उत्तर प्रदेश सरकार चालू पेराई सत्र के लिए गन्ने के राज्य परामर्शित मूल्य में 20 से 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार यह कदम उठा सकती है।
शुरुआती और सामान्य किस्मों के दाम में हो सकती है बढ़ोतरी
गन्ना विकास विभाग के सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि प्रस्ताव मंजूर होने पर गन्ने की शुरुआती किस्मों का एसएपी बढ़कर 420 से 430 रुपये प्रति क्विंटल हो सकता है। वहीं, सामान्य किस्मों के लिए यह दर 410 से 420 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच सकती है। इससे पहले प्रेदश सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 में गन्ने के एसएपी में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी। हालांकि, इस बार प्रस्तावित बढ़ोतरी पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
किसान संगठनों ने 50 से 100 रुपये बढ़ाने की मांग की
किसान प्रतिनिधियों ने गन्ने के दाम में 50 से 100 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ोतरी की मांग की है। उनका कहना है कि खेती की लागत, मजदूरी और सिंचाई पर खर्च बढ़ रहा है। इसके अलावा गन्ने का भुगतान मिलने में देरी और फसल की लंबी अवधि भी किसानों के लिए चुनौती बनी हुई है। गन्ना विकास विभाग के सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में गन्ने का रकबा घटा है। वर्ष 2025-26 में राज्य में गन्ने का रकबा 28.61 लाख हेक्टेयर था, जो 2026-27 में घटकर 28.14 लाख हेक्टेयर रह गया। इस तरह एक साल में गन्ने के रकबे में करीब 47 हजार हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है।
चीनी मिल मालिकों ने बढ़ोतरी का किया विरोध
दूसरी ओर, चीनी मिल मालिकों ने गन्ने के दाम में एक और बढ़ोतरी का विरोध किया है। उनका कहना है कि चीनी की रिकवरी दर में सालाना आधार पर करीब 0.5 प्रतिशत अंक की गिरावट आई है। रिकवरी दर कम होने का मतलब है कि एक क्विंटल गन्ने से पहले के मुकाबले कम चीनी निकल रही है। इससे मिलों की कमाई और मुनाफे पर दबाव पड़ता है। मिल मालिकों के मुताबिक, उत्पादन कम होने के बावजूद उन्हें सरकार की ओर से तय एसएपी के अनुसार किसानों को भुगतान करना पड़ता है।
सरकार ने 3.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक भुगतान का किया दावा
प्रदेस सरकार ने गन्ना किसानों को समय पर भुगतान तय करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। सरकार के दावे के मुताबिक, वर्ष 2017 से अब तक गन्ना किसानों को 3.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चीनी मिलों ने सितंबर तक पेराई सत्र 2025-26 के कुल गन्ना बकाये का 95 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया था। इस दौरान मिलों पर कुल बकाया देनदारी 34,500 करोड़ रुपये से अधिक थी।