विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Poultry Farmers India Develops First Indigenous Bird Flu Vaccine To Be Launched On November 20

मुर्गीपालकों के लिए बड़ी खुशखबरी: भारत ने बनाई बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, 20 नवंबर को होगी लॉन्च

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 11:11 AM IST
सार

Bird Flu Vaccine: भारत ने H5N1 वायरस के खिलाफ पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित की है। शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित की गई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने H5N1 वायरस के खिलाफ यह वैक्सीन तैयार की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर 2026 को भोपाल में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

यह भारत में H5N1 बर्ड फ्लू वायरस के क्लेड 2.3.2.1a प्रकार के खिलाफ विकसित पहली स्वदेशी निष्क्रिय (Inactivated) वैक्सीन है। इसका उद्देश्य मुर्गियों को इस खतरनाक वायरस से सुरक्षा देना और देश में मुर्गीपालन क्षेत्र को बर्ड फ्लू के प्रकोप से होने वाले नुकसान से बचाना है।

बर्ड फ्लू से मुर्गीपालकों को होता है भारी नुकसान
बर्ड फ्लू को वैज्ञानिक भाषा में हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) कहा जाता है। यह मुर्गियों और दूसरे पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है। इसके संक्रमण से मुर्गियों की बड़े पैमाने पर मौत हो सकती है। कई बार बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को मारना पड़ता है और उनके व्यापार पर भी रोक लगा दी जाती है।

इससे मुर्गीपालकों को आर्थिक नुकसान होता है। साथ ही अंडे और चिकन के कारोबार, कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी असर पड़ता है। भारत में साल 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। इसके बाद से देश में H5N1 और H5N8 वायरस के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।

देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है असर
सरकारी जानकारी के मुताबिक, अगर बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप फैलता है तो भारत की GDP वृद्धि दर में 1.5 फीसदी तक की कमी आ सकती है। बीमारी पर समय रहते नियंत्रण नहीं होने पर देश के 20 फीसदी से अधिक मुर्गीपालन क्षेत्र पर इसका खतरा हो सकता है।

साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से देश को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। मणिपुर में इसके एक प्रकोप से राज्य की GDP के करीब 0.5 फीसदी के बराबर नुकसान हुआ था।

इंसानों में भी संक्रमण का खतरा
बर्ड फ्लू केवल पक्षियों तक सीमित नहीं है। H5N1 वायरस कुछ परिस्थितियों में दूसरे जानवरों और इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार, साल 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में इंसानों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत हुई है।

वैज्ञानिक अध्ययनों के मुताबिक, H5N1 वायरस का क्लेड 2.3.2.1a प्रकार मुर्गियों में बर्ड फ्लू के ज्यादातर प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के वर्षों में इस वायरस का संक्रमण स्तनधारी जानवरों में भी पाया गया है। इसके अलावा इंसानों में संक्रमण के तीन मामले भी सामने आए हैं।

क्यों खास है भारत की स्वदेशी वैक्सीन?
अब तक H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a प्रकार के खिलाफ कोई विशेष व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में ICAR-NIHSAD की ओर से विकसित स्वदेशी वैक्सीन को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह वैक्सीन देश में फैल रहे H5N1 वायरस के इस खास प्रकार से मुर्गियों को सुरक्षा देने के उद्देश्य से बनाई गई है। इससे बर्ड फ्लू के प्रकोप को नियंत्रित करने, मुर्गीपालकों के आर्थिक नुकसान को कम करने और वायरस को दूसरे जानवरों तक फैलने से रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, वैक्सीन के प्रभावी इस्तेमाल और टीकाकरण की प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के बाद स्पष्ट होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन