विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Horticulture Production Sets New Record Bumper Jump In Production Of Fruits Vegetables And Spices

बागवानी उत्पादन ने बनाया नया रिकॉर्ड: फल-सब्जियों और मसालों की पैदावार में बंपर उछाल, पहुंचा 386.92 मिलियन टन

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 09:52 AM IST
सार

भारत में बागवानी फसलों का उत्पादन 2025-26 में रिकॉर्ड 386.92 मिलियन टन पहुंचने का अनुमान है। कम रकबे के बावजूद फल, सब्जियों, मसालों और फूलों की पैदावार बढ़ी है।

बागवानी फसलें
बागवानी फसलें - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में बागवानी फसलों की पैदावार में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खेती का रकबा घटने के बावजूद फल, सब्जियों, मसालों और फूलों का उत्पादन बढ़ा है। कृषि वर्ष 2025-26 (जुलाई-जून) में बागवानी फसलों का कुल उत्पादन बढ़कर 386.92 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जबकि 2024-25 में यह 370.74 मिलियन टन था। यानी एक साल में उत्पादन में करीब 16.18 मिलियन टन की बढ़ोतरी का अनुमान है।

कृषि मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी तीसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक, उत्पादन में यह बढ़ोतरी कई फसलों की पैदावार बढ़ने के कारण हुई है। जून में जारी दूसरे अनुमान में 2025-26 के लिए बागवानी उत्पादन 377.78 मिलियन टन रहने का अनुमान लगाया गया था। अब इसे बढ़ाकर 386.92 मिलियन टन कर दिया गया है।

वहीं, बागवानी फसलों का कुल रकबा 2025-26 में घटकर 29.72 मिलियन हेक्टेयर रहने का अनुमान है। जून में जारी दूसरे अनुमान में यह 30.15 मिलियन हेक्टेयर था। जबकि 2024-25 में बागवानी फसलों का रकबा 30.14 मिलियन हेक्टेयर था। कृषि मंत्रालय के मुताबिक, रकबा कम होने के बावजूद फल, सब्जियां, फूल, बागान वाली फसलें और औषधीय पौधों का उत्पादन बढ़ने का अनुमान है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्पादन में बढ़ोतरी का श्रेय किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों को दिया है। उन्होंने कहा कि किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ फल, सब्जियां, फूल, मसाले और औषधीय पौधों की खेती की ओर भी बढ़ रहे हैं। इससे किसानों के लिए कमाई के नए रास्ते खुल रहे हैं और कृषि क्षेत्र आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।

फल और सब्जियों का उत्पादन बढ़ा
कृषि मंत्रालय के अनुमान के मुताबिक, 2025-26 में फलों का उत्पादन 4.6 फीसदी बढ़कर 123.07 मिलियन टन रहने की उम्मीद है। 2024-25 में यह 117.65 मिलियन टन था। केले, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल के उत्पादन में बढ़ोतरी से कुल पैदावार बढ़ने का अनुमान है।

इसी तरह सब्जियों का उत्पादन भी 4.35 फीसदी बढ़कर 227.27 मिलियन टन पहुंचने का अनुमान है। पिछले कृषि वर्ष में यह 217.8 मिलियन टन था। आलू, टमाटर, मटर, फूलगोभी, लौकी और भिंडी की पैदावार बढ़ने से सब्जियों का कुल उत्पादन बढ़ा है। सब्जियों की खेती का रकबा भी बढ़ा है। 2024-25 में यह 11.79 मिलियन हेक्टेयर था, जो 2025-26 में बढ़कर 11.93 मिलियन हेक्टेयर हो गया।

प्याज का उत्पादन घटा, आलू और टमाटर की पैदावार बढ़ी
प्रमुख सब्जियों में प्याज का रकबा बढ़ने के बावजूद उत्पादन में गिरावट का अनुमान है। 2024-25 में प्याज की खेती 1.97 मिलियन हेक्टेयर में हुई थी, जो 2025-26 में बढ़कर 2.01 मिलियन हेक्टेयर हो गई। इसके बावजूद प्याज का उत्पादन 30.77 मिलियन टन से घटकर 28.9 मिलियन टन रहने का अनुमान है। सूत्रों के मुताबिक, फसल को हुए नुकसान के कारण उत्पादन में गिरावट आई है।

दूसरी ओर, आलू और टमाटर की पैदावार में बढ़ोतरी का अनुमान है। आलू का उत्पादन 2024-25 के 58.57 मिलियन टन से बढ़कर 2025-26 में 65.57 मिलियन टन पहुंच सकता है। वहीं, टमाटर का उत्पादन 20.6 मिलियन टन से बढ़कर 21.41 मिलियन टन रहने का अनुमान है।

फूलों और मसालों की खेती में भी बढ़ोतरी
बागवानी क्षेत्र में फूलों और औषधीय पौधों का उत्पादन भी बढ़ने का अनुमान है। सुगंधित और औषधीय पौधों का उत्पादन 2024-25 के 9.01 लाख टन से बढ़कर 2025-26 में 9.30 लाख टन रहने की उम्मीद है। वहीं, फूलों की खेती का रकबा 3.97 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर हो गया है। फूलों का कुल उत्पादन भी 4.27 मिलियन टन से बढ़कर 4.58 मिलियन टन रहने का अनुमान है।

सुपारी, नारियल, काजू, पान और कोको जैसी बागान फसलों का कुल रकबा 2025-26 में करीब 46.56 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है। इन फसलों का उत्पादन 18.26 मिलियन टन रहने की उम्मीद है। मसालों की बात करें तो 2025-26 में इनकी खेती का रकबा बढ़कर 4.76 मिलियन हेक्टेयर पहुंच गया है। हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार के चलते मसालों का कुल उत्पादन 12.35 मिलियन टन रहने का अनुमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन