नवंबर का महीना खत्म होने वाला है और उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट से ठिठुरन महसूस हो रही है। कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा भी छाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरा छा सकता है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में छा सकता है कोहरा
दिल्ली-NCR में 29 नवंबर की सुबह कोहरा छाने की संभावना है। इससे सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है और विजिबिलिटी कम रह सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में 4 दिसंबर तक सुबह के समय मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में 29 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध छा सकती है। दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। बिहार में भी ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ सकता है। झारखंड में भी मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है।
राजस्थान में बढ़ी ठंड, मध्य प्रदेश के 4 जिलों में शीतलहर की आशंका
राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है। शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, फतेहपुर और चूरू में रात का तापमान गिरने से सर्दी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, दमोह, कटनी, शहडोल और उमरिया में शीतलहर चलने की आशंका है। पंजाब और हरियाणा में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों में कोहरा, दक्षिण भारत में बारिश
पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यानम में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। राज्य में भारी बारिश या बर्फबारी की चेतावनी नहीं है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। जम्मू-कश्मीर में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।