केंद्रीय उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि सरकार किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता और उचित कीमतें बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कच्चे माल, ऊर्जा और परिवहन की आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद इस साल किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई गई। सरकार ने वैश्विक बाजार में कीमतें बढ़ने का बोझ सब्सिडी के जरिए उठाया, ताकि किसानों को यूरिया, डीएपी और अन्य प्रमुख उर्वरक उचित कीमतों पर मिलते रहें।
उर्वरक सब्सिडी 2.5 लाख करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान
उर्वरक संघ के अनुमान के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में केंद्र सरकार की कुल उर्वरक सब्सिडी 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। यह बजट में तय 1.71 लाख करोड़ रुपये के अनुमान से काफी अधिक है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों पर 62,000 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी को हाल ही में मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट है कि किसानों के लिए खाद की उपलब्धता और उसे खरीदने की क्षमता बनाए रखी जाएगी।
पश्चिम एशिया संकट के बावजूद खाद आपूर्ति बनाए रखने का दावा
एफएआई के सम्मेलन को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कच्चे माल, ऊर्जा, माल ढुलाई और बीमा की लागत से जुड़ी सप्लाई चेन प्रभावित हुई थी। इसके बाद भी सरकार ने किसानों तक समय पर खाद पहुंचाने में सफलता हासिल की। उन्होंने उर्वरक उद्योग के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 7-8 महीनों के दौरान संकट से निपटने का अनुभव एक केस स्टडी के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने उद्योग जगत से इस अनुभव को लेखों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का भी आग्रह किया।
यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए 54 हजार करोड़ का निवेश
उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि पिछले 12 सालों में छह बंद यूरिया संयंत्रों को फिर से शुरू किया गया है। इसके अलावा, सरकार ने हाल ही में छह और पुराने संयंत्रों के विस्तार और आधुनिकीकरण से जुड़े नए यूरिया संयंत्रों को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में कुल 54,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार साल 2030 तक घरेलू यूरिया उत्पादन में 25 फीसदी की बढ़ोतरी लाने की योजना पर काम कर रही है। इस दिशा में 6 नए संयंत्रों में निवेश को दिखाई गई हरी झंडी अहम भूमिका निभाएगी। गौर करने वाली बात यह है कि आगामी चार सालों में इन नए संयंत्रों में यूरिया उत्पादन शुरू हो सकता है। हालांकि घरेलू उत्पादन के मोर्च पर विदेशी कच्चे माल पर निर्भरता एक चुनौती की तरह देखी जाती है।