उत्तराखंड में गन्ना का उत्पादन एक साल में ही 8.46 लाख टन लुढ़क गया है। दूसरी तरफ वर्तमान में प्रदेश के हजारों किसान गन्ना भुगतान के इंतजार में है। यह जानकारी एक आरटीआई के हवाले से सामने ाई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में गन्ना का उत्पादन 2024-25 के दौरान 75.36 लाख टन दर्ज किया गया, जो 2025-26 में गिरकर 66.90 लाख टन रह गया।
गन्ने का रकबा और उत्पादकता भी घटी
आरटीआई में मिले जवाब के मुताबिक, गन्ने की खेती का रकबा 2024-25 में 90,364.93 हेक्टेयर था, जो 2025-26 में घटकर 88,603.05 हेक्टेयर रह गया। वहीं, औसत उत्पादकता 834 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से घटकर 755 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हो गई। हरिद्वार 43.10 लाख टन उत्पादन के साथ राज्य का सबसे बड़ा गन्ना उत्पादक जिला रहा। ऊधम सिंह नगर में 16.55 लाख टन, देहरादून में 2.83 लाख टन और नैनीताल में 1.04 लाख टन उत्पादन दर्ज किया गया।
इकबालपुर मिल पर 162.23 करोड़ रुपये बकाया
आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार, इकबालपुर चीनी मिल पर किसानों का कुल 162.23 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें 2018-19 पेराई सत्र का 106.04 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान और 7.5 प्रतिशत की दर से करीब 56.19 करोड़ रुपये ब्याज शामिल है। इसी तरह कई मिलों पर गन्ना भुगतान का बकाया है।
गन्ने की खेती घटने की ये बताई वजहें
सरकारी जानकारी के मुताबिक, शहरीकरण, मजदूरों की कमी, बाजार में कीमतों में गिरावट, चीनी मिलों का बंद होना और भुगतान में देरी गन्ने की खेती में गिरावट की अहम वजहे हैं। इन कारकों की वजह से किसान दूसरी फसलों की ओर रुख करने पर विचार कर रहे हैं। दूसरी तरफ ऊधम सिंह नगर के सहायक गन्ना आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने जिले में उत्पादन बढ़ने की बात कही। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और ओलावृष्टि से गदरपुर और बाजपुर के किसानों को नुकसान हुआ है, जबकि जिले में भुगतान समय पर किया जा रहा है।