Home›Khabar Junction›
Weather Update Cyclone And Heavy Rain Increase Trouble Dense Fog Alert In Up And Bihar Cold In Delhi
Weather Update: चक्रवात-भारी बारिश बढ़ाएंगे परेशानी, यूपी-बिहार में घने कोहरे का अलर्ट, दिल्ली में बढ़ेगी ठंड
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 18 Nov 2026 08:27 AM IST
सार
Weather Update: चक्रवात अकवान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है। यूपी-बिहार में घने कोहरे और ओडिशा, झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी। जानें आज का मौसम।
ठंड और कोहरे ने बढ़ाई फसलों की चिंता
- फोटो : सोशल मीडिया
देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कहीं चक्रवाती तूफान और भारी बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं, तो कहीं तापमान में गिरावट और घना कोहरा ठंड का असर बढ़ाएगा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर नेल्लोर और टुनी के बीच पहुंचने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बढ़ने लगी ठंड, तापमान में गिरावट
देश की राजधानी दिल्ली में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। यहां तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।
यूपी और बिहार में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, सहारनपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, कानपुर, उन्नाव, बिजनौर, झांसी, अयोध्या, सुल्तानपुर, गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती और रायबरेली में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार के भी ज्यादातर जिलों में सुबह के समय कोहरा छाने का अनुमान है। कुछ इलाकों में दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 50 से 100 मीटर तक रह सकती है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान से छत्तीसगढ़ तक कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। ओडिशा में आज तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 19 से 21 नवंबर के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 21 और 22 नवंबर को, जबकि पूर्वी हिस्सों में 20 से 23 नवंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में आज तेज बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, विदर्भ में 20 से 22 नवंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में चक्रवात और बारिश का खतरा
दक्षिण भारत के कई राज्यों में चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 नवंबर के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। 19 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के आंध्र प्रदेश तट के करीब पहुंचने से मौसम और खराब हो सकता है। वहीं, केरल और माहे में 23 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। कर्नाटक के तटीय और आंतरिक इलाकों में 21 से 23 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ेगी ठंड
उत्तराखंड के सभी जिलों में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में कोहरा छा सकता है और ठंड का असर बढ़ेगा। हिमाचल प्रदेश में भी 23 नवंबर तक ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ रही है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।