विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tea Prices Rise But Traders Worried About Flaws In E Auction Tea Board Will Make Improvements

चाय की कीमतों में तेजी : लेकिन ई-नीलामी की खामियों से कारोबारी परेशान, सुधार करेगा टी बोर्ड

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 14 Nov 2026 09:00 AM IST
सार

  • चाय की ऑनलाइन नीलामी में आ रही दिक्कतें दूर करने के लिए टी बोर्ड बैठक बुलाएगा।

  • नए ट्रेडफोर्ज प्लेटफॉर्म में तकनीकी और संचालन संबंधी समस्याएं सामने आई हैं।

  • नीलामी प्रक्रिया को बेहतर बनाने और कारोबारियों का भरोसा बढ़ाने पर चर्चा होगी।

  • कोच्चि की नीलामी में चाय की कीमतों और बिक्री में सुधार हुआ।

चाय बागान
चाय बागान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चाय की ऑनलाइन नीलामी में आ रही तकनीकी और संचालन संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए टी बोर्ड जल्द ही इससे जुड़े सभी पक्षों की बैठक बुलाने की तैयारी कर रहा है। बैठक में नए ट्रेडफोर्ज (TradeForge) नीलामी प्लेटफॉर्म की खामियों पर चर्चा होगी। साथ ही नीलामी प्रक्रिया को सुचारू बनाने और कारोबारियों का भरोसा बढ़ाने के लिए जरूरी कदमों पर विचार किया जाएगा। टी ट्रेड एसोसिएशन ऑफ कोचीन के अनिल जॉर्ज जोसेफ के अनुसार, बैठक में चाय कारोबार से जुड़े लोग नए प्लेटफॉर्म के संचालन में आ रही परेशानियों और उन्हें दूर करने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने बिजनेस लाइन को बताया कि चाय की ई-नीलामी को आधुनिक और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से ट्रेडफोर्ज प्लेटफॉर्म शुरू किया गया था, लेकिन शुरुआत से ही इसमें कई तकनीकी और संचालन संबंधी दिक्कतें आ रही हैं। इससे चाय खरीदने और बेचने वाले कारोबारियों के साथ अन्य संबंधित लोगों को भी परेशानी हो रही है। प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता और नीलामी प्रक्रिया को बेहतर बनाने की जरूरत है।

कोच्चि में चाय की कीमतों में बढ़ोतरी
एक ओर ऑनलाइन नीलामी प्लेटफॉर्म की समस्याएं चिंता का विषय बनी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर कोच्चि में चाय की नीलामी के दौरान कीमतों और बिक्री में सुधार देखने को मिला है। पिछले सप्ताह के मुकाबले नीलामी के 46वें दौर में चाय की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कारोबारियों के अनुसार, सीटीसी और ऑर्थोडॉक्स दोनों तरह की चाय की मांग अच्छी रही। ब्लेंडर कंपनियों ने भी खरीदारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

नीलामीकर्ता फोर्ब्स, इवर्ट एंड फिगिस के अनुसार, सीटीसी चाय की कुल 6,97,157 किलोग्राम मात्रा बिक्री के लिए रखी गई थी। इसमें से करीब 95 फीसदी चाय बिक गई। अच्छी गुणवत्ता वाली चाय की कीमतों में 1 से 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई। ब्लेंडर कंपनियों ने कुल उपलब्ध चाय में से 73 फीसदी खरीद ली। सीटीसी चाय का औसत बिक्री मूल्य पिछले सप्ताह के 148 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 152 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। इस तरह कीमत में 4 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

ऑर्थोडॉक्स चाय को भी मिला अच्छा समर्थन
ऑर्थोडॉक्स चाय की नीलामी में स्वतंत्र देशों के राष्ट्रमंडल (CIS) और मध्य पूर्व के बाजारों में निर्यात करने वाले कारोबारियों ने अच्छी खरीदारी की। पूरी पत्ती और टूटी पत्ती वाली चाय की कीमतें स्थिर से मजबूत रहीं और कुछ किस्मों के दाम बढ़े। नीलामी में ऑर्थोडॉक्स चाय की कुल 2,96,852 किलोग्राम मात्रा बिक्री के लिए रखी गई थी। इसमें से करीब 85 फीसदी चाय की बिक्री हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन