित कर सकता है।
दिल्ली में कोहरा, कल हो सकती है बूंदाबांदी
देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, 15 नवंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
यूपी में बारिश, बिहार और झारखंड में छाएगा कोहरा
उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह धुंध और कोहरा छा सकता है। पश्चिमी यूपी में 14 और 15 नवंबर को कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।बिहार में आज बारिश का कोई अनुमान नहीं है, हालांकि 15 जिलों में मौसम खराब रह सकता है। वहीं, झारखंड के 10 जिलों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। राज्य में बारिश को लेकर फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बढ़ेगी ठंड
राजस्थान के छह जिलों में आज बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 15 नवंबर को आठ जिलों में यलो अलर्ट रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। पंजाब के कई जिलों में भी आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत में कई दिनों तक बारिश का दौर
दक्षिण भारत के राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 नवंबर और फिर 16 से 19 नवंबर तक बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 15 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 16 से 19 नवंबर तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 14 से 19 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 और 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड से कश्मीर तक बारिश और बर्फबारी
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3,300 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश और तेज आंधी चलने का अनुमान है। राज्य में 15 नवंबर तक मौसम खराब रह सकता है। उधर, कश्मीर घाटी में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।