Home›Khabar Junction›
Weather Deteriorate From Up Bihar To Mountains With Thunderstorms And Rain In Delhi As Well
बंगाल की खाड़ी का डिप्रेशन दिखाएगा असर: यूपी-बिहार से पहाड़ों तक बिगड़ेगा मौसम, दिल्ली में भी आंधी-बारिश
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 26 Sep 2026 08:10 AM IST
सार
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली में भी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और पहाड़ी राज्यों में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है।
सितंबर के आखिरी सप्ताह में भी कई इलाकों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। दक्षिण ओडिशा और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। अगले 12 घंटे में इसके कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है।
दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। रविवार को भी मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 28 सितंबर को हल्की बारिश का अनुमान है।
यूपी में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का असर ज्यादा रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी यूपी में बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं। रविवार को भी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में भी बारिश का दौर
बिहार में पिछले दो दिनों से बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बिहार और झारखंड में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तेज हवाएं
पंजाब में शनिवार और रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी शनिवार और रविवार को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश
मध्य प्रदेश में शनिवार को भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में रविवार को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 28 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
ओडिशा और बंगाल में तेज बारिश
गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में शनिवार को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। ओडिशा में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में 1 अक्टूबर तक बारिश
अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम और मेघालय में 1 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शनिवार को पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भी भारी बारिश
उत्तराखंड में 28 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। शनिवार और रविवार को कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में शनिवार को भारी बारिश और रविवार को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। 28 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी शनिवार को मौसम खराब रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।