झारखंड में दलहन का उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए रांची स्थित रामकृष्ण मिशन के दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र ने पहल की है। केंद्र की ओर से रबी सीजन 2026-27 में चने की उन्नत खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत क्लस्टर फ्रंटलाइन डेमोंस्ट्रेशन (सीएफएलडी) कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 250 एकड़ यानी 100 हेक्टेयर जमीन पर चने की खेती का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके लिए चयनित किसानों को चने की उन्नत किस्म पूसा-3043 का प्रमाणित बीज दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नगड़ी प्रखंड के लद्दा और मांडर प्रखंड के कैम्बो गांव में किसानों को बीज बांटे गए। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें किसानों को चने की वैज्ञानिक खेती, बीज उपचार और फसल की देखभाल के तरीके बताए गए।
बीज उपचार और कीटों से बचाव की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बताया गया कि चने की अच्छी पैदावार के लिए समय पर बुवाई, बीज की सही मात्रा और कतार में बुवाई करना जरूरी है। बीज और मिट्टी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए कार्बेन्डाजिम से बीज उपचार करने की सलाह दी गई। इसके अलावा जड़ों में गांठें बनाने और पौधों को नाइट्रोजन उपलब्ध कराने में मदद के लिए राइजोबियम और पीएसबी जैव उर्वरकों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर खाद और उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल करने, खरपतवार पर नियंत्रण रखने और जरूरत के अनुसार सिंचाई करने के तरीके भी बताए गए। साथ ही फली छेदक कीट और चने की प्रमुख बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने बताया कि खेत में उचित दूरी रखते हुए कतार में बुवाई करने से पौधों का विकास अच्छा होता है। इससे प्रति एकड़ उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
उन्नत बीज और तकनीक से बढ़ेगी पैदावार
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि विशेषज्ञ डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि उन्नत किस्म के बीज, बीज उपचार, जैव उर्वरकों और संतुलित खाद के इस्तेमाल से चने की पैदावार और खेती से होने वाली कमाई बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण में बताई गई वैज्ञानिक तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने की अपील की।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।